यमन-सोमालिया के पास समुद्री लुटेरों ने दो जहाज किए हाईजैक, 22 भारतीय हैं सवार
अदन की खाड़ी में यमन के तट से करीब 30 समुद्री मील दूर छह हथियारबंद समुद्री लुटेरों ने हाईजैक कर लिया।
यमन और सोमालिया के तट के पास अलग-अलग घटनाओं में कुल 22 भारतीय नागरिकों को ले जा रहे दो वाणिज्यिक जहाजों को समुद्री लुटेरों ने हाईजैक कर लिया है। डायरेक्टोरेट ऑफ मैरीटाइम एडमिनिस्ट्रेशन अधिकारियों ने गुरुवार को इसकी जानकारी दी। इन घटनाओं ने हॉर्न ऑफ अफ्रीका के आसपास के समुद्री क्षेत्र में समुद्री डकैती के बढ़ते खतरे को एक बार फिर उजागर किया है।
Hindustan Times की एक रिपोर्ट के अनुसार, इरिट्रिया के झंडे वाले तेल उत्पाद टैंकर M.T. Sibu 1 को अदन की खाड़ी में यमन के तट से करीब 30 समुद्री मील दूर छह हथियारबंद समुद्री लुटेरों ने हाईजैक कर लिया। जहाज पर कुल 20 क्रू सदस्य सवार थे, जिनमें 16 भारतीय नागरिक हैं।
डायरेक्टोरेट ऑफ मैरीटाइम एडमिनिस्ट्रेशन द्वारा तैयार एक रिपोर्ट के अनुसार, सभी 20 क्रू सदस्य सुरक्षित बताए गए हैं। हालांकि, जहाज और उसके चालक दल की ताजा स्थिति की जानकारी का इंतजार किया जा रहा है।
क्रू में 16 भारतीयों के अलावा एक सीरियाई, एक सूडानी और एक इराकी नागरिक शामिल है। एक अन्य नाविक की राष्ट्रीयता की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
रिपोर्ट के मुताबिक, रिक्रूटमेंट एंड प्लेसमेंट सर्विस लाइसेंस एजेंसी को घटना की रिपोर्ट और उसके बाद नियमित अपडेटe-Navik ऑनलाइन मरीन कैजुअल्टी रिपोर्टिंग सिस्टम के जरिए जमा करने के लिए कहा गया है।
SKS Krishiv Marine Services के सुमित कांत सिंह ने बताया कि उनकी कंपनी ने जहाज के चार क्रू सदस्यों की भर्ती की थी और उनकी जानकारी डायरेक्टोरेट ऑफ मैरीटाइम एडमिनिस्ट्रेशन को उपलब्ध करा दी गई है।
दूसरी घटना में समुद्री लुटेरों ने सोमवार को सोमालिया के पुंटलैंड तट के पास कैमरून के झंडे वाले मालवाहक जहाज M/V LUTUF को कब्जे में ले लिया।
एसोसिएटेड प्रेस के हवाले से एक सोमाली अधिकारी ने बताया कि जहाज के 10 सदस्यीय क्रू में छह भारतीय नागरिक शामिल हैं।
जहाज को पुंटलैंड के ईल जिले में मराया से करीब 3.5 समुद्री मील दूर कब्जे में लिया गया और इसके बाद उसे नुगाल तट की ओर ले जाया गया। क्रू में छह भारतीयों के अलावा एक तुर्की नागरिक, एक जॉर्जियाई और दो सर्बियाई सुरक्षा गार्ड भी शामिल हैं।
अधिकारी के मुताबिक, Polar Movement Shipping के स्वामित्व वाला यह जहाज मोगादिशु में स्थित तुर्की के एक सैन्य प्रशिक्षण केंद्र के लिए हथियार ले जा रहा था। जहाज पर संचार और सैटेलाइट उपकरण भी मौजूद थे। बताया गया है कि आठ समुद्री लुटेरों ने जहाज को कब्जे में लिया। माना जा रहा है कि ये लुटेरे उसी समूह के सदस्य हैं, जो अप्रैल में M/V Sward के हाईजैक में शामिल था। वे जहाज को पुंटलैंड के डांगोरोयो जिले में गरमाल के पास तट की ओर ले गए।
फिलहाल M/V LUTUF, उसके चालक दल और जहाज पर मौजूद सामान की स्थिति स्पष्ट नहीं है। तुर्किये के अधिकारियों की ओर से भी इस घटना पर तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।