कोलंबिया में राहुल गांधी ने उठाए रोज़गार से जुड़े सवाल, कहा- भारत गंभीर आर्थिक संकट की तरफ बढ़ रहा है
राहुल गांधी ने कहा कि भारत के सामने बेरोज़गारी एक बहुत बड़ी समस्या है और शिक्षा व्यवस्था में गहरी कमियाँ हैं।
लोक सभा में विपक्ष के नेता और काँग्रेस पार्टी के प्रमुख चेहरे, राहुल गांधी ने कोलंबिया विश्वविद्यालय में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भारत की अर्थव्यवस्था तथा शिक्षा की स्थिति पर चिंता जाहिर की तथा कहा कि देश का युवा वर्ग, मौजूदा हालात में अपना बेहतर भविष्य नहीं देख पा रहे हैं क्योंकि वे रोजगार के मुद्दे से जूझ रहे हैं। उन्होंने कहा कि बेरोज़गारी और शिक्षा व्यवस्था की समस्याएँ भारत को गंभीर आर्थिक संकट की ओर ले जा रही हैं। उन्होंने मतदाता सूची से लोगों के नाम हटाए जाने के आरोप भी दोहराए तथा सरकारी नीतियों से लोगों में उपजे गहरे असंतोष को छात्र आंदोलनों की वजह बताया। उनके बयानों पर भारतीय जनता पार्टी ने विदेश में देश की छवि ख़राब करने का आरोप लगाया है।

यह कार्यक्रम कोलंबिया विश्वविद्यालय में छात्रों और शिक्षकों के साथ संवाद के रूप में आयोजित किया गया था। पत्रकार लिडिया पोलग्रीन ने इस बातचीत का संचालन किया और उसके बाद सवाल-जवाब का कार्यक्रम रखा गया था। राहुल गांधी की दो दिवसीय अमेरिकी यात्रा में 18 नवंबर को शिकागो विश्वविद्यालय में प्रोफ़ेसर रॉबर्ट पेप के साथ चर्चा भी निर्धारित है। कोलंबिया के कार्यक्रम का घोषित विषय छात्र आंदोलनों का वैश्विक उभार, लोकतंत्र और शिक्षा तथा रोज़गार से जुड़ी माँगें था।
युवाओं के बारे में पूछे गए सवाल पर राहुल गांधी ने कहा कि भारत के सामने बेरोज़गारी एक बहुत बड़ी समस्या है और वहाँ की शिक्षा व्यवस्था में गहरी कमियाँ हैं। उनके मुताबिक, मीडिया या सार्वजनिक चर्चा में इन समस्याओं को नज़रअंदाज़ करने से वे समाप्त नहीं होंगी। उन्होंने भारत के आर्थिक भविष्य को लेकर कड़ी चेतावनी दी और कहा कि देश आर्थिक आपदा के मुहाने पर खड़ा है और चाहे मीडिया इस बात को नजरंदाज करे पर यह एक हकीकत है।
राहुल गांधी ने युवाओं की नाराज़गी को भविष्य के प्रति अनिश्चितता से जोड़ा। उन्होंने कहा कि असंतोष जताने वाले युवाओं में औपचारिक शिक्षा प्राप्त और मध्यवर्गीय परिवारों से आने वाले लोग बड़ी तादाद में शामिल हैं। उनके अनुसार, ऐसे युवा अपने लिए आगे बढ़ने का रास्ता नहीं देख पा रहे हैं तथा पढ़ाई के बाद काम और आर्थिक सुरक्षा की उम्मीद पूरी न होने से उनकी निराशा बढ़ती है। राहुल ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस बदलाव को समझने की कोशिश कर रही है और युवाओं तथा उनके परिवारों से बातचीत में यह चिंता लगातार सामने आ रही है।
उन्होंने कहा की लघु उद्योग तथा कृषि क्षेत्र अर्थव्यवस्था की नीव होते हैं और भारत को चाहिए की वे अपने मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर का पुनर्निर्माण करे क्योंकि सरकार अगर चाहे तो भी वे सभी को सर्विस क्षेत्र में नौकरी नहीं दे पाएगी। एक महत्वपूर्ण प्रश्न उठाते हुए उन्होंने कहा कि भारत में प्राइवेट इन्वेस्टमेंट की भारी कमी है और सिर्फ कुछ ही बिजनेस समूह है जिन्होंने बीते सालों में वृद्धि हासिल की है जिनमे अदानी और अंबानी समूह शामिल है। गौतम अदानी द्वारा टाटा ग्रुप पर आधिपत्य स्थापित करने की कोशिश पर भी उन्होंने चिंता व्यक्त की।
बातचीत में राहुल गांधी ने भारत में मौजूद असंतोष को व्यापक अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों से भी जोड़ा। उन्होंने अमेरिका, ब्राज़ील और फ़्रांस का उल्लेख करते हुए पूछा कि अलग-अलग देशों में एक जैसे सवाल क्यों उठ रहे हैं। उनके अनुसार, इन घटनाओं के बीच वैश्विक अर्थव्यवस्था से जुड़ा संबंध है। इस विचार में छात्र आंदोलनों को समझने के लिए शिक्षा, रोज़गार और आर्थिक अवसरों में हो रहे बदलावों पर ध्यान देने की बात थी। उन्होंने भारत और फ़्रांस की परिस्थितियों को दुनिया की बड़ी आर्थिक प्रक्रियाओं के संदर्भ में देखने पर ज़ोर दिया।
उन्होंने Gen Z व उनके परिवारों से हुई बातचीत का जिक्र करते हुए कहा कि युवा बदलाव चाहते हैं तथा वे अपने माता-पिता से कह रहें हैं की आप हमें नहीं बात सकते की क्या किया जाना चाहिए क्योंकि आपके द्वारा लिए गए फैसले सही साबित नहीं हुए। उन्होंने कहा की वर्षों तक जिस व्यवस्था का निर्माण काँग्रेस पार्टी ने किया था उसे पिछले सालों में मौजूदा सरकार द्वारा नष्ट कर दिया गया है।
पहले भी दिए गए साक्षात्कारों में वे भारत में मौजूदा सरकार की नीतियों को लेकर चिंता व्यक्त करते रहे हैं और युवा वर्ग के बीच जाकर उनसे उनकी समस्याओं का ब्योरा लेने की कोशिश करते रहे हैं जिनमे रोजगार, अर्थव्यवस्था तथा शिक्षा नीतियों से संबंधित मुद्दे बार-बार प्रमुख समस्याएं बनकर उभरे हैं।
बीजेपी प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने राहुल गांधी पर भारत विरोधी प्रचार का आरोप लगाया। उन्होंने आर्थिक वृद्धि और भारतीय लोकतंत्र की अंतरराष्ट्रीय प्रतिष्ठा का हवाला देकर राहुल के आकलन को चुनौती दी। बीजेपी नेता दिलीप घोष ने भी आर्थिक स्थिति और विदेशी मुद्रा भंडार का उल्लेख करते हुए उनकी आलोचना की। यात्रा से पहले सैम पित्रोदा ने ऐसे विरोध का जवाब देते हुए कहा था कि अंतरराष्ट्रीय मंचों पर सार्वजनिक मुद्दों पर चर्चा करना आवश्यक है और सूचना सीमाओं में नहीं बांधी जा सकती। राहुल गांधी के इस यात्रा से वापस आने पर वोट चोरी के मुद्दे से जुड़े देशव्यापी आंदोलन के आगे बढ़ने की उम्मीद की जा सकती है।
