इमरान खान को जेल में ही मार डालना चाहते हैं आसिम मुनीर?
पूर्व पाकिस्तानी प्रधानमंत्री ने अपने और बुशरा बीबी के स्वास्थ्य पर चिंता जताई। सरकारी पक्ष का कहना है कि जेल में उनकी नियमित जांच और देखभाल हो रही है।
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री और पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (पीटीआई) के संस्थापक इमरान खान ने जेल में अपनी और पत्नी बुशरा बीबी की बिगड़ती सेहत को लेकर देश की शीर्ष अदालतों का दरवाजा खटखटाया है। 16 नवंबर को लिखे एक खुले पत्र में उन्होंने फेडरल कॉन्स्टिट्यूशनल कोर्ट, सुप्रीम कोर्ट और इस्लामाबाद हाईकोर्ट के मुख्य न्यायाधीशों से तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने और पहले से दिए गए अदालती आदेशों पर अमल कराने की अपील की। अदियाला जेल में बंद 74 वर्षीय इमरान ने आशंका जताई कि यदि उनकी मौजूदा स्थिति बनी रही तो शायद वह जेल से ज़िंदा बाहर न आ सकें। उनकी पत्नी बुशरा बीबी की आंखों की रोशनी पर भी खतरा बताया गया है।
यह पत्र इमरान के वकील बैरिस्टर सलमान सफदर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर साझा किया। सफदर के मुताबिक, 11 नवंबर को अदियाला जेल में इमरान से मुलाकात के दौरान उन्होंने यह पत्र न्यायाधीशों तक पहुंचाने का निर्देश दिया था। इमरान ने पत्र में कहा कि वह एकांत कारावास में हैं और अब यही उनकी आवाज जेल की दीवारों से बाहर पहुंचाने का एकमात्र रास्ता बचा है। उन्होंने लिखा कि वह अदालतों से किसी विशेष रियायत की मांग नहीं कर रहे, बल्कि केवल अपने और पत्नी के लिए उचित इलाज तथा सुप्रीम कोर्ट के पहले दिए गए आदेशों के पालन की अपेक्षा रखते हैं।
ब्लड प्रेशर और दिल को खतरे का दावा
इमरान ने अपने स्वास्थ्य की स्थिति को लेकर गंभीर चिंता जताई है। पत्र में उन्होंने बताया कि उनका ब्लड प्रेशर पहले 130, फिर 150 और उसके बाद 170 तक पहुंचा। उन्होंने दावा किया कि 10 नवंबर को यह 193 तक दर्ज किया गया। उनके मुताबिक, डॉक्टरों ने उन्हें ब्रेन हैमरेज और कार्डियक अरेस्ट का गंभीर खतरा बताया है। उन्होंने यह भी कहा कि उनके दिल को पहले ही नुकसान पहुंच चुका है।
इमरान ने लिखा कि 74 वर्ष की उम्र में लगातार बनी हुई यह स्थिति उन्हें ऐसी हालत में पहुंचा रही है, जहां से शायद वह जीवित वापस न लौट सकें।
इमरान ने आरोप लगाया कि उन्हें प्रतिदिन 22 घंटे तक एकांत में रखा जाता है। उनके अनुसार, परिवार और वकीलों से मुलाकात, विदेश में रह रहे बेटों कासिम और सुलेमान से फोन पर बातचीत, किताबें और टेलीविजन जैसी सुविधाओं तक उनकी पहुंच सीमित कर दी गई है। उन्होंने कहा कि लंबे समय तक अकेले रहने का उनकी मानसिक सेहत पर गंभीर असर पड़ा है।
पत्र में इमरान ने जेल के मेडिकल बोर्ड का भी हवाला दिया। उनका दावा है कि बोर्ड ने उनकी बेचैनी और चिंता को दर्ज किया था तथा मानसिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए परिवार से अधिक संपर्क, पढ़ने की सामग्री और टेलीविजन की सुविधा देने की सिफारिश की थी। लेकिन उनके मुताबिक, इन सिफारिशों पर अमल नहीं हुआ। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जेल प्रशासन ने उनकी पत्नी से नियमित मुलाकात में बाधा डाली और उनके वकीलों को भी उनसे मिलने का पर्याप्त अवसर नहीं दिया।
इमरान के मुताबिक, पिछले एक साल में उनके वकील उनसे केवल चार बार मिल सके। उन्होंने यह भी कहा कि जेल में उनके अभिवादन या बातचीत का जवाब तक नहीं दिया जाता। उनके शब्दों में, इस तरह का अलगाव केवल शारीरिक स्वतंत्रता पर पाबंदी नहीं, बल्कि मानसिक रूप से तोड़ने की कोशिश है।
इमरान ने अपनी दाईं आंख की दृष्टि को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उनके मुताबिक, फरवरी में वकील सलमान सफदर से जेल में मुलाकात के दौरान यह पता चला कि उनकी दाईं आंख की लगभग 85 फीसदी रोशनी जा चुकी थी। उन्होंने आरोप लगाया कि इस स्थिति की जानकारी उनके परिवार और कानूनी प्रतिनिधियों को समय पर नहीं दी गई।
इमरान को नवंबर में आंख के इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था। 11 नवंबर को उन्हें अदियाला जेल से इस्लामाबाद के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी आंख की जांच और इंजेक्शन से जुड़ा उपचार किया गया। अस्पताल प्रशासन ने उनकी हालत को चिकित्सकीय रूप से स्थिर बताया, लेकिन इमरान के पत्र से स्पष्ट है कि वह अपने इलाज की प्रकृति और उसकी पर्याप्तता को लेकर संतुष्ट नहीं हैं।

इमरान ने अपनी पत्नी बुशरा बीबी की सेहत को लेकर भी चिंता जताई है। उनके अनुसार, अप्रैल में बुशरा की आंख के रेटिना में गंभीर समस्या आई थी और उनकी सर्जरी करनी पड़ी थी। इमरान का दावा है कि हाल की मुलाकात में बुशरा रोशनी सहन नहीं कर पा रही थीं और आंखें खोलने में भी कठिनाई महसूस कर रही थीं। उन्होंने आशंका जताई कि यदि दोबारा सर्जरी और उचित इलाज नहीं हुआ तो उनकी पत्नी की आंखों की रोशनी हमेशा के लिए जा सकती है।
इमरान ने अपने पत्र में 18 अगस्त को सुप्रीम कोर्ट की ओर से दिए गए आदेश का विशेष रूप से उल्लेख किया। उनके मुताबिक, अदालत ने उन्हें दो दिनों के भीतर इस्लामाबाद के शिफा इंटरनेशनल अस्पताल ले जाने और विशेषज्ञ डॉक्टरों से जांच कराने का निर्देश दिया था। लेकिन उनका आरोप है कि इस आदेश का पालन नहीं किया गया। इसके बजाय उन्हें सरकारी अस्पताल ले जाया गया और कुछ घंटों बाद वापस जेल भेज दिया गया।
इमरान के आरोपों को पाकिस्तान सरकार ने खारिज किया है। संसदीय मामलों के मंत्री तारिक फजल चौधरी ने कहा कि जेल में इमरान को भोजन सहित सभी जरूरी सुविधाएं दी जा रही हैं और वह देश के सबसे अधिक सुविधाएं पाने वाले कैदियों में शामिल हैं। मंत्री के मुताबिक, डॉक्टर हर सप्ताह उनकी जांच करते हैं और जरूरत पड़ने पर उनकी चिकित्सा देखभाल में कोई लापरवाही नहीं होने दी जाएगी।
सरकार ने किताबों और टेलीविजन तक पहुंच से वंचित किए जाने के आरोपों को भी गलत बताया। मंत्री ने पीटीआई से अपील की कि वह इमरान की सेहत जैसे संवेदनशील मुद्दे को राजनीतिक प्रचार का माध्यम न बनाए। सरकारी पक्ष का कहना है कि इमरान को पर्याप्त सुविधाएं दी जा रही हैं और उनकी चिकित्सा निगरानी नियमित रूप से हो रही है।
इमरान खान अगस्त 2023 से जेल में हैं। उनके खिलाफ तोशखाना और अल-कादिर ट्रस्ट सहित कई मामले चले हैं। इमरान और पीटीआई इन मामलों को राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित बताते रहे हैं, जबकि सरकार का कहना है कि वह अदालतों द्वारा सुनाई गई सजा भुगत रहे हैं। इस राजनीतिक टकराव ने पाकिस्तान की राजनीति को लंबे समय से अस्थिर कर रखा है।
अभी कुछ दिन पहले पाकिस्तान और भारत सहित दुनिया भर के पूर्व क्रिकेटर्स ने भी इमरान खान को रिहा करने की अपील की थी लेकिन लगता है आसिम मुनीर उन्हें जेल से बाहर न आने देने के लिए बज़िद हैं।
