पाकिस्तान के कोहाट में मस्जिद के पास धमाका, 16 की मौत, 50 से ज्यादा घायल
अभी तक किसी भी संगठन या व्यक्ति ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शुक्रवार को एक मस्जिद के पास हुए भीषण विस्फोट में कम से कम 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 50 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। स्थानीय मीडिया ने अधिकारियों के हवाले से यह जानकारी दी है।
यह धमाका खैबर पख्तूनख्वा की राजधानी पेशावर से करीब 60 किलोमीटर दक्षिण-पश्चिम में स्थित कोहाट जिले की पुरानी पुलिस लाइंस के पास हुआ। अधिकारियों के मुताबिक, विस्फोट के समय मस्जिद में जुमे की नमाज पढ़ी जा रही थी।
‘Anadalu Agency’ की रिपोर्ट के अनुसार,
धमाका इतना शक्तिशाली था कि मस्जिद के बाहर एक बड़ा गड्ढा बन गया। घायलों में कई पुलिसकर्मी भी शामिल हैं। सभी घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है और घटनास्थल की ओर जाने वाली सड़कों को बंद कर दिया गया है।
रेस्क्यू 1122 खैबर पख्तूनख्वा के प्रवक्ता बिलाल अहमद फैजी ने बताया कि,
विस्फोट की सूचना मिलते ही आपातकालीन टीमों को घटनास्थल पर भेज दिया गया। बचाव अभियान जारी है और अधिकारी स्थिति का आकलन कर रहे हैं।
घटनास्थल को लेकर शुरुआती रिपोर्टों में अलग-अलग जानकारी सामने आई। बचाव अधिकारियों ने पहले कहा था कि धमाका पुरानी पुलिस लाइंस के पास हुआ, जबकि खैबर पख्तूनख्वा के पुलिस महानिरीक्षक जुल्फिकार हमीद ने बताया कि विस्फोट पुलिस लाइंस परिसर के भीतर स्थित मस्जिद में हुआ।
पुलिस के अनुसार,
एक आत्मघाती हमलावर ने स्पेशल ब्रांच की इमारत के पास विस्फोट किया। शुरुआती रिपोर्टों में विस्फोटकों से लदे वाहन के पुलिस लाइंस से टकराने की आशंका भी जताई गई है। हालांकि, हमले की सटीक प्रकृति की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
अभी तक किसी भी संगठन या व्यक्ति ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है।
जिला मुख्यालय अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक ताहिर अली शाह के हवाले से जियो न्यूज ने बताया कि विस्फोट के बाद 16 शव और 50 से अधिक घायलों को अस्पताल लाया गया।
पुलिस के अनुसार, घायलों में ज्यादातर नमाज़ी हैं। विस्फोट इतना शक्तिशाली था कि मस्जिद के बाहर एक बड़ा गड्ढा बन गया।
रेस्क्यू 1122 खैबर पख्तूनख्वा के प्रवक्ता बिलाल अहमद फैज़ी ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही बचाव दल मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। उन्होंने बताया कि कई घायलों को शुरुआती इलाज के लिए आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है।
बचाव दल अब भी घटनास्थल पर मौजूद हैं और स्थिति का आकलन कर रहे हैं। पुलिस के बयान में कहा गया है कि विस्फोट के बाद हथियारबंद हमलावरों और सुरक्षाबलों के बीच गोलीबारी शुरू हो गई। पुलिस महानिरीक्षक ने कोहाट के क्षेत्रीय पुलिस अधिकारी को घटना की विस्तृत रिपोर्ट सौंपने और घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है।
पाकिस्तान के गृह मंत्रालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर कोहाट में पुलिस परिसर के पास विस्फोट की पुष्टि करते हुए मृतकों के प्रति शोक व्यक्त किया। हालांकि, मंत्रालय ने हताहतों की आधिकारिक संख्या नहीं बताई।
खैबर पख्तूनख्वा के मुख्यमंत्री सोहेल अफरीदी और राज्यपाल फैसल करीम कुंडी ने भी हमले की निंदा करते हुए पीड़ित परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। अभी तक किसी भी संगठन ने हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। खैबर पख्तूनख्वा में पिछले कुछ वर्षों से लगातार आतंकवादी हमले हो रहे हैं और यह धमाका ऐसे समय हुआ है, जब प्रांत में सुरक्षा को लेकर गंभीर चिंताएं बनी हुई हैं।
मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक इस हमले को लेकर पाकिस्तानी तालिबान पर संदेह जताया जा रहा है, जिसे आधिकारिक तौर पर तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के नाम से जाना जाता है।
पिछले कुछ वर्षों में TTP ने सुरक्षाकर्मियों और आम नागरिकों पर हमले तेज किए हैं। वर्ष 2023 में एक आत्मघाती हमलावर ने खैबर पख्तूनख्वा प्रांत की राजधानी पेशावर स्थित एक मस्जिद में हमला किया था, जिसमें 101 लोगों की मौत हो गई थी।
यह संगठन अफगानिस्तान के तालिबान से स्वतंत्र रूप से काम करता है, लेकिन उसके साथ गठबंधन बनाए हुए है। अफगान तालिबान वर्ष 2021 में दोबारा सत्ता में लौटा था। पाकिस्तान लगातार काबुल पर TTP को पनाह देने और सीमा पार से किए जाने वाले आतंकी हमलों की अनदेखी करने का आरोप लगाता रहा है। हालांकि, अफगान सरकार ने इन आरोपों को खारिज किया है।
नोट : यह खबर अभी अपडेट की जा रही है।