Politics

शिवसेना का नाम और ‘धनुष-बाण’ चुनाव चिन्ह किसका? सुप्रीम कोर्ट में पार्टी की पहचान और दलबदल पर बड़ी बहस

TCN Desk TCN Desk | 9h ago · 4 min read
शिवसेना का नाम और ‘धनुष-बाण’ चुनाव चिन्ह किसका? सुप्रीम कोर्ट में पार्टी की पहचान और दलबदल पर बड़ी बहस

चुनाव आयोग ने 17 फरवरी 2023 को एकनाथ शिंदे गुट को शिवसेना का नाम और ‘धनुष-बाण’ चिह्न देने का फैसला किया था।

शिवसेना के नाम और ‘धनुष-बाण’ चुनाव चिह्न की कानूनी लड़ाई महाराष्ट्र की राजनीति से आगे बढ़कर राजनीतिक दलों के अधिकारों की बहस बन गई है। सवाल है कि किसी पार्टी के अधिकांश विधायक अलग हो जाएं, तो क्या वे पूरी पार्टी पर दावा कर सकते हैं? सुप्रीम कोर्ट में उद्धव ठाकरे और एकनाथ शिंदे गुट के बीच चल रहे विवाद के केंद्र में यही प्रश्न है। गुरुवार, 26 नवंबर को सुनवाई आगे बढ़ने की उम्मीद थी, लेकिन टीवी9 मराठी की रिपोर्ट के अनुसार, आज यह मामला कोर्ट में नहीं सुना जा सका। अब अगले सप्ताह सुनवाई होने की जानकारी दी गई है।


इस विवाद की शुरुआत जून 2022 में हुई थी। एकनाथ शिंदे और उनके समर्थक विधायकों की बगावत के बाद उद्धव ठाकरे के नेतृत्व वाली महा विकास अघाड़ी(MVA) सरकार गिर गई। बाद में एकनाथ शिंदे ने भाजपा के साथ सरकार बनाई। इसके बाद दोनों गुटों ने खुद को असली शिवसेना बताया और पार्टी के नाम तथा चुनाव चिह्न पर दावा किया। चुनाव आयोग ने 17 फरवरी 2023 को एकनाथ शिंदे गुट को शिवसेना का नाम और ‘धनुष-बाण’ चिह्न देने का फैसला किया था। उद्धव ठाकरे गुट ने इसी फैसले को चुनौती दी है।

मामले में दो अलग कानूनी प्रश्न हैं। पहला, पार्टी का नाम और चुनाव चिह्न किस गुट को मिलना चाहिए? दूसरा, एकनाथ शिंदे गुट के विधायकों को दलबदल कानून के तहत अयोग्य ठहराया जाना चाहिए था या नहीं? महाराष्ट्र विधानसभा अध्यक्ष ने इन विधायकों को अयोग्य ठहराने से इनकार किया था। उद्धव ठाकरे गुट ने उस फैसले को भी सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी है। उन्होंने कोर्ट से कहा कि जब कुछ चुनिंदा विधायकों को पार्टी से तोड़ कर जनता द्वारा चुनी गई सरकार को गिराया जा सकता है तो यह मामला अभिव्यक्ति की आजादी का नहीं है बल्कि राजनीतिक द्वेष तथा छल का है।


बुधवार, 25 नवंबर को उद्धव ठाकरे गुट की ओर से वरिष्ठ वकील कपिल सिब्बल ने कोर्ट से कहा कि विधानसभा अध्यक्ष ने विधायकों के बहुमत को मूल राजनीतिक पार्टी की पहचान मानकर संवैधानिक गलती की। उनका तर्क था कि विधायकों की संख्या और पूरे राजनीतिक संगठन का समर्थन एक ही बात नहीं है। उन्होंने चेतावनी दी कि असहमति के नाम पर राजनीतिक निष्ठा बदलने की अनुमति मिलने से चुनी गई सरकारों को योजनाबद्ध ढंग से गिराया जा सकता है।

इस अंतर को सरल भाषा में समझें तो राजनीतिक पार्टी में उसके कार्यकर्ता, सदस्य, पदाधिकारी और संगठन शामिल होते हैं। विधायक दल उस पार्टी के चुने गए विधायकों का समूह होता है। उद्धव ठाकरे गुट का कहना है कि विधायक दल के भीतर बहुमत हासिल कर लेने से पूरे संगठन पर अधिकार नहीं मिल जाता। मई 2023 के अपने फैसले में सुप्रीम कोर्ट ने भी स्पष्ट किया था कि व्हिप(whip) और विधायक दल के नेता की नियुक्ति का अधिकार राजनीतिक पार्टी के पास होता है।

एकनाथ शिंदे गुट इस मामले को केवल विधायकों की बगावत मानने से इनकार करता है। उनकी ओर से वरिष्ठ वकील नीरज किशन कौल ने कोर्ट से कहा कि मामला संविधान की दसवीं अनुसूची में दिए गए दल बदल विरोध कानून के तहत नहीं आता क्योंकि यहाँ बड़ी संख्या में विधायकों ने अलग पार्टी बनाने पर सहमति जताई थी । उन्होंने चुनाव आयोग के अधिकारों का बचाव करते हुए दलील दी कि चुनाव आयोग पार्टी के संविधान, संगठन और उसकी लोकतांत्रिक व्यवस्था की जांच कर सकता है। एकनाथ शिंदे गुट ने, उद्धव ठाकरे द्वारा किए जा रहे नेतृत्व के दौरान संगठन में नियुक्तियों और पार्टी संविधान में बदलावों पर भी सवाल उठाए थे।

एकनाथ शिंदे पक्ष का तर्क है कि संगठन की कुछ समितियों में ऑफिस बेयरर होने पर उनकी संख्या को कार्यकर्ताओं की वास्तविक इच्छा का पूरा प्रमाण नहीं माना जा सकता। उनका कहना है कि आयोग को उपलब्ध रिकॉर्ड और समर्थन के विभिन्न आधारों को देखना होगा। दूसरी ओर, उद्धव ठाकरे गुट चाहता है कि एकनाथ शिंदे पक्ष को मिली मान्यता और चिह्न के इस्तेमाल की वैधता की न्यायिक जांच हो। उसने कम-से-कम विवाद का फैसला होने तक शिंदे गुट के इस्तेमाल पर रोक की मांग भी रखी है।

सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने असहमति और दलबदल के बीच अंतर पर भी सवाल किया है। एकनाथ शिंदे गुट का कहना रहा है कि उसे कांग्रेस और राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के साथ गठबंधन पर आपत्ति थी। अदालत के सामने प्रश्न है कि पार्टी के गठबंधन का विरोध कब तक अंदरूनी असहमति रहता है और किन परिस्थितियों में वह दल-बदल(defection) बन जाता है। इसका जवाब अन्य राजनीतिक दलों में होने वाले विवादों के लिए भी महत्वपूर्ण होगा। अदालत पहले यह भी पूछ चुकी है कि चुनाव आयोग ने दोनों गुटों को अलग-अलग चिह्नों पर चुनाव लड़ने देने के विकल्प पर विचार क्यों नहीं किया।


इस विवाद का महत्व केवल चुनाव चिह्न तक सीमित नहीं है। चुनाव चिह्न के साथ कार्यकर्ताओं की पहचान, मतदाताओं की महत्वाकांक्षा और पार्टी की राजनीतिक विरासत जुड़ी होती है। अब अदालत को दल गत राजनीति के अधिकारों, विधायकों की भूमिका और चुनाव आयोग के फैसले की वैधता के बीच स्पष्टता लानी होगी। महाराष्ट्र के लिए फैसला राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण होगा, जबकि देश के लिए उसकी अहमियत इस बात में होगी कि लोकतंत्र में संभावित खतरों से किस तरह चुनाव तथा पॉलिसी निर्माताओं को बचाया जा सकता है।

Tags Defection LawEknath ShindeElection Commission of IndiaElection SymbolMaharashtraShiv SenaSupreme CourtUddhav Thackeray