राहुल गांधी ने कसा गोदी मीडिया पर तंज़, प्रधानमंत्री मोदी फिर से दी खुली बहस की चुनौती
उन्होंने इस बातचीत के दौरान यह दावा किया कि ऐसी बहस के बाद मोदी प्रधानमंत्री अपने पद पर नहीं बने रह पाएँगे।
लोकसभा के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी से हाल ही में कई स्पष्ट और तीखे सवाल पूछकर हल्के सर्द होते मौसम में एक सरगर्मी-सी पैदा कर दी है। आज इंस्टाग्राम पर एक ‘आस्क मी’ इंटर-एक्टिव सेशन में सवालों के जवाब देते हुए राहुल गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को आमने-सामने बैठ कर सार्वजनिक बहस करने के लिए चुनौती दी। उन्होंने इस बातचीत के दौरान यह दावा किया कि ऐसी बहस के बाद प्रधानमंत्री मोदी अपने पद पर नहीं बने रह पाएँगे। कांग्रेस पार्टी के द्वारा एक्स अकाउंट पर साझा किए गए एक वीडियो में राहुल गांधी ने यह आरोप भी लगाया है कि प्रधानमंत्री उनका फ़ोन टैप करवा रहे हैं। हालाँकि इन आरोपों की जाँच अभी की जानी बाकी है, फिर भी यदि यह सच है तो यह मामला बेहद गंभीर है तथा इसकी जाँच की जानी चाहिए।
राहुल गांधी ने एक्स पर साझा एक अन्य वीडियो में भारतीय जनता पार्टी के दिवाली मिलन कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री के कथित टेलीप्रॉम्प्टर इस्तेमाल पर भी सवाल उठाया है। वे इस वीडियो में तंज़ की शैली में ये कहते हुए नज़र आ रहे हैं कि अपने परिचित मंच पर और अपने ही द्वारा बुलाए गए पत्रकारों के बीच भी बात करने के लिए मोदी जी को स्क्रिप्ट की ज़रूरत क्यों आन पड़ी। इसके बाद उन्होंने इसे अपनी बहस की चुनौती से जोड़ते हुए कहा कि प्रधानमंत्री चाहें तो उनके साथ बहस में भी टेलीप्रॉम्प्टर ले आएँ और निर्णायक अपनी पसंद का चुन लें। 12 नवंबर को हुए इस कार्यक्रम में प्रधामन्त्री मोदी ने पत्रकारों के साथ अपने पुराने संबंधों को याद किया था और ये संस्मरण साझा किया था कि एक दौर में वह ऐसे आयोजनों में पत्रकारों के लिए कुर्सियाँ लगाया करते थे।
दिवाली मिलन पर की गई यह टिप्पणी, राहुल गांधी की लगातार दोहराई जा रही एक माँग है कि अब प्रधानमंत्री तैयार भाषणों से आगे बढ़कर सीधे सवालों का जवाब दें। आज के इंस्टाग्राम सत्र में उन्होंने अपनी पसंद का एक प्रारूप भी बताया कि एक मेज़ के दोनों ओर प्रधानमंत्री और नेता प्रतिपक्ष बैठें, दोनों एक-दूसरे से सवाल करें और लंबे भाषणों की जगह सीधे जवाब दें। राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें गौतम अडानी या राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के प्रमुख मोहन भागवत को निर्णायक बनाए जाने पर भी आपत्ति नहीं होगी।
फ़ोन टैपिंग से संबंधित वीडियो जो कांग्रेस द्वारा जारी किया गया उसमें राहुल गांधी ने कहा कि उनके आरोपों से जुड़े सबूत उनके फ़ोन में हैं और प्रधानमंत्री को उनकी जानकारी है क्योंकि, उनके मुताबिक, उनका फ़ोन टैप किया जा रहा है। राहुल ने यह भी दावा किया कि आमने-सामने की बहस से सरकार की नीतियों के विरोध में किए जा रहे आंदोलनों में विदेशी प्रभाव को लेकर लगाए जा रहे आरोपों की असलियत भी सामने आ जाएगी।
इंस्टाग्राम पर जब राहुल जी से पूछा गया कि वह संसद के बाहर बहस पर क्यों ज़ोर दे रहे हैं, तो उन्होंने यह कहा कि सदन में उन्हें कई मुद्दों पर बोलने नहीं दिया जाता और उनका माइक बंद किया कर दिया जाता है। उन्होंने कृषि कानूनों, मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR, चीन और पूर्व सेना प्रमुख जनरल एम.एम. नरवणे की किताब का भी ज़िक्र किया।
कुछ हफ्तों पहले गुजरात के एकता नगर में एक कार्यक्रम के दौरान मोदी जी ने विपक्ष पर विकास में बाधा डालने का आरोप लगाया था और कहा था कि देश को बाँटने की कोशिश करने वाली ताक़तों तथा विदेश में होने वाली गोपनीय मुलाक़ातों पर नज़र रखी जानी चाहिए। उस वक़्त राहुल गांधी ने एक्स पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया था कि प्रधानमंत्री मोदी को सत्ता तक पहुँचने और उसमें बने रहने में विदेशी मदद मिली है । उसी पोस्ट में उन्होंने प्रधानमंत्री को किसी भी मंच पर खुली बहस की चुनौती भी दी थी ।
इस मामले पर वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने कहा कि बहस के लिए संसद का मंच पहले से मौजूद है और नेता प्रतिपक्ष को वहाँ अपने आरोपों के समर्थन में ठोस साक्ष्य रखने चाहिए। इससे पहले अमित शाह भी कह चुके हैं कि राहुल गांधी प्रधानमंत्री को पत्र लिखें । उन्होंने मतदाता सूची के पुनरीक्षण पर चर्चा के लिए संसद का विशेष सत्र बुलाने की तत्परता भी जताई। शाह ने साथ ही राहुल की वियतनाम यात्रा के उद्देश्य और वहाँ हुई मुलाक़ातों पर सवाल उठाए। उनका प्रस्ताव SIR पर संसदीय चर्चा का था। राहुल गांधी की माँग प्रधानमंत्री के साथ सीधे सार्वजनिक सवाल-जवाब की है।
अब तक दोनों पक्षों के बीच बहस के मंच पर सहमति नहीं बनी है । फोन टैपिंग तथा विदेशी फंडिंग के आरोप गंभीर हैं और उन पर जांच की ही जानी चाहिए तथा सभी तथ्य देश के नागरिकों के समक्ष लाए जाने चाहिए। बहरहाल सार्वजनिक बहस के निमंत्रण को प्रधानमंत्री स्वीकार करते हैं या नहीं, यह आने वाले दिनों में देखना होगा।