International

अमेरिका ईरान के बीच फिर से बढ़ा तनाव, बहरीन से लेकर कुवैत तक बरसे ईरानी ड्रोन

Md. Tousif Md. Tousif | 18 Nov, 2026 · 4 min read
अमेरिका ईरान के बीच फिर से बढ़ा तनाव, बहरीन से लेकर कुवैत तक बरसे ईरानी ड्रोन

ईरान ने बुधवार सुबह कुवैत के अली अल सलेम एयरबेस पर अमेरिकी सेना के ठिकानों को ड्रोन से निशाना बनाने का दावा किया है।

अमेरिका और ईरान के बीच कल फिर टकराव हुआ। ईरान ने दावा किया कि उसने बहरीन में अमेरिकी रडार सिस्टम को पिछले कुछ घंटों में दूसरी बार निशाना बनाया है। इसके जवाब में अमेरिका ने 17 नवंबर की रात स्ट्रेट ऑफ होर्मूज में स्थित रणनीतिक रूप से महत्वपूर्ण क़ेश्म द्वीप पर ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के लॉन्चिंग पैड पर हमला करने का दावा किया। एक अमेरिकी अधिकारी के मुताबिक, यह कार्रवाई बहरीन में मंगलवार को अमेरिकी सैनिकों और सैन्य ठिकानों पर ईरान के हमले के जवाब में की गई। वहीं, ईरानी मीडिया ने दावा किया कि अमेरिकी हमले में किसी भी बुनियादी ढाँचे को नुकसान नहीं पहुँचा। हालाँकि, बहरीन ने कल ईरान की ओर से दागे गए सभी ड्रोन को इंटरसेप्ट करने का दावा किया था, लेकिन कई मीडिया रिपोर्ट्स में बहरीन में आग लगने की खबरें सामने आई हैं।


आज सुबह ईरान की सेना ने दावा किया कि बुधवार तड़के उसके लड़ाकू ड्रोन ने कुवैत के अली अल सलेम एयरबेस पर अमेरिकी सेना के पैट्रियट एयर डिफेंस सिस्टम और ड्रोन व मिसाइल लॉन्च करने वाले ठिकानों को निशाना बनाया। ईरान के सरकारी ब्रॉडकास्टर IRIB के मुताबिक, सेना के जनसंपर्क विभाग ने अपने बयान में कहा कि यह एयरबेस क्षेत्र में अमेरिका के प्रमुख सैन्य ठिकानों में से एक है। यह अमेरिकी सैन्य विमानों और सामान की आवाजाही का बड़ा केंद्र होने के साथ-साथ पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैनिकों के प्रवेश का अहम रास्ता भी है। ईरानी सेना ने कहा कि इस एयरबेस की अमेरिका की क्षेत्रीय सैन्य और लॉजिस्टिक्स रणनीति में अहम भूमिका है।

बयान में ईरान ने कहा कि वह किसी भी ताकत के सामने नहीं झुकेगा और किसी भी खतरे या हमले का जवाब निर्णायक और भारी कार्रवाई से देगा। साथ ही चेतावनी दी कि उसकी जवाबी कार्रवाई की कोई भौगोलिक सीमा नहीं होगी।


क्षेत्र में लगातार बढ़ते तनाव के बीच स्ट्रेट ऑफ होर्मूज में तेल टैंकरों पर भी हमले बढ़े हैं। ब्रिटेन की समुद्री निगरानी एजेंसी के मुताबिक, ओमान के खसब शहर के उत्तर में एक टैंकर पर हमले के बाद उसके चालक दल के सदस्यों का पता नहीं चल पाया। ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स और नौसेना ने दावा किया कि एक LNG जहाज और दो तेल टैंकरों में आग लग गई।

बहरीन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर कल दूसरी बार ईरानी हमले के बाद अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने बहरीन के विदेश मंत्री अब्दुल्लतीफ बिन राशिद अल ज़यानी से फोन पर बातचीत की। बातचीत के दौरान उन्होंने ईरानी हमलों की निंदा की और बहरीन की सुरक्षा के लिए अमेरिका के समर्थन और प्रतिबद्धता को दोहराया। वहीं, ईरान के रिवोल्यूशनरी गार्ड्स के प्रवक्ता हुसैन मोहेब्बी ने बहरीन सरकार पर ईरान के खिलाफ हमलों में सहयोग करने और अमेरिका की सुरक्षा व्यवस्था पर निर्भर रहने का आरोप लगाया। उन्होंने चेतावनी दी कि इस रवैये से क्षेत्र की नई सुरक्षा व्यवस्था में बहरीन का भविष्य खतरे में पड़ सकता है।


यमन के मोर्चे पर भी टकराव जारी

दूसरी तरफ, यमन के मोर्चे पर भी लगातार टकराव जारी है। यमन की आर्म्ड फोर्सेस के प्रवक्ता ब्रिगेडियर जनरल याह्या सरी ने मंगलवार को दावा किया कि यमनी सेना ने सऊदी अरब की ईस्ट-वेस्ट तेल पाइपलाइन के दो पंपिंग स्टेशनों और शरूराह में एक अर्ली-वॉर्निंग रडार को निशाना बनाया है। सरी के मुताबिक, पाइपलाइन पर हमले के लिए पाँच ड्रोन इस्तेमाल किए गए। तीन ड्रोन से पंपिंग स्टेशन नंबर 9 पर दो चरणों में हमला किया गया, जबकि दो ड्रोन ने पंपिंग स्टेशन नंबर 8 को निशाना बनाया। उन्होंने दावा किया कि हमले सीधे और सटीक थे, जिनसे दोनों ठिकानों पर भीषण आग लग गई। इससे पहले 15 नवंबर को भी यमनी सेना ने इसी पाइपलाइन के पंपिंग स्टेशन नंबर 5 और 6 पर ड्रोन हमले का दावा किया था।

यमन की आर्म्ड फोर्सेस ने कल दावा किया था कि उसने ‘बिलाह, ही युहीत बिहिम मिन वराइहिम’ नाम से चलाए गए सैन्य अभियान को पूरा कर लिया है। उसके मुताबिक, इस अभियान में ताइज़ और लहज प्रांतों के 10 क्षेत्रों पर नियंत्रण हासिल किया गया है। करीब 7,100 वर्ग किलोमीटर में फैले इस इलाके में सऊदी अरब समर्थित सेना की 12 सैन्य डिवीजनों को हराया गया, जिनमें 60 ब्रिगेड शामिल थीं। यमनी सेना ने कहा कि यह अभियान पिछले 12 वर्षों से जारी सऊदी हमलों और नाकेबंदी के जवाब में चलाया गया। बयान में आरोप लगाया गया कि सऊदी अरब ने हवाई हमले तेज़ किए, नाकेबंदी सख्त की और हवाई मदद के साथ हज़ारों लड़ाकों को तैनात किया।


वहीं, सऊदी सरकारी मीडिया के हवाले से मीडिया रिपोर्ट में बताया गया है की यमन में चल रही लड़ाई का नेतृत्व कर रहे लेफ्टिनेंट जनरल फहद बिन हमद अल-सलमान को उनके पद से हटा दिया गया है। सऊदी अरब ने उनकी जगह जनरल फय्याद अल-रुवैली को नियुक्त किया है। सलमान को दूसरी जिम्मेदारी सौंपी गई है और अब वह सऊदी रक्षा मंत्री के सलाहकार के तौर पर काम करेंगे। बयान के अंत में यमनी सेना ने दावा किया कि सऊदी समर्थित बलों की हार और पीछे हटने के बाद बाब अल-मंदेब से समुद्री जहाजों की आवाजाही पहले से अधिक सुरक्षित हो गई है। उसने कहा कि यमन की आज़ादी, सम्मान और संप्रभुता के लिए सैन्य अभियान जारी रहेंगे।

Md. Tousif

Md. Tousif

मोहम्मद तौसिफ़ राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय खबरों पर नजर रखते हैं और ‘द क्रेडिबल हिस्ट्री’ में रिसर्चर के रूप में कार्यरत हैं।