Booker Prize: जब दुनिया को समझना मुश्किल हो जाए, तब कैसे जिएँ? 'द एंड ऑफ़ एवरीथिंग' इसी कोशिश का नाम है
फ़िलिप की रोज़ी दूसरों की छोड़ी हुई चीज़ों से चलती थी और फिर एक रोज़ वह ख़ुद किसी के लिए कुछ छोड़कर जा रहा था शायद इसी तरह जीवन का चक्र चलता है।
“क्या सितम है कि एक रोज़ हम मर जाएंगे”
समुद्र के किनारे एक औरत किराने का सामान लिए चली जा रही है। उसके थैले का एक हत्था टूटा हुआ है। रास्ते में उसे फ़िलिप टेनेंट मिलता है। उसकी बाँह के नीचे चिथड़ों में लिपटी एक चीज़ है, जो उसे पानी में मिली है। औरत पूछती है कि आज समुद्र कैसा है। फ़िलिप के मुँह से निकलता है कि एक दिन वह बोलने लगेगा। उसे ख़ुद नहीं मालूम कि उसने ऐसा क्यों कहा। दोनों हँस पड़ते हैं। एम. जॉन हैरिसन के उपन्यास द एंड ऑफ़ एवरीथिंग में दुनिया के अंत का अंदाज़ा ऐसी ही एक मुलाक़ात से मिलता है। कुछ बहुत बड़ा घट चुका है और लोग अब भी किराने का सामान घर ले जा रहे हैं।

इसी उपन्यास को 9 नवंबर 2026 को लंदन में बुकर पुरस्कार मिला है। 81 वर्ष की उम्र में हैरिसन पुरस्कार के इतिहास में सबसे उम्रदराज़ विजेता बने है। छह दशकों से लिख रहे ब्रिटिश लेखक का यह तेरहवाँ उपन्यास है। बुकर की अंतिम सूची में शामिल छह है में यह सबसे छोटी है थी। निर्णायकों ने इसे सर्वसम्मति से चुना। निर्णायक मंडल की अध्यक्ष मैरी बियर्ड ने कहा कि हैरिसन भविष्य की दुनिया के ज़रिए हमारे वर्तमान की राजनीति को देखते हैं। उन्हें इस बेचैन करने वाली किताब में उम्मीद की एक हल्की-सी झलक भी मिली।
कहानी निकट भविष्य के इंग्लैंड की है जिस समय एक रहस्यमय आपदा को बीते बरसों हो चुके हैं। सरकारी व्यवस्था बमुश्किल चल रही है, समुद्र में अनजाने जीव दिखाई देते हैं और महाद्वीपीय यूरोप से इंग्लैंड का रिश्ता एक अबूझ पहेली सा बन चुका है। इस बदली हुई दुनिया में ‘आईघेटी’ नाम की रहस्यमय entity भी हैं जो कि उस बदलाव का प्रतीक हैं, जो होकर ही रहना है, क्योंकि बदलाव ही वह चीज़ है जो कि स्थायी है। अब इस बात को न भी हज़म कर पाएँ, तब भी ये हमारे बस में नहीं कि हम उसे होने से रोक पाएँ।। फ़िलिप समुद्र की लहरों में बह कर आए सामान को बेचकर गुज़ारा करता है और एक बार उसे ऐसी चीज़ मिलती है जो लगातार अपना रूप बदलती है और धीरे-धीरे इंसानी व्यवहार की नकल करने लगती है। फ़िलिप को लगता है कि इसका कोई ख़रीदार मिलेगा और इसी उम्मीद में वह उसे लेकर तट से दूर जाता है। प्रकृति हर भूखे को पेट भरने का मौका देती ही है।
फ़िलिप की मौसी मार्नी चित्रकार हैं और बचपन में फ़िलिप अपनी छुट्टियाँ उन्हीं के घर बिताता था। आपदा के बाद दोनों ने उन्हीं दिनों को याद करके कुछ सुकून पाया था। फ़िलिप समुद्र से मिली चीज़ लेकर उनके दरवाज़े पर जाता है हालाँकि मार्नी ने उसे पहले ही मना किया था कि वह ऐसी कोई चीज़ घर न लाए पर वह फिर भी उसे अंदर आने देती हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि उसे भूख लगी होगी और थोड़ी देर बाद दोनों बारिश की आवाज़ सुनते हुए टोस्ट और बीन्स खाते हैं उसी तरह जैसे मीर अनीस के मर्सिये हमें सिखाते हैं कि सेहरी हम पर फ़र्ज़ है और मनःस्थिति तथा परिस्थितियाँ कैसी भी हों, पर ‘लाइफ़ मस्ट गो ऑन’।
उसी शाम मार्नी एक लाल सीने वाली चिड़िया का ज़िक्र करती हैं, जो सुबह चींटियाँ खाने उनकी रसोई में चली आई थी। वह बता सकती हैं कि चिड़िया कहाँ-कहाँ बैठी, लेकिन उसका नाम उन्हें याद नहीं आता। फ़िलिप उन्हें बताता है कि वह रॉबिन है और उनके बगीचे में ऐसी चिड़ियाँ हमेशा से आती रही हैं। मार्नी की अपनी स्मृति और बाहर की बदलती दुनिया इस दृश्य में एक-दूसरे के करीब आ जाती हैं। जिस कहानी में लोग एक पूरी आपदा को समझने की कोशिश कर रहे हैं, वहाँ किसी परिचित चिड़िया का नाम याद करना ऐसा है जैसे अपनी मौजूदगी को याद करना अपने अनुभवों के माध्यम से कि हमने अपनी इन्हीं नज़रों से भरपूर देखा उस दुनिया को, जो तिल-तिल करके ख़त्म हो रही थी या वैसी तो बिल्कुल भी नहीं बची थी जैसा कि हम उसे जानते थे।
हैरिसन के मुताबिक, उपन्यास की शुरुआती प्रेरणा 2008 का वित्तीय संकट था। उनकी दिलचस्पी इस बात में थी कि जब किसी समाज के पास अपने ही अनुभवों को समझाने के लिए भरोसेमंद जवाब कम पड़ जाएँ, तब लोग कैसे जीते हैं। इसे समाज के संभ्रांत वर्ग के उस डर की तरह भी देखा जा सकता है, जो उन्हें उस दौर की कल्पना करने से लगता है जब उनके पास वे सब प्रिविलेज नहीं रहेंगे, जिनके वे कई पीढ़ियों से आदी हो चुके हैं और उसे अपने हक़ की तरह देखते हैं, जबकि ये हक़ ‘नैचुरल जस्टिस’ के दायरे में आता ही नहीं। इन व्याख्याओं के बीच हैरिसन के पात्रों की चिंता रोज़मर्रा की है और उन्हें तय करना है कि किस पर भरोसा किया जाए, कहाँ रहा जाए और कल का गुज़ारा कैसे हो।
द गार्जियन में मिशेल फ़ेबर ने हैरिसन के सटीक वर्णनों और उनके बीच छोड़ी गई ख़ामोशियों पर ध्यान दिया। उन्हें कुछ संवादों में पात्रों से ज़्यादा लेखक की दार्शनिक आवाज़ भी सुनाई दी। प्रकाशित अंश में इस शैली का असर समुद्र किनारे दिखाई देता है। हवा में उड़ती सफ़ेद रेत का दृश्य साफ़ है, लेकिन फ़िलिप को पानी के ऊपर जिस विशाल चीज़ के आने का आभास होता है, उसके बारे में पाठक भी उतना ही जानता है जितना वह। दृश्य की बारीकी उस अनिश्चितता को और गहरा करती है।

तट से जाते समय फ़िलिप एक अजनबी औरत से कहता है कि उसके पीछे जो सामान छूट जाए, उसे वे काम में ले सकती हैं। फ़िलिप की रोज़ी दूसरों की छोड़ी हुई चीज़ों से चलती थी और फिर एक रोज़ वह ख़ुद किसी के लिए कुछ छोड़कर जा रहा था शायद इसी तरह जीवन का चक्र चलता है। मैरी बियर्ड ने जिस उम्मीद की बात की, उसकी एक झलक यहीं है। फ़िलिप को आने वाली दुनिया के बारे में बहुत कम मालूम है पर इतना वह जानता है कि उसके जाने के बाद किसी को उसके सामान की ज़रूरत पड़ सकती है। मानव सभ्यता की शुरुआत इसी को कहा गया था जब किसी ने किसी की मदद की थी।
"डुबोया मुझको होने ने, जो न मैं होता तो क्या होता"
Varun Kant Sharma
वरुण कांत शर्मा 'द क्रेडिबल न्यूज़' में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं।