सांसद इंजीनियर राशिद की जमानत पर फैसला टला, अगली सुनवाई दिसंबर में होगी
वकील ने अदालत से अनुरोध किया कि नईम अहमद खान को जमानत देने वाले सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश पर भी विचार किया जाए।
बारामूला, जम्मू- कश्मीर से सांसद इंजीनियर राशिद की जमानत याचिका पर गुरुवार, 26 नवंबर को भी फैसला नहीं हो सका। दिल्ली हाईकोर्ट ने फैसला सुनाने के लिए अब 8 दिसंबर की तारीख तय की है। रिपोर्ट के अनुसार, इंजीनियर राशिद के वकील ने अदालत से अनुरोध किया कि फैसला सुनाते वक्त इसी मामले में अलगाववादी नेता नईम अहमद खान को जमानत देने वाले सुप्रीम कोर्ट के हालिया आदेश पर भी विचार किया जाए। इसी अनुरोध पर फैसला टाला गया।
इंजीनियर राशिद की पार्टी, अवामी इत्तेहाद पार्टी ने उम्मीद जताई थी कि उन्हें राहत मिलेगी और वे अपने क्षेत्र के लोगों के बीच लौट सकेंगे। पार्टी ने उनकी लंबी कैद और राजनीतिक प्रतिनिधित्व से जुड़े सवाल उठाए थे। हालांकि, अब उनके समर्थकों और परिवार को अदालत के निर्णय के लिए कुछ और इंतजार करना होगा।
अब्दुल राशिद शेख, जिन्हें इंजीनियर राशिद के नाम से जाना जाता है, को राष्ट्रीय जांच एजेंसी यानी NIA ने अगस्त 2019 में गिरफ्तार किया था। मामला 2017 में दर्ज आतंकी फंडिंग की जांच से जुड़ा है। जांच एजेंसी का आरोप है कि जम्मू-कश्मीर में अलगाववादी और आतंकी गतिविधियों के लिए धन जुटाया गया तथा आरोपी इन मामलों से जुड़े रहे हैं। इंजीनियर राशिद इन आरोपों से इनकार करते रहे हैं। इस मामले में उनकी भूमिका पर अंतिम निर्णय मुकदमे की प्रक्रिया के बाद ही होगा।
इंजीनियर राशिद ने 2024 का लोकसभा चुनाव बारामूला से जीता था। उन्होंने नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला को दो लाख से अधिक वोटों से हराया था। उनकी जीत के बाद से यह सवाल उठता रहा है कि हिरासत में रहते हुए एक निर्वाचित सांसद अपने क्षेत्र के लोगों की समस्याएं कितनी प्रभावी ढंग से उठा सकता है। हालांकि, चुनाव जीतना अपने आप किसी आपराधिक मामले को समाप्त नहीं करता लेकिन इस मामले में त्वरित जांच होने की उम्मीद इस वजह से उनके संसदीय क्षेत्र के लोगों में बंधीं थी।

इंजीनियर राशिद के वकील ने कोर्ट में जांच एजेंसी द्वारा लगाए गए आरोपों का विरोध किया। उनका कहना था कि इंजीनियर राशिद अधिकांश समय हिरासत में रहे हैं। जिन लोगों को प्रभावित करने का आरोप लगाया जा रहा है, वे लंबे समय से उनके साथ काम करने वाले कर्मचारी हैं। बचाव पक्ष ने उनके सांसद होने और संविधान के प्रति निष्ठा की शपथ लेने का भी उल्लेख किया। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद न्यायमूर्ति प्रतिभा एम. सिंह और न्यायमूर्ति विकास महाजन की पीठ ने फैसला सुरक्षित रख लिया।
नईम अहमद खान को मिली जमानत अब इंजीनियर राशिद की याचिका में महत्वपूर्ण संदर्भ बन गई है। सुप्रीम कोर्ट ने 23 नवंबर को नईम अहमद खान को नौ वर्ष से अधिक की हिरासत के बाद जमानत दी थी। इंजीनियर राशिद के वकील चाहते थे कि दिल्ली हाईकोर्ट उस आदेश पर विचार करे। ज्यूडिशियल प्रीसिडेंट तथा केस लॉ कानूनी व्यवस्था में एक आम चलन है, हालांकि दिल्ली हाईकोर्ट इन्हें कितना कारगर मानता है, इसके लिए अगले महीने का इंतजार करना होगा।
इंजीनियर राशिद को इससे पहले पारिवारिक कारणों से अंतरिम जमानत मिल चुकी है। मई में पिता के निधन के बाद हाईकोर्ट ने उन्हें अंतिम संस्कार और संबंधित रस्मों में शामिल होने की अनुमति दी थी। उस समय पुलिसकर्मियों के साथ रहने और गवाहों से संपर्क नहीं करने जैसी शर्तें लगाई गई थीं। वह सीमित अवधि की राहत थी, मौजूदा नियमित जमानत की मांग उससे अलग है।
इसी बीच प्रवर्तन निदेशालय यानी ED से जुड़ी दूसरी कार्यवाही भी उन पर चल रही है। बुधवार, 25 नवंबर को दिल्ली हाईकोर्ट ने मनी लॉन्ड्रिंग मामले में आरोप तय करने के आदेश को चुनौती देने वाली राशिद की याचिका पर ED को जवाब देने का समय दिया है। इस मामले में अगली सुनवाई 16 दिसंबर को होनी है। यह फैसला अपील के संदर्भ में था तथा इस केस में कार्यवाही NIA कोर्ट द्वारा की जा रही है।
इस मामले से जुड़ी अगली कार्यवाही के लिए अब दिसम्बर के महीने का इंतज़ार करना होगा। अदालत को दोनों पक्षों की चिंताओं, उस संदर्भ में दी गई दलीलों और लंबे समय से जारी हिरासत पर विचार करना है। कानूनी ज्यूरिसप्रूडेंस के अनुसार bail एक अधिकार है और jail एक अपवाद तथा इस संदर्भ में न्यायालय का सम्मान करते हुए व्यापक सवाल यही है कि गंभीर आरोपों की निष्पक्ष सुनवाई सुनिश्चित करते हुए किसी व्यक्ति की स्वतंत्रता और समय पर न्याय पाने के अधिकार की रक्षा कैसे की जाए।
