प्रशांत किशोर की जीत और बिहार की बदलती राजनीति
यह जीत सिर्फ एक चुनावी नतीजा नहीं है, बल्कि बिहार में बदलते राजनीतिक समीकरणों का संकेत भी है।
बिहार की राजनीति में 3 अगस्त 2026 एक ऐतिहासिक तारीख बन गई, जब राजधानी पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर बीजेपी का तीन दशक पुराना गढ़ ढह गया। जन सुराज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष प्रशांत किशोर ने बीजेपी के नीरज कुमार को 19,324 मतों से हराकर न सिर्फ एक सीट जीती, बल्कि राज्य की राजनीतिक दिशा पर नई बहस भी छेड़ दी। प्रशांत किशोर को कुल 64,151 वोट मिले, जो कुल मतों का 49.2 प्रतिशत है। वहीं बीजेपी उम्मीदवार नीरज कुमार को 44,827 वोट प्राप्त हुए। यह जीत सिर्फ एक चुनावी नतीजा नहीं है, बल्कि बिहार में बदलते राजनीतिक समीकरणों का संकेत भी है।
2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में बीजेपी के नितिन नवीन ने राजद की रेखा कुमारी को बांकीपुर सीट से बड़े अंतर से हराया था। लेकिन नितिन नवीन के राज्यसभा के लिए चुने जाने और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने के बाद यह सीट खाली हो गई। इसी वजह से यहां उपचुनाव कराया गया।
जन सुराज पार्टी, जो 2025 के विधानसभा चुनाव में एक भी सीट नहीं जीत सकी थी, उसके लिए यह उपचुनाव अपनी राजनीतिक प्रासंगिकता साबित करने का बड़ा अवसर था। प्रशांत किशोर के लिए भी यह चुनाव खुद को एक गंभीर राजनीतिक विकल्प के रूप में स्थापित करने की परीक्षा था।
बांकीपुर हमेशा से बीजेपी की प्रतिष्ठित शहरी सीट मानी जाती रही है। 1995 के बाद से यह सीट लगातार बीजेपी के पास रही थी। ऐसे में इस बार की हार पार्टी के लिए केवल चुनावी झटका नहीं, बल्कि प्रतिष्ठा का सवाल भी बन गई। बीजेपी ने इस सीट को बचाने के लिए पूरी ताकत झोंक दी थी। पहले पार्टी ने अभिषेक कुमार सिन्हा उर्फ “बंटी” को उम्मीदवार बनाया, लेकिन उन्होंने अंतिम क्षण में पारिवारिक कारणों से नामांकन वापस ले लिया। इसके बाद नीरज कुमार को मैदान में उतारा गया। चुनाव प्रचार में बीजेपी की तरफ से कोई ढिलाई नहीं दिखाई दी। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी जैसे वरिष्ठ नेताओं के साथ भोजपुरी गायक-अभिनेता पवन सिंह और लोकगायिका मैथिली ठाकुर जैसे लोकप्रिय चेहरे भी प्रचार में उतारे गए। इसके बावजूद पार्टी अपनी सुरक्षित मानी जाने वाली सीट को बचा नहीं सकी। इससे यह सवाल उठना स्वाभाविक है कि क्या बीजेपी ने इस सीट को बहुत अधिक सुरक्षित मानकर रणनीतिक चूक कर दी?
बीजेपी पर उम्मीदवार चयन को लेकर भी सवाल उठे। आलोचकों का कहना है कि पार्टी ऐसा चेहरा नहीं उतार सकी, जो प्रशांत किशोर के सामने मजबूत और विश्वसनीय विकल्प के रूप में खड़ा हो पाता। इसके अलावा, चुनाव के दौरान पार्टी के कुछ नेताओं के बयान भी विपक्ष के निशाने पर रहे। “बीजेपी कुत्ता-बिल्ली किसी को भी टिकट दे दे, वह जीत जाएगा” जैसे बयान ने यह धारणा बनाई कि पार्टी इस सीट को अपनी जागीर समझ रही थी। ऐसे बयानों का असर मतदाताओं के मन पर पड़ा हो, यह संभावना भी नजरअंदाज नहीं की जा सकती।
प्रशांत किशोर ने इस चुनाव को पूरी तरह मुद्दों पर केंद्रित रखा। उनके प्रचार में शिक्षा, रोजगार, बाढ़, पलायन और बिहार के विकास जैसे सवाल लगातार केंद्र में रहे। यही वजह है कि उनकी जीत को कई लोग सिर्फ एक उम्मीदवार की जीत नहीं, बल्कि मुद्दों की राजनीति की स्वीकृति के रूप में देख रहे हैं। हाल के दिनों में पटना युवा आंदोलनों का केंद्र भी बना रहा, खासकर नीट पेपर लीक और पुलिस-प्रशासन के कथित कठोर रवैये को लेकर। ऐसे में यह भी संभव है कि युवा वोटरों का एक बड़ा हिस्सा पारंपरिक दलों से दूरी बनाता दिखा हो। इस चुनाव में आरजेडी तीसरे स्थान पर खिसक गई, जो उसके लिए निश्चित रूप से चिंता का विषय है।

हालांकि, इसका यह अर्थ नहीं निकाला जा सकता कि बिहार में आरजेडी का राजनीतिक अस्तित्व समाप्त हो गया है। राजद के पारंपरिक वोट बैंक में सेंध जरूर लगी है, लेकिन किसी एक उपचुनाव के आधार पर किसी पार्टी के भविष्य का अंतिम निष्कर्ष नहीं निकाला जा सकता। बांकीपुर ऐसी सीट रही है जो, जब राजद अपने चरम पर थी, तब भी बीजेपी के कब्जे में ही थी।
इस जीत के बाद एक और बहस तेज हो गई है। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और बिहार में तेजस्वी यादव लगातार मतदाता सूची, कथित वोट चोरी और चुनाव आयोग की निष्पक्षता जैसे मुद्दे उठाते रहे हैं। ऐसे में बीजेपी और सत्ता पक्ष यह कह सकते हैं कि यदि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह पक्षपातपूर्ण होती, तो विपक्षी दलों को जीत कैसे मिलती? लेकिन इससे यह सवाल समाप्त नहीं हो जाता कि चुनावी प्रक्रिया की निष्पक्षता का मूल्यांकन केवल कुछ सीटों के नतीजों से नहीं, बल्कि पूरे चुनावी ढांचे और उपलब्ध साक्ष्यों से किया जाना चाहिए।
बांकीपुर उपचुनाव यह दावा नहीं करता कि बिहार की राजनीति पूरी तरह बदल गई है। एक उपचुनाव के आधार पर इतने बड़े निष्कर्ष निकालना जल्दबाजी होगी। लेकिन इतना तय है कि इस चुनाव ने कई स्थापित राजनीतिक धारणाओं को चुनौती दी है। तीन दशक से सुरक्षित मानी जा रही सीट पर बीजेपी की हार, जन सुराज की पहली बड़ी चुनावी सफलता, आरजेडी का तीसरे स्थान पर खिसकना और शिक्षा, रोजगार, बाढ़ तथा पलायन जैसे मुद्दों का केंद्र में आना,
ये सभी संकेत बताते हैं कि बिहार की राजनीति एक नए दौर की दहलीज़ पर खड़ी है। अब यह बदलाव स्थायी साबित होगा या नहीं, इसका जवाब आने वाले चुनाव देंगे। लेकिन बांकीपुर ने यह संदेश जरूर दे दिया है कि अब कोई भी गढ़ अजेय नहीं माना जा सकता।