महाराष्ट्र में अदानी ग्रुप को मिले ठेके पर उठे सवाल; बिजली खरीदारी से जुड़े मामले पर विवाद
क्या बिडिंग की शर्तों ने सभी कॉम्पिटिटर्स को समान अवसर दिए
तराली परियोजना पर मिले काम रोकने के नोटिस के बाद अदानी समूह की एक और कंपनी गलत कारणों से सुर्खियों में है। महाराष्ट्र में चौबीसों घंटे बिजली आपूर्ति के एक दीर्घकालिक अनुबंध ने सरकारी खरीद की शर्तों और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा पर सवाल खड़े किए हैं। राज्य की बिजली वितरण कंपनी MSEDCL ने जिस व्यवस्था के तहत 2,500 मेगावॉट बिजली खरीदने का अनुबंध किया है, उसमें अदानी समूह की एक कंपनी उसी समूह की दूसरी कंपनी की सौर बिजली का इस्तेमाल करेगी। विवाद केवल दोनों कंपनियों के ओनरशिप का नहीं, बल्कि इस बात का है कि क्या बिडिंग की शर्तों ने सभी कॉम्पिटिटर्स को समान अवसर दिए गए या नहीं।
MSEDCL के बिड डॉक्यूमेंट में 25 वर्षों के लिए 2,500 मेगावॉट राउंड-द-क्लॉक यानी RTC आपूर्ति की व्यवस्था दी गई है। इसमें प्रत्येक वर्ष में कम-से-कम 51 प्रतिशत बिजली ऐसे ग्रीन सोर्सेस से आनी चाहिए, जिनका स्रोत वेरिफ़ाई किया जा सके। शेष आपूर्ति वैकल्पिक स्रोतों से पूरी की जा सकती है। इसलिए इसे शत-प्रतिशत रिन्यूएबल बिजली का कॉन्ट्रैक्ट कहना सही नहीं होगा।
RTC व्यवस्था का उद्देश्य सौर या पवन ऊर्जा उपलब्ध होने के समय ही बिजली देना नहीं, बल्कि अलग-अलग स्रोतों और जरूरत के अनुसार स्टोरेज की मदद से नियमित आपूर्ति सुनिश्चित करना है। दिन में पैदा होने वाली सौर बिजली और रात या मांग के व्यस्त समय में उपलब्ध बिजली की लागत तथा जिम्मेदारियां समान नहीं होतीं। किसी समझौते की उपयोगिता जांचते समय उसकी कीमत के साथ उपलब्धता की शर्तें भी देखनी पड़ती हैं।
इस टेंडर में खास प्रावधान पहले से अनुबंधित सौर बिजली का था। दस्तावेज के अनुसार, MSEDCL ने 29 अक्टूबर 2024 को अदाणी रिन्यूएबल एनर्जी फिफ्टी-फाइव लिमिटेड से 5,000 मेगावॉट सौर बिजली खरीदने का समझौता किया था। यही बिजली नए RTC अनुबंध के सफल बिडर को उपलब्ध कराई जानी थी। उसे इस सौर आपूर्ति का प्रबंधन करते हुए तय RTC आपूर्ति की जिम्मेदारी निभानी थी।
अनुबंध की कॉरपोरेट संरचना भी स्पष्ट रखना जरूरी है। अदानी एनर्जी सॉल्यूशंस की 8 सितंबर 2026 की शेयर बाजार सूचना के अनुसार, मूल आवंटन अदानी पावर को मिला था। बाद में उसने उससे जुड़े अधिकार और दायित्व पावरपल्स ट्रेडिंग सॉल्यूशंस लिमिटेड को ट्रांसफर किए। पावरपल्स, अदानी एनर्जी सॉल्यूशंस की पूर्ण ओनरशिप वाली सहायक कंपनी है। उसने उसी दिन MSEDCL के साथ बिजली खरीद समझौता किया।
स्क्रॉल की रिपोर्ट के अनुसार, कॉम्पिटिटिव बिडर्स ने आशंका जताई थी कि सौर बिजली पैदा करने वाली कंपनी के उसी समूह से होने के कारण अदानी समूह को उत्पादन संबंधी जानकारी का लाभ मिल सकता है। अदानी पावर के प्रवक्ता ने इस आशंका को खारिज किया। कंपनी का कहना है कि आपत्तियों पर बोली से पहले स्पष्टीकरण दिया गया था और पहले से अनुबंधित सौर परियोजना का अदानी से संबंध होना किसी अनुचित लाभ का आधार नहीं था।
कीमत इस मामले का दूसरा महत्वपूर्ण पहलू है। ऊर्जा क्षेत्र की शोध संस्था JMK रिसर्च के विवरण में इस अनुबंध की दर 5.90 रुपये प्रति यूनिट दर्ज है। स्क्रॉल के मुताबिक, महाराष्ट्र विद्युत रेगुलेटरी आयोग ने दर मंजूर करते हुए समझौते की विशिष्ट संरचना और सप्लायर की जिम्मेदारियों का उल्लेख किया। आयोग ने कुछ स्वीकृत थर्मल पावर दरों की तुलना में इसे अनुकूल पाया। हालांकि, रिपोर्ट ने अन्य RTC खरीद विकल्पों के मुकाबले लागत पर सवाल उठाए हैं।
यहां केवल सौर बिजली की दर और पूरे RTC पैकेज की दर घटाकर अंतर को कंपनी का मुनाफा मान लेना गलत होगा। स्क्रॉल के विवरण के अनुसार, पहले से खरीदे गए सौर हिस्से का भुगतान अंतिम हिसाब में समायोजित होता है; दोनों दरें सीधे जोड़ देना भी सही नहीं है। वास्तविक लागत की जांच में अतिरिक्त बिजली, स्टोरेज, आपूर्ति सुनिश्चित करने के खर्च और अनुबंध की शर्तों को साथ देखना होगा।

पब्लिक प्रोक्योरमेंट का मुख्य प्रश्न यह है कि क्या सभी बिडर्स को एक जैसी जानकारी, पर्याप्त तैयारी का समय और जोखिम का समान आकलन करने का अवसर मिला। एक ही समूह की कंपनियों का उत्पादन और आपूर्ति में शामिल होना अपने आप अनियमितता साबित नहीं करता। लेकिन ऐसी संरचना में सूचनाओं की समान उपलब्धता और निर्णय प्रक्रिया का स्पष्ट डॉक्यूमेंटेशन अधिक महत्वपूर्ण हो जाता है।
उपभोक्ताओं के लिए भी जांच का आधार केवल घोषित खरीद दर नहीं हो सकता। आपूर्ति की विश्वसनीयता, अतिरिक्त खर्चों का बंटवारा और शर्तें पूरी न होने पर जवाबदेही समझनी होगी। इस खरीद दर को सीधे घरेलू बिजली बिल की अंतिम दर मानना भी उचित नहीं है। रेगुलेटरी इवैल्यूएशन में यह स्पष्ट होना चाहिए कि समझौते से डिस्ट्रिब्यूशन कंपनी और उपभोक्ताओं को उपलब्ध विकल्पों के मुकाबले क्या लाभ मिलता है।
महाराष्ट्र सरकार, MSEDCL और रेगुलेटर को प्रतिस्पर्धियों की आपत्तियों तथा उनके डिस्पोजल का पूरा आधार सार्वजनिक करना चाहिए। अदानी समूह का पक्ष भी उसी गंभीरता से परखा जाना चाहिए हालांकि कंपनी ला के अनुसार कंपनी वेल के पीछे ये फैसले किनके द्वारा लिए गए ये प्रश्न सबसे महत्वपूर्ण रहेगा। इस अरेंजमेंट पर भरोसा आरोपों या आश्वासनों से आगे, कम्पैरेटिव कॉस्ट, निष्पक्ष बोली प्रक्रिया और वास्तविक सप्लाई परफॉर्मेंस के प्रमाणों से बनेगा।
