आमिर खान का दो टूक, मेरी किसी भी पत्नी ने अपना धर्म नहीं बदला
आमिर खान ने साफ किया है कि गौरी हिंदू नहीं, बल्कि ईसाई हैं और उनकी किसी भी पत्नी ने शादी के बाद अपना धर्म नहीं बदला।
अभिनेता आमिर खान ने अपनी तीसरी शादी के बाद लग रहे 'लव जिहाद' के आरोपों पर पहली बार प्रतिक्रिया दी है। सोशल मीडिया पर यह दावा किया जा रहा था कि उनकी तीसरी पत्नी गौरी स्प्रैट हिंदू हैं और उनकी पहली दो पत्नियां भी हिंदू थीं। इसी विवाद के बीच उत्तर प्रदेश में उनके खिलाफ एक फतवा भी जारी किया गया। अब आमिर ने साफ किया है कि गौरी हिंदू नहीं, बल्कि ईसाई हैं और उनकी किसी भी पत्नी ने शादी के बाद अपना धर्म नहीं बदला। उन्होंने यह भी कहा कि समय के साथ उनकी जिंदगी और भी दिलचस्प होती जा रही है।
आमिर खान ने 5 जुलाई को गौरी स्प्रैट के साथ सिविल मैरिज की थी। इसके बाद बजरंग दल समेत कुछ हिंदू संगठनों ने उन पर 'लव जिहाद' का आरोप लगाया। हाल ही में उत्तर प्रदेश में उनके खिलाफ फतवा भी जारी किया गया, जिसमें उन्हें 'गुनाहगार मुस्लिम मर्द' बताया गया। इन आरोपों पर अब आमिर ने अपनी चुप्पी तोड़ी है।
61 वर्षीय आमिर खान की यह तीसरी शादी है। उनकी पहली शादी रीना दत्ता से हुई थी, जो करीब 16 साल बाद खत्म हो गई। इसके बाद उन्होंने किरण राव से शादी की, लेकिन बाद में दोनों अलग हो गए। अब उन्होंने गौरी स्प्रैट के साथ नई जिंदगी की शुरुआत की है। इसी शादी को लेकर कई संगठनों ने उन पर 'लव जिहाद' का आरोप लगाया और यहां तक कहा कि उनकी तीनों पत्नियां हिंदू रही हैं।
इस पूरे विवाद पर 'रेडिफ' को दिए एक इंटरव्यू में आमिर खान ने कहा कि,
उनकी पत्नी गौरी स्प्रैट हिंदू नहीं, बल्कि ईसाई हैं और उनकी किसी भी पत्नी ने कभी अपना धर्म नहीं बदला। सच यह है कि हमारा परिवार सभी धर्मों का सम्मान करता है। मेरी दोनों बहनों की शादी हिंदुओं से हुई है। मेरी बेटी ने भी एक हिंदू से शादी की है। मेरे कजिन मंसूर ने एक ईसाई महिला से शादी की है।
आमिर ने आगे कहा,
गौरी, किरण और रीना में से किसी ने भी अपना धर्म नहीं बदला, क्योंकि हमारी सभी शादियां सिविल मैरिज के जरिए हुई हैं। गौरी हिंदू नहीं, बल्कि ईसाई हैं और वह भी धर्म का बहुत अधिक पालन नहीं करतीं। जैसे-जैसे समय बीत रहा है, जिंदगी और भी मजेदार होती जा रही है।
इस बीच उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में यूपी के शाही चीफ मुफ्ती मौलाना चौधरी इफ्राहीम हुसैन ने 14 जुलाई को आमिर खान के खिलाफ फतवा जारी किया। इसका एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें वह कहते हैं कि इस्लामी शिक्षाओं के अनुसार मुस्लिम पुरुष के लिए मुस्लिम महिला से निकाह करना जायज माना गया है। उन्होंने कहा कि यदि कोई मुस्लिम पुरुष ऐसी गैर-मुस्लिम महिला से शादी करता है, जो अपने धर्म पर कायम रहे, तो इसे इस्लामी नियमों के अनुरूप नहीं माना जाता।
गौरतलब है कि आमिर खान अपनी पहली पत्नी रीना दत्ता से एक बेटे और एक बेटी के पिता हैं। दूसरी पत्नी किरण राव से उनका एक बेटा आजाद राव है। वहीं उनकी तीसरी पत्नी गौरी स्प्रैट तलाकशुदा हैं और उनके पहले विवाह से एक बेटा है।