Politics

साधु के भेष में निर्दलीय सांसद पप्पू यादव क्यों कर रहे थे चढ़ावा की चोरी!

TCN News Desk TCN News Desk | 14h ago
साधु के भेष में निर्दलीय सांसद पप्पू यादव क्यों कर रहे थे चढ़ावा की चोरी!

निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने भगवा कपड़े पहनकर साधु के भेष में 'चढ़ावा चोरी' को नुक्कड़ नाटक के रूप में मंचित किया।

संसद परिसर में शुक्रवार को विपक्ष के सांसदों का अयोध्या में राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के विरोध में एक अनोखा प्रदर्शन देखने को मिला। यह विरोध प्रदर्शन तब और दिलचस्प हो गया जब निर्दलीय सांसद पप्पू यादव ने भगवा कपड़े पहनकर साधु के भेष में 'चढ़ावा चोरी' को नुक्कड़ नाटक के रूप में मंचित किया।

मौके से वायरल हो रहे वीडियो में पप्पू यादव को मंदिर की 'हुंडी' (दान पेटी) जैसी दिखने वाली एक पेटी के साथ बैठे और राम मंदिर में चढ़ावा चोरी के दृश्यों को मंचित करते हुए देखा जा सकता है। इस दौरान कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के कई नेता भी उनके पास आए और पेटी में पैसे डाले, जिसके बाद सांसद ने नकदी अपनी जेब में रख ली। वायरल वीडियो में राहुल गांधी और कुछ अन्य नेताओं को पेटी में पैसे डालते हुए देखा गया। सांसद पप्पू यादव ने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी को दिखाने के लिए पैसे अपनी जेब में रख लिए। यादव ने अपने हाथ में भगवान राम की तस्वीर भी पकड़ी हुई थी।

Advertisement

समाजवादी पार्टी के अयोध्या से सांसद अवधेश प्रसाद ने साधु के भेष धरे पप्पू यादव को पकड़ा और मांग की कि उन्हें फांसी दी जाए। यह घटनाक्रम राम मंदिर के लिए मिले चढ़ावा चोरी के विपक्ष के आरोपों पर किए गए प्रदर्शन का हिस्सा था।


बता दें कि शुक्रवार का यह प्रदर्शन गुरुवार को संसद परिसर के मकर द्वार पर हुए एक और विरोध-प्रदर्शन के बाद हुआ, जिसमें समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव ने राम मंदिर में चढ़ावा चोरी और हेराफेरी को लेकर बीजेपी पर भगवान राम को धोखा देने का आरोप लगाया था।

डिंपल यादव ने कहा था,

"आपने भगवान राम के दान की चोरी करवाकर उन्हें भी धोखा दिया। इससे पता चलता है कि भारतीय जनता पार्टी की सोच कैसी है।"

इससे पहले, अखिलेश यादव के नेतृत्व में समाजवादी पार्टी के सांसदों ने मकर द्वार पर "चढ़ावा चोर, गद्दी चोर" के नारे लगाए थे और वित्तीय अनियमितताओं की उच्च-स्तरीय जांच की मांग की थी।

बीजेपी सांसद अरुण गोविल ने विपक्ष से आग्रह किया था कि वे आरोपों पर अधिकारियों के जवाब का इंतज़ार करें। गोविल ने कहा, "सरकार इस पर काम कर रही है, और अगर कोई घटना हुई है, तो उन्हें समाधान निकलने तक इंतज़ार करना चाहिए।" बीजेपी सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने भी इस विरोध-प्रदर्शन को लेकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा। उन्होंने कहा, "अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि को लेकर समाजवादी पार्टी जिस तरह की राजनीति करने की कोशिश कर रही है, वह अपने आप में बहुत निंदनीय है।"

बता दें कि यह विरोध चढ़ाना चोरी के साथ-साथ 20 जुलाई को संसद तक छात्रों के मार्च के दौरान पुलिस की दमनात्मक कार्रवाई के खिलाफ भी हो रहा है। INDIA गठबंधन के सांसदों ने गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग की और सदन की कार्यवाही में उनकी अनुपस्थिति पर सवाल उठाए। संसद के मकर द्वार के सामने विरोध प्रदर्शन करते हुए सांसदों ने 'अमित शाह इस्तीफा दो', 'अमित शाह सदन में आओ' और 'चढ़ावा चोर, गद्दी छोड़' जैसे नारे लगाए।

प्रियंका गांधी वाड्रा, समाजवादी पार्टी के अवधेश प्रसाद और धर्मेंद्र यादव, और झारखंड मुक्ति मोर्चा की महुआ माजी उन लोगों में शामिल थे जिन्होंने विरोध प्रदर्शन में भाग लिया। वे एक बड़े बैनर के पीछे खड़े थे जिस पर लिखा था- 'अमित शाह सदन से गायब क्यों?' INDIA गठबंधन के नेताओं ने कहा है कि

वे राम मंदिर चढ़ावा चोरी और NEET पेपर लीक को लेकर छात्रों के विरोध प्रदर्शन के दौरान उनके खिलाफ "बर्बर बल" के इस्तेमाल के मुद्दों पर सरकार को घेरेगा।

यह विरोध प्रदर्शन विपक्ष और केंद्र सरकार के बीच दो अहम मुद्दों पर बढ़ते टकराव के बीच हो रहा है - पहला, अयोध्या में राम मंदिर के लिए मिले दान में कथित चोरी और दूसरा, NEET-UG पेपर लीक के आरोपों को लेकर 20 जुलाई को संसद की ओर मार्च करने वाले छात्रों पर पुलिस की कार्रवाई।

INDIA गठबंधन ने सरकार पर इन दोनों मुद्दों पर चुप रहने का आरोप लगाया है और संसद के अंदर और बाहर इन मुद्दों को उठाते रहने का संकल्प लिया है। विपक्ष ने बार-बार अमित शाह के इस्तीफे की मांग की है। उनका आरोप है कि "संसद चलो" मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों पर ज़रूरत से ज़्यादा बल प्रयोग किया गया था। साथ ही, वे राम मंदिर के चढ़ावा चोरी के मामले में सरकार और मंदिर ट्र्स्ट के अधिकारियों से जवाबदेही की भी मांग कर रहे हैं।