Politics

अदाणी पावर लिमिटेड में 56 दिन से चल रहा धरना: अदाणी की हिन्दू कर्मचारियों पर अप्रत्यक्ष हिंसा

Pro. Hemantkumar Shah Pro. Hemantkumar Shah | 10h ago · 4 min read
अदाणी पावर लिमिटेड में 56  दिन से चल रहा धरना: अदाणी की हिन्दू कर्मचारियों पर अप्रत्यक्ष हिंसा

इस कंपनी के मालिक गौतम अदाणी हैं। वे जैन हैं। जैन धर्म में किसी को परेशान करना भी हिंसा माना गया है। ये कर्मचारी परेशान हो रहे हैं, इसलिए जैन धर्म की दृष्टि से तो यह गौतम अदाणी द्वारा की जा रही अप्रत्यक्ष हिंसा ही कही जाएगी।

अदाणी पावर लिमिटेड में गुजरात के कच्छ क्षेत्र में मज़दूर धरने पर बैठ गए हैं। अदाणी पावर के स्थायी कर्मचारियों और तकनीकी कर्मचारियों ने अनिश्चितकालीन धरना दिया है. उन का धरना पिछले ५५ दिन से लगातार चल रहा है. आज धरने को ५६ दिन हो गए. यह धरना मुख्य रूप से नौकरी की सुरक्षा, वेतन भुगतान व्यवस्था की सुरक्षा, तबादला नीति और वेतन वृद्धि की मांगों पर केंद्रित है।

धरने पर बैठे कर्मचारियों की माँगों में से एक प्रमुख माँग यह है कि आउटसोर्सिंग और कंपनी के पे रोल से हटाए जाने की प्रक्रिया पर रोक लगाई जाए। कर्मचारियों ने प्रबंधन द्वारा स्थायी कर्मचारियों पर कंपनी के पे-रोल से इस्तीफा देने और तीसरे पक्ष के ठेकेदारों या 'बिजनेस पार्टनर' के पे-रोल पर जाने के लिए दबाव डालने की प्रक्रिया को तत्काल रोकने की मांग की है. उनका कहना है कि कम्पनी जो स्थायी कर्मचारी है उन को भी अब ठेकेदारी पर लेना चाहती है जो कि कर्मचारियों के हित में नहीं है।
https://thegujaratreport.com/adani-power-mundra-employee-protest/


इसके अलावा उन्होंने दूसरे राज्यों में जबरन तबादलों पर रोक लगाने की भी मांग की है. कर्मचारियों ने दूसरे राज्यों में अनैच्छिक तबादलों का विरोध किया और एक स्पष्ट तथा निष्पक्ष तबादला नीति बनाने की मांग की है, जिसके तहत स्थानीय कर्मचारियों को मुंद्रा के प्लांट में ही रखा जाए और किसी अन्य प्लांट पर काम करने न भेजा जाए।

५८ वर्ष की आयु तक सेवा जारी रखने की गारंटी देने की मांग भी इस प्रदर्शन की माँगों में शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों ने औपचारिक आश्वासन मांगा है कि स्थायी कर्मचारियों को सेवानिवृत्ति की निर्धारित आयु , जो कि ५८ वर्ष है, तक सीधे अदाणी के पे-रोल पर अपनी सेवा जारी रखने की अनुमति दी जाएगी।

निष्पक्ष और पारदर्शी रूप से वेतन वृद्धि की जाए यह ज़रूरी माँग भी कर्मचारियों के धरने के पीछे एक प्रमुख कारण है । कर्मचारियों ने शून्य प्रतिशत वेतन वृद्धि मिलने के विरोध में प्रदर्शन किया और निष्पक्ष एवं पारदर्शी वार्षिक मूल्यांकन तथा उचित वेतन वृद्धि की व्यवस्था की मांग की।

कर्मचारियों की कमी को पूरा करने की भी एक मांग है. कर्मचारियों ने बताया कि २०१५ के बाद से स्थायी कर्मचारियों की बहुत कम भर्ती होने के कारण मुंद्र प्लान्ट में कर्मचारियों की भारी कमी हो गई है। इसके चलते मौजूदा स्थायी कर्मचारियों को दो शिफ्टों में काम करना पड़ रहा है, जब कि रिक्त पदों को ठेका मजदूरों के माध्यम से भरा जा रहा है।


अदाणी पावर लिमिटेड कंपनी अदाणी समूह की एक महत्त्वपूर्ण कंपनी है और देश में थर्मल बीजली का उत्पादन करने वाली सबसे बड़ी कंपनी है। देश के आठ राज्यों में इसके 16 पावर प्लांट हैं और उनमें 4,200 से अधिक कर्मचारी काम करते हैं। यह 18,150 मेगावाट बीजली का उत्पादन करती है। इसने 2024-25 में 96 अरब यूनिट बीजली बेची थी। पिछले वर्ष इसकी आय 75,865 करोड़ रुपये थी और इसका मुनाफा 12,971 करोड़ रुपये था। इतनी बड़ी कम्पनी के कर्मचारिओं को परेशान किया जा रहा है, क्या यह अप्रत्यक्ष हिंसा नहीं है?

वैसे देखा जाए तो इस कंपनी के मालिक गौतम अदाणी हैं। वे जैन हैं। जैन धर्म में किसी को परेशान करना भी हिंसा माना गया है। ये कर्मचारी परेशान हो रहे हैं, इसलिए जैन धर्म की दृष्टि से तो यह गौतम अदाणी द्वारा की जा रही अप्रत्यक्ष हिंसा ही कही जाएगी। जैन धर्म की पुस्तक 'समण सुत्तं' में लिखा गया है कि, “जिस प्रकार तुम्हें दुःख अच्छा नहीं लगता, उसी प्रकार दूसरों को भी दुःख अच्छा नहीं लगता। सभी को अपने समान मानकर अत्यंत आदर और सावधानी के साथ सभी जीवों पर दया करो।” फिर भी यह अप्रत्यक्ष हिंसा मुनाफे के नाम से और देश के विकास के नाम तले चली आ रही है.

आश्चर्य की बात यह है कि जो यह धरना दे रहा है वह अदाणी पावर (मुंद्रा) कर्मचारी संघ RSS के भारतीय मजदूर संघ (BMS) से जुडा हुआ है. फिर भी इस का सुनने वाला कोई है ही नहीं. क्या गौतम अदाणी एक जैन धर्मी के रूप में हिन्दु कर्मचारियों की शिकायतों पर ध्यान देंगे या केवल मुनाफे पर ही ध्यान देंगे?

भारत के संविधान के अनुच्छेद-२५ के तहत तो गौतम अदाणी जैन होने के बावजूद भी हिन्दू ही है. तो जैन या हिन्दू मालिक ही हिन्दू कर्मचारियो का शोषण कर रहा है- इसी को विकास कहते हैं!

Pro. Hemantkumar Shah

Pro. Hemantkumar Shah

प्रो शाह जाने-माने अर्थशास्त्री हैं और गुजरात में लंबे समय तक अध्यापन के बाद लेखन और सामाजिक कार्यों में सक्रिय हैं।