Politics

बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा: भीड़ ने मोहम्मद यूनुस के घर में लगाई आग, शेख हसीना की वापसी को लेकर बढ़ा तनाव

TCN Desk TCN Desk | 19 Nov, 2026 · 4 min read
बांग्लादेश में फिर भड़की हिंसा: भीड़ ने मोहम्मद यूनुस के घर में लगाई आग, शेख हसीना की वापसी को लेकर बढ़ा तनाव

शेख हसीना की वापसी की मांग अवामी लीग के लिए राजनीतिक समर्थन जुटाने का भी एक अहम मुद्दा है

शेख हसीना की प्रस्तावित बांग्लादेश वापसी को लेकर बढ़ते तनाव के बीच मोहम्मद यूनुस के चटगांव स्थित पैतृक निवास को आग लगाए जाने की खबर आ रही है। 2024 से 2026 के बीच बनी अंतरिम सरकार के मुख्य सलाहकार रहे मोहम्मद यूनुस उस वक्त वहाँ मौजूद नहीं थे पर अवामी लीग द्वारा गुरुवार के बांग्लादेश बंद की घोषणा के बाद क्रूड बम धमाके तथा आग जनी के कारण कई लोगों के घायल होने की खबर है।

Mohammad Ponir Hosain


अवामी लीग तथा शेख हसीना द्वारा मांग रखी गई थी कि उनके नाम से नया पासपोर्ट तथा प्रमाण पत्र जारी किया जाए ताकि वे बांग्लादेश लौट सकें पर वहाँ की सरकार द्वारा इन मांगों को खारिज कर दिया गया था तथा भारत सरकार से उनका प्रत्यर्पण करने की मांग की थी ताकि उन पर मुकदमा चलाया जा सके। अब से एक साल पहले वहाँ की एक लोकल अदालत ने उन्हे 2024 के छात्र आंदोलन को दमन पूर्वक कुचलने के लिए मौत की सजा सुनाई थी। इस दौरान वे भारत में रह रही हैं तथा भारतीय विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने अपने बांग्लादेशी सहयोगी से कहा था कि बिना वैध पासपोर्ट के उन्हे बांग्लादेश भेजा जाना न्यायसंगत नहीं है। शेख हसीना की वापसी की मांग अवामी लीग के लिए राजनीतिक समर्थन जुटाने का भी एक अहम मुद्दा है और इसी के तहत उनके द्वारा किए गए बांग्लादेश बंद के आवाहन को देखा जाना चाहिए।

AP


सिंगापूर के पूर्व नौकरशाह रहे किशोर महबूबानी ने अपनी किताब लिविंग दी एशियन एज में इक्कीसवीं सदी के इस दशक को रेजिंग ट्वेंटीज़ कहकर संबोधित किया था तथा इस दौरान कई बड़े राजनीतिक बदलावों की ओर संकेत किया था जो की दुनिया को एक मल्टी पोलर युग की ओर ले जाएंगे। बांग्लादेश भी शेख हसीना के दौर में 2026 तक मिडल इनकम देश बनने की ओर अग्रसर था पर फिर देश में अराजकता का दौर रहा और छात्र आंदोलन के दमन के लिए और अपनी राजनीतिक ताकतों का गैर संवैधानिक इस्तेमाल करने के लिए देश का एक बड़ा तबका उनके विरुद्ध सड़कों पर उतर आया था तथा वहाँ की आर्मी ने भी उनके विरुद्ध बगावत कर दी थी खबरों के अनुसार, जिसके बाद उन्हे बांग्लादेश छोड़कर भारत में शरण लेनी पड़ी थी तथा उस वक्त से अब तक वे भारत में ही रह रही हैं।


लोकल रिपोर्ट के अनुसार अभी जारी हिंसा को रोकने के लिए बांग्लादेश बॉर्डर गार्ड की 96 टुकड़ियाँ तैनात कर दी गई हैं। यह व्यवस्था गोपालगंज तथा फरीदपुर जैसे 7 जिलों के लिए की गई हैं जहां अवामी लीग तथा शेख हसीना के समर्थकों की तादाद अधिक बताई जाती है। सत्ता पक्ष में शामिल पार्टियों द्वारा अवामी लीग के नेताओं से इस मामले पर बातचीत किए जाने को लेकर अब तक कोई खबर सार्वजनिक तौर पर उपलब्ध नहीं है।

बांग्लादेश के गृह मंत्री सलाउद्दीन अहमद ने अवामी लीग के विदेश में रह रहे नेताओं पर इस तरह की अराजकता तथा हिंसा भड़काने का आरोप लगाया जिसमें राष्ट्र की संपत्ति को नुकसान पहुंचाया जा रहा है तथा आम लोगों की जान भी जोखिम में डाली जा रही है। उन्होंने कहा की इस तरह की गतिविधियों में भाग लेने वालों को चिह्नित किया जाएगा तथा उन पर उचित कानूनी कार्यवाही की जाएगी। बांग्लादेश के पुलिस प्रशासन द्वारा पूर्व शिक्षा मंत्री नुरुल इस्लाम नाहिद को गिरफ्तार किए जाने की खबर है। नुरुल नाहिद पर 2024 के आंदोलन के दौरान किए गए सरकारी दमन के संदर्भ में हत्या के मामले दर्ज हैं।


अवामी लीग के बहुत से नेता देश से बाहर रह रहे हैं या छुपे हुए हैं तथा इस मामले में अब तक उनकी कोई टिप्पणी नहीं आई है। अब तक मोहम्मद यूनुस द्वारा स्थापित किए गए ग्रामीण बैंक की 37 शाखाओं पर हमले होने की खबर है जिनमें से 14 शाखाओं पर हमले मंगलवार मध्यरात्रि के बाद किए गए हैं। मोहम्मद यूनुस का पैतृक निवास जहां आगजनी हुई वह जगह चटगांव में राजधानी ढाका से 300 किलोमीटर दूर स्थित है। इलाके के पुलिस थाना प्रभारी ने कहा है की आग इमारत की निचली मंजिल पर लगाई गई थी तथा ऊपरी मंजिल पर रह रहे मोहम्मद यूनुस के परिजन पूरी तरह सुरक्षित हैं।


भारत ने बांग्लादेश के निर्माण में प्रमुख भूमिका निभाई थी जब पाकिस्तान से अलग होकर बांग्लादेश एक स्वतंत्र राष्ट्र बना था तथा शेख हसीना के पिता, शेख मुजीब उर रहमान वहाँ के प्रथम राष्ट्रपति बने थे। आने वाले दिनों में भारत तथा बांग्लादेश शेख हसीना के मामले को लेकर क्या समझ बनाते हैं तथा बांग्लादेश में जारी हिंसा की वारदातों को लेकर वहाँ का प्रशासन क्या बेहतर फैसले लेता है यह देखने लायक होगा।