भारत पर 25 फीसदी अमेरिकी टैरिफ का खतरा, ट्रेड डील के लिए ट्रंप का नया दांव
सरकार का कहना है कि देश के किसी भी क्षेत्र में ऐसी अतिरिक्त मैन्युफैक्चरिंग क्षमता नहीं है।
अमेरिका द्वारा टैरिफ दर बढ़ाए जाने के बाद भारत सरकार ने अब अपना पक्ष जनता के बीच रखा है। सरकार का कहना है कि देश के किसी भी क्षेत्र में ऐसी अतिरिक्त मैन्युफैक्चरिंग क्षमता नहीं है, जिसके तहत बाजार की जरूरत से ज्यादा प्रोडक्शन किया जा सके। मिनिस्ट्री ऑफ कॉमर्स की ओर से कल रात जारी किए गए बयान के मुताबिक अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि कार्यालय यानी USTR के नोटिस तथा भविष्य में अर्थव्यवस्था पर उससे पड़ने वाले असर की जांच की जा रही है। अमेरिका ने भारत समेत 14 अर्थव्यवस्थाओं पर इम्पोर्ट ड्यूटी लगाने का प्रस्ताव दिया है हालांकि ये नए साल में लागू की जाएंगी।
भारत सरकार चाहती है कि व्यापार से जुड़ी शिकायतों का समाधान दोनों देशों के बीच चल रही व्यापार समझौते की बातचीत में निकाला जाए। उनका तर्क है कि विवाद की स्थिति आने पर एकतरफा फैसलों के बजाय द्विपक्षीय वार्ता का जो खाका दोनों देशों द्वारा बनाया गया था उसी के तहत इस मामले को भी सुलझाया जाए। यह फैसला बदलते भू राजनीतिक बदलाव के दौर में अमरीकी एम्पायर की हेजेमोनिक प्रैक्टिसेज़ को रेखांकित करता है, पर भारत सरकार द्वारा यह बात वैश्विक मंच पर नहीं कही जा सकती।
इस विवाद को समझने के लिए मैन्युफैक्चरिंग कैपेसिटी के तर्क को समझना जरूरी है। अमेरिकी पक्ष का कहना है कि सरकारी मदद के कारण कुछ देशों की कंपनियां उतना प्रोडक्शन कर रही हैं, जितना सामान्य बाजार की परिस्थितियों में नहीं होता। उसके अनुसार, इससे सस्ता माल दुनिया के बाजारों में पहुंचता है और अमेरिकी कंपनियों को नुकसान होता है। यहां आरोप केवल घरेलू जरूरत से ज्यादा सामान बनाकर बेचने का नहीं, बल्कि सरकारी मदद से प्रतिस्पर्धा प्रभावित करने का है।
USTR ने अपनी रिपोर्ट में ‘मेक इन इंडिया’, प्रोडक्शन बढ़ाने पर इंसेंटिव देने वाली PLI(Production Linked Incentive) योजना और आत्मनिर्भर भारत जैसी योजनाओं का जिक्र किया है। उसका आरोप है कि सरकार द्वारा दी जाने वाली आर्थिक मदद तथा लेबर लॉ की कमजोरियों से भारतीय कंपनियों को अनुचित फायदा मिलता है। अमेरिका का दावा है कि इससे उसके उत्पादन, निर्यात और रोजगार को नुकसान होता है। हालांकि, ये अमेरिकी प्रशासन के निष्कर्ष हैं, किसी अंतरराष्ट्रीय अदालत का अंतिम फैसला नहीं।
भारत का जवाब है कि ग्लोबल साउथ के देशों के लिए यह जरूरी है कि मैन्युफैक्चरिंग से जुड़ी नीतियों को घरेलू मांग के अनुपात में रखा जाए। अमेरिकी नोटिस में दर्ज भारतीय पक्ष के अनुसार, सौर ऊर्जा तथा स्टील जैसे क्षेत्रों में विस्तार बाजार की मांग और देश की जरूरतों को ध्यान में रखकर हो रहा है। भारत ने कहा है कि PLI जैसी योजनाओं का मकसद देश में उद्योग और तकनीक को बढ़ावा देना तथा कुछ विदेशी आयात पर निर्भरता कम करना है।
इस तरह दोनों देशों का मतभेद साफ है। भारत जिन योजनाओं को विकास और आत्मनिर्भरता के लिए जरूरी बता रहा है, अमेरिका उन्हें अपने उद्योगों के लिए नुकसानदेह मान रहा है। बहस इस बात को लेकर होनी चाहिए कि एक आजाद तथा संप्रभु राष्ट्र अपने घरेलू मामलों को लेकर नीति बनाने के लिए अमरीका की स्वीकृति पर निर्भर क्यों हो?
भारत से आने वाली वस्तुओं पर कुछ छूट के साथ 25 प्रतिशत तक शुल्क लगाने का अमेरिकी प्रस्ताव है। नोटिस में पहले से लागू कुछ शुल्कों पर बदलाव किए जाने की बात भी कही गई है जिन्हे कोई समझौता होने की स्थिति में घटाया जा सकता है। इसलिए यह कहना सही नहीं होगा कि सभी भारतीय सामान पर तुरंत नया 25 प्रतिशत टैरिफ लग गया है। प्रस्ताव पर 5 जनवरी 2027 तक लिखित सुझाव और आपत्तियां मांगी गई हैं। अंतिम असर इस बात से तय होगा कि किन वस्तुओं पर कितनी दर लागू होती है और किन्हें छूट मिलती है।
इस विवाद में दोनों पक्षों के दावों को आंकड़ों के आधार पर देखना होगा। केवल निर्यात बढ़ जाने से यह साबित नहीं होता कि कोई देश जरूरत से ज्यादा उत्पादन कर रहा है। इसी तरह किसी योजना को आत्मनिर्भरता से जुड़ा बताना भी लेबर लॉ के तहत जांच से बचने का आधार नहीं हो सकता। यह देखना जरूरी होगा कि कारखानों की कितनी क्षमता इस्तेमाल हो रही है, घरेलू मांग कितनी है और सरकारी मदद से लागत तथा कीमतों पर क्या असर पड़ रहा है।
अगर नए शुल्क लागू होते हैं, तो भारतीय निर्यातकों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। अमेरिकी खरीदार उनसे कीमत घटाने को कह सकता है या किसी दूसरे देश से सामान खरीद सकता है। वह बढ़ी हुई लागत का कुछ हिस्सा अपने ग्राहकों से भी वसूल कर सकता है। इसलिए नुकसान केवल भारतीय कंपनियों या केवल अमेरिकी ग्राहकों तक सीमित नहीं रहेगा। छोटे कारोबारियों के लिए मुनाफा घटना और नए ऑर्डर मिलने में अनिश्चितता बड़ी चुनौती हो सकती है।
भारत सरकार द्वारा व्यापारी वर्ग को साफ जानकारी दी जानी चाहिए कि उनके कारोबार पर क्या असर पड़ सकता है। व्यापार समझौते में यह भी देखना जरूरी है कि भारतीय सामान दूसरे देशों के मुकाबले नुकसान में न रहे। दूसरे बाजारों तक पहुंच बढ़ाना और देश के भीतर मांग मजबूत करना भी जरूरी होगा। सरकार की कोशिश ऐसी होनी चाहिए कि व्यापारिक तनाव कम हो और भारतीय उद्योगों, रोजगार तथा विकास की जरूरतों की रक्षा हो सके।
