भारत के एयरस्पेस में घुसे चीनी सेना के जहाज, कांग्रेस ने मोदी सरकार पर उठाए सवाल
रिपोर्ट के मुताबिक विमान 12 नवंबर को करीब 20 से 25 मिनट तक भारतीय सीमा के भीतर रहा
भारत-चीन सीमा पर अरुणाचल के तनाव से आती ख़बरों के बीच एक नई रिपोर्ट सामने आई है। आउटलुक की एक रिपोर्ट के मुताबिक सिक्किम के ऊपर भारतीय हवाई क्षेत्र में एक चीनी सैन्य विमान के दाखिल होने का दावा सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक विमान 12 नवंबर को करीब 20 से 25 मिनट तक भारतीय सीमा के भीतर रहा। काँग्रेस पार्टी ने अपने एक्स हैंडल पर इस मामले पर भारत सरकार से जवाब मांग है की क्यों वायुसेना की चेतावनी के बाद भी चीनी एयरक्राफ्ट के मूवमेंट को नजरंदाज किया गया । हालांकि भारतीय वायुसेना, रक्षा मंत्रालय या विदेश मंत्रालय का ऐसा कोई सार्वजनिक बयान अब तक नहीं सामने आया है जिसमें विमान की पहचान या उसके भारतीय हवाई क्षेत्र में रहने की अवधि की पुष्टि की गई हो। हालांकि ये मामला इसलिए चिंताजनक है क्योंकि जिस इलाके में यह प्लेन देखे जाने का दावा किया गया है वह इलाका सिलीगुड़ी कोरिडोर के बेहद नजदीक है जो की सुरक्षा की दृष्टि से भारत का एक बेहद महत्वपूर्ण हिस्सा है।

किसी विमान का सीमा के पास उड़ना और उसका भारतीय हवाई क्षेत्र में दाखिल होना दो अलग घटनाएँ हैं पर यदि ऐसा हुआ है, तो यह चिंताजनक बात है। हालांकि ये खबर लिखे जाने के समय तक भारतीय वायु सेना की तरफ से इस मामले पर कोई पुष्टि नहीं की गई है पर आउट्लुक पत्रिका के सोर्स ने कहा है की भारतीय वायु सेना ने बारह नवंबर की सुबह 8 बजे 25000 ft के करीब चीनी एयरक्राफ्ट की हरकत भारतीय सीमा में देखी और उन्हे लौट जाने के लिए आगाह भी किया पर चीनी एयरक्राफ्ट भारतीय सीमा में चक्कर लगाता रहा। सिक्किम डोकलाम के पास स्थित है जहाँ 2017 में भारत और चीन की सेनाओ के बीच झड़प हुई थी ।
यह पहली दफा नहीं है जब चीनी एयरक्राफ्ट भारतीय सीमा में नजर आए हों । इसके पहले चीनी विमान भारत के लद्दाख में स्थित आर्मी ठिकानों के पास नजर आए थे और तब भारतीय दूतावास ने इसस मामले को अपने चीनी सहयोगीयो के समक्ष उठाया था। 2020 में भी चीनी हेलिकॉप्टर लाइन ऑफ कंट्रोल के पास नजर आए थे तब भारतीय वायु सेना ने अपने विमान भेज कर उन्हे सीमा से बाहर खदेड़ दिया था इसके अलावा 2017 में भी एक ऐसी वारदात दर्ज की गई थी।
यदि वास्तविक नियंत्रण रेखा के पार विमान के दाखिल होने का पता चलता है, तो उड़ान का वह उल्लंघन तत्काल बंद होना चाहिए। समझौते में विमान संचालित करने वाले पक्ष से घटना की जाँच करने और उसके नतीजे दूसरे पक्ष को राजनयिक माध्यमों या सीमा पर होने वाली बैठकों के ज़रिये बताने की बात भी है। इस मामले में ऐसी किसी जाँच या औपचारिक विरोध की सार्वजनिक पुष्टि अब तक नहीं मिली है। हालांकि विपक्ष ने यह सवाल उठाया है की जब कुछ ही दिन पहले अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री पेमा खांडू द्वारा कहा गया था की बॉर्डर इलाके में सब कुछ सामान्य है तो ये घुसपैठ की खबर किस तरह आई और इसस मामले पर सरकार क्या कड़ा कदम उठाने जा रही है।
हाल के इतिहास में भारत और चीन के बीच 1962 की जंग और 1967 की नाथू ला दर्रे की मुठभेड़ ही ऐसे मामले रहे हैं, जब दोनों परमाणु महाशक्तियों के बीच तनाव की स्थिति थी। हालांकि दोनों देश आपसी समझ के साथ अपने-अपने नागरिकों की बेहतरी के लिए हर मसले का हल बातचीत के ज़रिये निकालने को लेकर प्रतिबद्ध दिखाई दिए हैं और व्यापारिक समझौतों के द्वारा इस बात को ठोस तौर पर रेखांकित भी कर चुके हैं।दोनों देशों के बीच विवादों में रही मैकमोहन रेखा तथा एलएसी को लेकर भी दोनों देशों के नेता अब तक बातचीत से फ़ैसला करने के पक्ष में नज़र आए हैं।
सबसे पहले यह स्पष्ट होना बाकी है कि क्या भारतीय एजेंसियों ने 12 नवंबर को सिक्किम के ऊपर किसी चीनी सैन्य विमान को दर्ज किया था। यदि किया था, तो क्या उसका उड़ान मार्ग भारतीय हवाई क्षेत्र के भीतर था और वह वहाँ कितनी देर रहा? इसके बाद ही यह सवाल उठेगा कि क्या भारत ने मामला चीन के सामने रखा और वहाँ से क्या जवाब मिला। फ़िलहाल तारीख, विमान की पहचान और 20–25 मिनट की अवधि उस दावे का हिस्सा हैं जिसकी पुष्टि अभी बाकी है। आधिकारिक तौर पर किसी टिप्पणी के बाद ही ये देखा जाएगा कि इस मामले की जड़ में क्या है।
Varun Kant Sharma
वरुण कांत शर्मा 'द क्रेडिबल न्यूज़' में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं।