Politics

राहुल गांधी ने Gen-Z से की बड़ी अपील, लॉन्च किया ‘सत्याग्रह’ डिजिटल मंच, बड़े आंदोलन की तैयारी?

TCN Desk TCN Desk | 1h ago · 4 min read
राहुल गांधी ने Gen-Z से की बड़ी अपील, लॉन्च किया ‘सत्याग्रह’ डिजिटल मंच, बड़े आंदोलन की तैयारी?

इस पहल की जानकारी देते हुए राहुल गांधी ने महात्मा गांधी का भी उल्लेख किया।

देशभर में अलग-अलग मुद्दों पर विरोध प्रदर्शन कर रहे लोग अब अपने आंदोलनों की जानकारी एक साझा डिजिटल नक्शे पर दर्ज कर सकेंगे और समर्थन मांग सकेंगे। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने इसके लिए ‘सत्याग्रह’ नाम का नया डिजिटल मंच शुरू किया है। इस पहल का उद्देश्य देश के विभिन्न हिस्सों में चल रहे विरोध प्रदर्शनों और संघर्षों की जानकारी एक जगह जुटाना और समान मुद्दों पर लड़ रहे लोगों को एक-दूसरे से जोड़ना है।

राहुल गांधी ने उन लोगों से अपनी कहानी साझा करने की अपील की है, जो मानते हैं कि वे किसी अन्याय के खिलाफ लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस मंच के जरिए लोग यह भी देख सकेंगे कि देश में और कौन उनके जैसे मुद्दों पर संघर्ष कर रहा है। कांग्रेस नेता ने जरूरत के अनुसार ऐसे मामलों को संसद में उठाने, पत्र लिखने या मौके पर पहुंचकर लोगों के साथ खड़े होने की बात कही है।


सोशल मीडिया मंच एक्स पर साझा किए गए एक पोस्ट में राहुल गांधी ने बताया कि,

‘सत्याग्रह’ पर दर्ज की गई लोगों की कहानियां नक्शे पर दिखाई देंगी। इससे अलग-अलग जगहों पर चल रहे आंदोलनों के बीच संपर्क बनाने में मदद मिलेगी।

उन्होंने कहा,

आपकी कहानी नक्शे पर दिखाई देगी। आप देख सकेंगे कि आपके जैसी लड़ाई और कौन लड़ रहा है। मैं अपनी ओर से जो भी कर सकता हूं, करूंगा—संसद में, सड़कों पर, पत्र लिखकर और जहां भी मेरी जरूरत होगी, वहां आपके साथ खड़ा होकर। विपक्ष के नेता के तौर पर यह मेरी जिम्मेदारी है।

राहुल गांधी ने इस पहल को ऐसे लोगों और समूहों को एक साथ लाने का माध्यम बताया, जिनके आंदोलन अक्सर एक-दूसरे से अलग रह जाते हैं। उनके मुताबिक, देश के अलग-अलग हिस्सों में लोग अपने अधिकारों के लिए आवाज उठा रहे हैं, लेकिन कई बार उन्हें अकेले संघर्ष करना पड़ता है।

कांग्रेस नेता ने कहा कि,

देशभर में युवाओं, छात्रों, किसानों, आदिवासियों, दलितों और महिलाओं के संघर्ष जारी हैं। हर आंदोलन की अपनी कहानी और अपनी मांगें हैं। हालांकि, अकेले उठने वाली आवाज को कई बार दबा दिया जाता है। देशभर में लोग अपने अधिकारों के लिए लड़ रहे हैं और अक्सर अकेले लड़ रहे हैं। जेन ज़ी, छात्र, किसान, आदिवासी, दलित, महिलाएं—हर संघर्ष की अपनी कहानी है। लेकिन जो आवाज अकेले उठती है, वह अक्सर दबा दी जाती है।

राहुल गांधी के अनुसार,

‘सत्याग्रह’ इन आवाजों को एक नक्शे पर साथ लाने का अवसर देगा। इस मंच पर लोग अपने आंदोलन की जानकारी साझा करने के साथ उन दूसरे लोगों और समूहों के बारे में भी जान सकेंगे, जो मिलते-जुलते मुद्दों पर आवाज उठा रहे हैं।

इस पहल की जानकारी देते हुए राहुल गांधी ने महात्मा गांधी का भी उल्लेख किया। उन्होंने सत्य को एक शक्तिशाली हथियार बताते हुए कहा कि सच के साथ एकजुट होकर खड़े होने से संघर्ष को और मजबूती मिल सकती है।

उन्होंने कहा,

“बापू ने हमें सिखाया था कि सत्य सबसे बड़ा हथियार है। लेकिन उससे भी बड़ा हथियार है सत्य के साथ एकजुट होकर खड़ा होना। अगर आप भी किसी अन्याय के खिलाफ लड़ रहे हैं, तो अपनी कहानी साझा कीजिए। इसमें दो मिनट लगेंगे।”

कांग्रेस नेता ने लोगों से अपने संघर्ष का विवरण दर्ज करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आंदोलन छोटा हो या बड़ा, लोग उसकी जानकारी इस वेबसाइट पर दे सकते हैं और जरूरत पड़ने पर सहायता की इच्छा भी जाहिर कर सकते हैं। अपनी पोस्ट के साथ साझा किए गए वीडियो में राहुल गांधी ने बताया कि वह इस वेबसाइट को किस तरह काम करते देखना चाहते हैं। उनके मुताबिक, उपयोगकर्ता वेबसाइट पर अपना नाम, संबंधित समूह का नाम और उस मुद्दे का विवरण दर्ज कर सकते हैं, जिस पर वे विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं।

इसके अलावा, मंच पर यह बताने की सुविधा भी होगी कि उन्हें सहायता चाहिए या नहीं। राहुल गांधी ने कहा कि इस पहल का विचार छात्रों की चिंताओं, महिलाओं की सुरक्षा, किसानों के मुद्दों और महंगाई समेत विभिन्न विषयों पर हो रहे प्रदर्शनों से आया।

उन्होंने कहा, “देश के हर कोने में प्रदर्शन हो रहे हैं। कोई छात्रों की बात कर रहा है, कोई महिलाओं की बात कर रहा है, कोई महंगाई के खिलाफ प्रदर्शन कर रहा है। इस तरह देशभर में लाखों अलग-अलग विरोध प्रदर्शन हो रहे हैं।” राहुल गांधी ने कहा कि विपक्ष के नेता के तौर पर वह इन आंदोलनों की जानकारी एक जगह जुटाना चाहते थे। इसी उद्देश्य से ‘सत्याग्रह’ वेबसाइट शुरू की गई है।

आपका विरोध प्रदर्शन चाहे बड़ा हो या छोटा, अपना नाम, अपने समूह का नाम और प्रदर्शन किस मुद्दे पर है, उसका विवरण दर्ज कीजिए। अगर हम आपकी मदद कर सकते हैं या आप हमसे मदद चाहते हैं, तो हम खुशी से आपका समर्थन करेंगे।