International

अमेरिकी जहाज USS Abraham Lincoln के नौसैनिक क्यों कर रहे आत्महत्या की कोशिश?

TCN Desk TCN Desk | 55m ago · 5 min read
अमेरिकी जहाज USS Abraham Lincoln के नौसैनिक क्यों कर रहे आत्महत्या की कोशिश?

जहाज पर कई नौसैनिकों ने आत्महत्या का प्रयास करते हुए समुद्र में कूदने की कोशिश की है।

अमेरिकी विमानवाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन पर तैनात नौसैनिक और कर्मचारियों के बिगड़ते मानसिक स्वास्थ्य संकट को लेकर सैन्य परिवारों और अमेरिकी कांग्रेस के सदस्यों ने गंभीर चिंता जताई है। ईरान के साथ युद्ध के कारण विमानवाहक पोत अब्राहम लिंकन नौ महीनों यानी करीब 250 दिनों से समुद्र में है। लंबे समय तक जहाज पर लगातार ड्यूटी करने के कारण करीब 5,000 नौसैनिक और मरीन लंबे समय से मानसिक दबाव में हैं और यंत्रणा झेल रहे हैं।

The Guardian की एक रिपोर्ट के अनुसार,

अमेरिका के दो प्रमुख सैन्य प्रकाशनों Navy Times और Stars and Stripes ने रिपोर्ट किया है कि जहाज पर कई नौसैनिकों ने आत्महत्या का प्रयास करते हुए समुद्र में कूदने की कोशिश की है।

जहाज पर खराब परिस्थितियों और मानसिक तनाव के कारण हालात बेहद चिंताजनक हो गए हैं। चालक दल नौ महीने से जमीन पर नहीं उतरा है और अपने परिवार के लोगों से नहीं मिल पाया है। इतने लंबे समय तक समुद्र में रहने का अमेरिकी विमानवाहक पोत के लिए एक रिकॉर्ड है।


पिछले गुरुवार सैन डिएगो में नौसेना नेतृत्व के साथ हुई एक टाउन हॉल बैठक में चिंतित परिवारों ने जहाज पर मौजूद अपने परिजनों की स्थिति को लेकर चिंता जाहिर की। Stars and Stripes के मुताबिक, करीब 200 परिवारजनों की इस बैठक में एक महिला ने बताया कि उसके पति ने उसी दिन उसे संदेश भेजकर कहा था कि उसे उम्मीद है कि वह कल सुबह न उठे। परिवारों ने अपनी चिंताएं सीधे नौसेना के शीर्ष अधिकारियों के सामने रखीं। बैठक में कार्यवाहक नौसेना सचिव हंग काओ और अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।

बैठक में एक महिला ने काओ से कहा कि नौसेना ने “हमारे और नेतृत्व के बीच का भरोसा तोड़ दिया है।” Navy Times ने अब्राहम लिंकन की मौजूदा तैनाती के दौरान आत्महत्या की कोशिशों का भी विवरण दिया है। एनाबेल लोमा ने बताया कि,

लगातार बढ़ाई जा रही समुद्री तैनाती से परेशान होकर उनके पति ने जहाज से समुद्र में कूदने की कोशिश की थी। उन्होंने कहा, वह डरा हुआ है। उसे लगता है कि उसे अपमानजनक तरीके से सेवा से निकाल दिया जाएगा। सिर्फ इसलिए कि वह पूरी तरह थक चुका था, उसका 13 साल का करियर ऐसे ही बर्बाद हो सकता है।

अखबार ने एक अन्य नौसैनिक की पत्नी का भी हवाला दिया। उनके पति जहाज पर हुई एक अलग घटना के दौरान एक साथी नौसैनिक को समुद्र में कूदने से रोकने में शामिल थे। उन्होंने उस नौसैनिक को पकड़कर वापस डेक पर खींच लिया था।

कैलिफोर्निया से डेमोक्रेटिक सांसद माइक लेविन ने भी जहाज की परिस्थितियों को लेकर चेतावनी दी है। अब्राहम लिंकन पिछले पांच महीनों से ईरान के खिलाफ युद्ध अभियानों में शामिल है। लेविन ने एक्स पर चालक दल की स्थिति बताते हुए लिखा कि,

जहाज पर फफूंद लगे शॉवर, खराब शौचालय, हफ्तों से बंद लॉन्ड्री, लंबे समय तक गर्म पानी की कमी और भोजन के नाम पर आधा कप चावल और दो टॉर्टिला जैसी परिस्थितियां हैं। उनके मुताबिक साबुन, डियोडरेंट और टूथपेस्ट तक उपलब्ध नहीं हैं।

कोलोराडो से डेमोक्रेटिक सांसद और पूर्व आर्मी रेंजर जेसन क्रो, जो अफगानिस्तान और इराक में सेवा दे चुके हैं, ने चेतावनी दी कि अब्राहम लिंकन पर तैनात सैन्यकर्मियों और उनके परिवारों पर दबाव हर हफ्ते बढ़ता जा रहा है। यह संकट कई महीनों से बन रहा था। युद्धपोत ने 21 नवंबर को सैन डिएगो छोड़ा था। शुरुआत में इसे प्रशांत क्षेत्र में तैनात किया जाना था, लेकिन अमेरिका-इजरायल और ईरान के बीच युद्ध शुरू होने के बाद इसे मध्य पूर्व भेज दिया गया।

जहाज पर मौजूद 5,000 से अधिक लोगों को जमीन पर सिर्फ दो दिन बिताने का मौका मिला। दिसंबर में गुआम और जुलाई में ओमान में। तैनाती मई में समाप्त होनी थी, लेकिन जारी युद्ध के कारण इसे कई बार बढ़ाया गया। अप्रैल में भी विमानवाहक पोत की खराब परिस्थितियों को लेकर सार्वजनिक आलोचना हुई थी। खराब गुणवत्ता और सीमित मात्रा में भोजन की तस्वीरें सामने आई थीं। पानी की कमी, फफूंद लगे शॉवर और खराब लॉन्ड्री मशीनों की भी शिकायतें आई थीं।

अमेरिकी रक्षा सचिव पीट हेगसेथ ने इन रिपोर्टों को फेक न्यूज” बताकर खारिज कर दिया था। माइक लेविन ने इस सप्ताह हेगसेथ की टिप्पणी पर जवाब देते हुए कहा,

इन पुरुषों और महिलाओं ने अपने देश की सेवा के लिए खुद को समर्पित किया है। बदले में उनका देश कम से कम उन्हें गर्म पानी, काम करने वाला शौचालय और भरपेट खाना तो दे ही सकता है। हेगसेथ इतना भी नहीं कर पा रहे और फिर उनके परिवारों की आंखों में देखकर उन्हें झूठा बताने की हिम्मत करते हैं।

The Guardian ने समुद्र में कूदने की कोशिशों को लेकर अमेरिकी नौसेना से प्रतिक्रिया मांगी। एक नौसेना अधिकारी ने कहा कि उन्हें इस बात का एहसास है कि “लंबी तैनाती हमारे सैन्यकर्मियों और उनके परिवारों पर काफी दबाव डालती है और हम उनके धैर्य तथा बलिदान के लिए आभारी हैं।”

अधिकारी ने कहा कि अब्राहम लिंकन के हर नौसैनिक का स्वास्थ्य और कल्याण प्राथमिकता है। उन्होंने कहा, “कमांड के पास उपलब्ध जानकारी के आधार पर हमें जहाज पर आत्महत्या के विचारों या आत्महत्या की कोशिशों की कोई रिपोर्ट नहीं मिली है। नौसेना अधिकारी के मुताबिक, धार्मिक सलाहकार, चिकित्सा विशेषज्ञ और मानसिक स्वास्थ्य पेशेवर एक व्यापक सहायता व्यवस्था के तहत उपलब्ध हैं। इसमें जहाज पर तैनाती के दौरान मानसिक दबाव से निपटने वाले काउंसलर भी शामिल हैं।