Politics

मोदी सरकार के 200 अधिकारी देते हैं हमें जानकारी, ये सभी हमारे संपर्क में : राहुल गांधी

TCN Desk TCN Desk | 1h ago · 4 min read
मोदी सरकार के 200 अधिकारी देते हैं हमें जानकारी, ये सभी हमारे संपर्क में : राहुल गांधी

उन्होंने सुप्रीम कोर्ट तक प्रस्तावित INDIA गठबंधन के मार्च में सभी लोगों से शामिल होने की अपील की।

कांग्रेस सांसद और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि INDIA गठबंधन के नेता सोमवार दोपहर 3 बजे सुप्रीम कोर्ट जाएंगे और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार तथा ‘वोट चोरी’ के खिलाफ याचिका दाखिल करेंगे।

सोमवार को इंदिरा भवन में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में राहुल गांधी ने चुनावी अनियमितताओं के आरोपों को लेकर ज्ञानेश कुमार पर सवाल उठाए। उन्होंने सुप्रीम कोर्ट तक प्रस्तावित INDIA गठबंधन के मार्च में सभी लोगों से शामिल होने की अपील की।

राहुल गांधी ने कहा कि अगर भारतीय जनता पार्टी का भी कोई व्यक्ति इसमें शामिल होना चाहता है, तो उसका स्वागत है।


राहुल गांधी ने यह भी दावा किया कि नरेंद्र मोदी सरकार के करीब 200 अधिकारी विपक्ष के संपर्क में हैं और उन्हें जानकारी दे रहे हैं।


उन्होंने कहा,

मैं प्रधानमंत्री मोदी को बताना चाहता हूं कि आपकी सरकार के भीतर से 200 अधिकारी हमारे संपर्क में हैं। वे हमें जानकारी दे रहे हैं।

राहुल गांधी ने सोमवार को कहा,

सरकार से हमारी निजी लड़ाई नहीं है। यह संविधान बचाने की मुहिम है। जब तक न्याय नहीं मिलेगा, तब तक नहीं रुकेंगे। दिल्ली को किला बना दिया गया है। ट्रेनें और बसें रोकी जा रही हैं। हम रुकेंगे नहीं, जब तक सीईसी ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते तब तक हम प्रदर्शन करते रहेंगे।

राहुल ने आगे कहा कि,

एक दिन हमें पुलिस ने रोका, जंतर-मंतर पर पुलिस ने रोका, आज भी रोकेंगे। आपको लगता है कि क्या एक दिन की बात है। ये मत सोचिए कि 5 दिन पहले शुरू हुआ था। सालों से हमें रोका जा रहा है, अब दिख रहा है। आप सोच रहे हो कि हमारे लिए मुश्किल है। पुलिस हमें मार रही है। जितना आप थक रहे हो, उतना पुलिस थक रही है। पुलिस कह रही है कि हम ज्ञानेश कुमार को क्यों बचा रहे हैं। लगे रहना है। धैर्य बना कर रखिए, हम करेंगे, वे रोकेंगे, हमें लगे रहना है। जितने दिन लगेंगे, एक महीने, दो महीने, साल...हम पीछे नहीं हटेंगे।

नेता विपक्ष ने कहा,

CJI विपक्ष के नेताओं से नहीं मिलेंगे। आपकी जो भी बातें हैं, सुप्रीम कोर्ट में पिटीशन फाइल करें। आज विपक्ष के नेता सुप्रीम कोर्ट जाकर पिटीशन फाइल करेंगे। करोड़ों युवा लोकतंत्र को बचाना चाहते हैं, जो संविधान को धर्म मानते हैं, सभी की आवाज को हम धर्म मानते हैं और इस पर आक्रमण हो रहा है।

राहुल गांधी ने आगे कहा,

पहले दिन हमने कहा कि इलेक्शन कमीशन जाएंगे। विपक्ष के सारे नेता बिना हिंसा के वहां गए, हमें रोका गया। हमें बसों में डाला गया। हमें कहा गया कि प्रोटेस्ट नहीं कर सकते। पुलिस अफसर कहते हैं कि घर में प्रोटेस्ट कीजिए। हमने कहा कि हमें जगह दे दीजिए।


उन्होंने कहा,

दूसरे दिन हमने कहा कि डेजिगनेटेड एरिया (जंतर-मंतर) पर बैठने दीजिए। फिर पिटाई हुई। फिर हम राजघाट गए। वहां भी पिटाई हुई। अब हम सुप्रीम कोर्ट जा रहे हैं।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने कहा,

‘ये पुलिस वाले भी मोदी और अमित शाह से डिस्टर्ब हैं। ये कह रहे हैं कि हमसे युवाओं को क्यों पिटवाया जा रहा है। वे कह रहे हैं कि युवाओं को रोकने को कहा जा रहा है। आरएसएस के गुंडे महिलाओं को मार रहे हैं। एक तरफ हमसे कहा जा रहा है कि पैलेट गन चलाइए।’

राहुल गांधी ने आगे कहा कि,

लोगों को दिल्ली जाने से रोका जा रहा है। बसों, ट्रेनों को रोका जा रहा है, उतारा जा रहा है। दिल्ली को किला बना दिया है। आप सोचोगे कि कितनी पावरफुल चीज है। हम चाहते हैं कि 20-30 हजार पुलिसवाले सड़क पर हों। हम देश को दिखाना चाहते हैं कि सरकार, नरेंद्र मोदी ज्ञानेश कुमार को प्रोटेक्ट कर रहे हैं। जितना वो प्रोटेक्ट करेंगे, अंत में हम उनके कंट्रोलर के पास जाएंगे।

कांग्रेस समेत INDIA ब्लॉक की विपक्षी पार्टियां आज सुप्रीम कोर्ट तक मार्च करेंगी। इसे ‘चलो दिल्ली मार्च फॉर डेमोक्रेसी’ नाम दिया गया है। विपक्षी नेता दोपहर 1:30 बजे कनॉट प्लेस-बाराखंभा रोड जंक्शन पर जुटेंगे। विपक्ष का दावा है कि सुप्रीम कोर्ट तक इस तरह का मार्च पहली बार निकाला जा रहा है।

उधर, सोमवार को ही दिल्ली में प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई को लेकर जारी विरोध के बीच भारत के मुख्य न्यायाधीश (सीजेआई) सूर्यकांत ने कहा कि,

सुप्रीम कोर्ट को किसी भी राजनीति में नहीं घसीटा जाना चाहिए। उन्होंने वकीलों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि अदालत का कामकाज और वकीलों, कर्मचारियों तथा मुकदमे से जुड़े लोगों की आवाजाही बाधित न हो।


सीजेआई की यह बयान विपक्ष के सोमवार को सुप्रीम कोर्ट की ओर मार्च करने के फैसले के बीच सामने आया। इससे पहले सीजेआई ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी का मुलाकात का अनुरोध ठुकरा दिया था।