वोटर लिस्ट में गलतियों को लेकर चुनाव आयोग का नया निर्देश, फॉर्म-8 में वोटर की सहमति के बिना नहीं होगा सुधार
एंट्रीज़ का वेरिफ़िकेशन मतदाता के हस्ताक्षर युक्त फॉर्म 8 और सक्षम अधिकारी की मंजूरी के बाद ही सुधार किया जाएगा।
संविधान दिवस के दिन वोट देने के जरूरी अधिकार से संबंधित खबर आई है जिसके तहत गलत एंट्रीज़ को फ़ॉर्म 8 के द्वारा ठीक किया जाएगा। मतदाता सूची में नाम, जन्मतिथि या तस्वीर की गलती अब केवल सॉफ्टवेयर के द्वारा नहीं बदली जाएगी। भारतीय चुनाव आयोग ने संबंधित राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के मुख्य निर्वाचन अधिकारियों को निर्देश दिया है कि ऐसी एंट्रीज़ का वेरिफ़िकेशन करके, मतदाता के हस्ताक्षर युक्त फॉर्म 8 और सक्षम अधिकारी की मंजूरी के बाद ही सुधार किया जाए। 25 नवंबर 2026 का यह निर्देश विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण यानी SSR के दौरान लागू होगा।
चुनाव आयोग ने मौजूदा मतदाता विवरणों का विशेष गहन पुनरीक्षण यानी SIR के दौरान एकत्र जानकारी से मिलान कर उन्हे ठीक करने को कहा है। नाम, रिश्तेदार का नाम या संबंध का प्रकार, जन्मतिथि, मोबाइल नंबर और तस्वीर जैसी जानकारियों में अंतर मिलने पर प्रविष्टि को जांच के लिए चिह्नित किया जाएगा। इसके बाद बूथ स्तरीय अधिकारी यानी BLO संबंधित मतदाता के पास जाकर विवरण जांचेंगे और जहां जरूरी होगा, भरा हुआ तथा हस्ताक्षरयुक्त फॉर्म 8 प्राप्त करेंगे।
आवेदन की जांच और डिस्पोज़ल निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी यानी ERO या सहायक निर्वाचक पंजीकरण अधिकारी यानी AERO करेंगे। पूरी प्रक्रिया ECINET के संबंधित अधिकारी मॉड्यूल के जरिए संचालित होगी। आयोग के पत्र की सबसे महत्वपूर्ण शर्त यह है कि केवल ऑटोमैटिक पहचान प्रोसीजर के आधार पर कोई बदलाव नहीं किया जाएगा। इस तरह कंप्यूटर मिलान जांच की शुरुआत करेगा, जबकि सुधार का अंतिम निर्णय निर्धारित प्रक्रिया से होगा।
इस निर्देश की अहमियत मतदाता सूचियों की शुद्धता पर जारी बहस के बीच बढ़ जाती है। टाइम्स ऑफ इंडिया के अनुसार, वोटर लिस्ट में दर्ज गलत जानकारी की शिकायत खुद मतदाता, राजनीतिक दलों के बूथ स्तरीय एजेंट या अन्य व्यक्ति भी चुनाव अधिकारियों से कर सकते हैं। हालांकि, केवल शिकायत मिलने या सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी दिखने के आधार पर जानकारी को गलत नहीं माना जाएगा। अधिकारियों को संबंधित मतदाता से संपर्क कर जानकारी की जांच करनी होगी। इसके बाद ही निर्धारित प्रक्रिया के तहत वोटर लिस्ट में सुधार किया जाएगा।

उदाहरण के तौर पर, किसी मतदाता के नाम की वर्तनी दो रिकॉर्ड में अलग हो सकती है। जन्मतिथि दर्ज करते समय अंकों की अदला-बदली या तस्वीर जोड़ते समय तकनीकी गलती भी संभव है। ऐसा अंतर जानबूझकर गलत जानकारी देने का प्रमाण नहीं होता। सुधार की प्रक्रिया में यह देखना जरूरी होगा कि किस रिकॉर्ड में त्रुटि है। SIR के दौरान जुटाई गई जानकारी को भी बिना जांच स्वतः सही मान लेने से पुरानी गलती की जगह नई गलती दर्ज होने का जोखिम रहेगा।
फॉर्म 8 नया आवेदन नहीं है। आयोग के दिशानिर्देशों के अनुसार, पहले से पंजीकृत मतदाता इसका इस्तेमाल विवरण सुधारने, निवास स्थान बदलने, मतदाता पहचान पत्र का रिप्लेसमेंट प्राप्त करने या दिव्यांग मतदाता के रूप में चिह्नित होने के लिए कर सकते हैं। विवरण में सुधार मांगते समय संबंधित विकल्प चुनना और दावे के समर्थन में दस्तावेज देना होता है। नया निर्देश मौजूदा सुधार व्यवस्था को SSR के दौरान पहचानी जा रही गलतियों से जोड़ता है।
मतदाताओं को सबसे पहले यह देखना चाहिए कि सूची में उनका नाम मौजूद है या केवल दर्ज विवरण गलत हैं। दोनों स्थितियों की प्रक्रिया समान मानना उचित नहीं होगा। निर्वाचन आयोग की मतदाता सेवा वेबसाइट पर पंजीकरण, विवरण सुधार और आवेदन की स्थिति देखने की सुविधाएं उपलब्ध हैं। ऑनलाइन आवेदन करने वाले व्यक्ति को EPIC संख्या संभालकर रखनी चाहिए, ताकि बाद में उसकी प्रगति जांची जा सके। ऑफलाइन आवेदन देने पर भी प्राप्ति का रिकॉर्ड रखना उपयोगी होगा।
नाम सूची में नहीं मिलने और नाम मौजूद होने के बावजूद विवरण गलत होने का अंतर विशेष रूप से महत्वपूर्ण है। आयोग की आधिकारिक जानकारी में नाम शामिल कराने के लिए फॉर्म 6 और मौजूदा एंट्रीज़ के सुधार के लिए फॉर्म 8 बताया गया है। हालांकि, पुनरीक्षण से संबंधित विशेष परिस्थितियों में मतदाता को अपने राज्य के नवीनतम निर्देश तथा संबंधित निर्वाचन अधिकारी से प्रक्रिया की पुष्टि करनी चाहिए। गलत फॉर्म या अधूरे दस्तावेज आवेदन की प्रक्रिया में देरी पैदा कर सकते हैं।

अलग-अलग राज्यों में पुनरीक्षण की समय सीमाएं भी भिन्न हो सकती हैं। इसलिए किसी एक राज्य की अंतिम तारीख को पूरे देश पर लागू नहीं माना जाना चाहिए। मतदाताओं को संबंधित मुख्य निर्वाचन अधिकारी की सूचना देखनी चाहिए। विशेष रूप से बुजुर्गों, प्रवासी श्रमिकों और डिजिटल सुविधाओं का इस्तेमाल नहीं कर पाने वाले लोगों के लिए BLO की पहुंच महत्वपूर्ण होगी। सुधार का अवसर तभी प्रभावी है, जब नागरिक को उसकी जानकारी मिले और आवेदन देना उसके लिए व्यावहारिक रूप से संभव हो।
आने वाले दिनों में इस आदेश की सफलता इसे किस तरह अंजाम दिया जा सकता है इस बात से मापी जाएगी। कितनी एंट्रीज़ चिह्नित हुईं, कितने मतदाताओं से संपर्क किया गया और कितने आवेदन मंजूर या अस्वीकार हुए—इनका स्पष्ट रिकॉर्ड होना चाहिए। हस्ताक्षरयुक्त आवेदन की अनिवार्यता और स्वचालित बदलाव पर रोक महत्वपूर्ण सुरक्षा उपाय हैं। लेकिन भरोसा तभी मजबूत होगा, जब सही विवरण समय पर सूची में दिखाई दें और नागरिक को अपने आवेदन के निर्णय की जानकारी मिले। मतदाता सूची की शुद्धता और पात्र नागरिक की भागीदारी, दोनों को साथ सुनिश्चित करना ही इस प्रक्रिया की असली कसौटी है। आज संविधान दिवस के दिन, जिसके अनुसार हमारा देश एक लोकतंत्र है, मतदान के अधिकार में आने वाली हर बाधा को सरकार तथा संस्थाओं द्वारा ठीक समय पर दुरुस्त किया जाना चाहिए।
