Crime

रेप के आरोपी एनडीए के पूर्व सांसद प्रज्ज्वल रेवन्ना जेल मे देख रहे थे पॉर्न वीडियो, मोबाइल जब्त

TCN Desk TCN Desk | 5h ago · 5 min read
रेप के आरोपी एनडीए के पूर्व सांसद प्रज्ज्वल रेवन्ना जेल मे देख रहे थे पॉर्न वीडियो, मोबाइल जब्त

प्रज्ज्वल रेवन्ना इस जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं।

रेप के आरोप में बेंगलुरु सेंट्रल जेल में कैद जनता दल (सेक्युलर) के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के पास तलाशी अभियान के दौरान बरामद मोबाइल में दर्जनों पॉर्न वीडियो मिले हैं। इतना ही नहीं जेल में उन्हें वाई-फाई की सुविधा मिली थी और वो अपने मोबाइल पर नेटफ्लिक्स और प्राइम वीडियो पर फिल्में देखते थे, व्हाट्सएप और इंस्टाग्राम चलाते थे। रेवन्ना इस जेल में उम्रकैद की सजा काट रहे हैं।

Deccan Herald की एक रिपोर्ट के अनुसार, हाई-प्रोफाइल कैदियों को निशाना बनाकर जेल के भीतर चलाए गए सेंट्रल क्राइम ब्रांच (CCB) के तलाशी अभियान के दौरान पूर्व सांसद का मोबाइल फोन जब्त किया गया था। बाद में फोन की जांच के दौरान जांचकर्ताओं को 80 से 90 डाउनलोड किए गए अश्लील वीडियो मिले। बरामद मोबाइल फोन की अब विस्तृत फॉरेंसिक जांच की जा रही है। जांचकर्ता फोन में मौजूद सभी वीडियो फाइलों, तस्वीरों और अन्य डिजिटल डेटा की जांच कर रहे हैं, ताकि यह पता लगाया जा सके कि ये सामग्री कहां से आई, इसे कब डाउनलोड किया गया और रेवन्ना से जुड़ी चल रही आपराधिक कार्यवाही से इसका कोई संबंध है या नहीं।


बता दें कि 36 वर्षीय प्रज्वल रेवन्ना ने 2019 से 2023 तक हासन लोकसभा सीट का जनता दल (सेक्यूलर) से प्रतिनिधित्व किया था। जनता दल (सेक्यूलर) का कर्नाटक में भाजपा के साथ गठबंधन है। रेवन्ना अगस्त 2025 में जनप्रतिनिधियों से जुड़े मामलों की विशेष अदालत ने उन्हें हासन जिले के होलेनरसीपुरा स्थित एक फार्महाउस में घरेलू सहायिका से बलात्कार के मामले में दोषी ठहराया था।

इस बरामदगी के बाद जेल प्रशासन के भीतर कार्रवाई भी शुरू हो गई है। जेल के असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट को निलंबित कर दिया गया है, जबकि बेंगलुरु सेंट्रल जेल के सुपरिंटेंडेंट को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। मोबाइल फोन के अलावा अधिकारियों ने सेल से एक पेन ड्राइव और चार्जर भी बरामद किया। अधिकारियों के मुताबिक, चार से पांच घंटे तक चले तलाशी अभियान के दौरान कोई अन्य प्रतिबंधित सामान नहीं मिला।

बता दें कि अगस्त 2025 में एक विशेष अदालत ने रेवन्ना को रेप, बार-बार यौन उत्पीड़न, ताक-झांक और सबूत नष्ट करने के मामले में दोषी ठहराते हुए उम्रकैद की सजा सुनाई थी। 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले रेवन्ना से जुड़े अश्लील वीडियो सामने आने के बाद इस मामले ने देशभर में सुर्खियां बटोरी थीं। रेवन्ना लगातार इन आरोपों से इनकार करते रहे हैं और उनका दावा है कि वीडियो में छेड़छाड़ की गई थी।

इसके बाद उनकी कानूनी टीम ने पक्षपात का आरोप लगाते हुए एक मामले को दूसरे न्यायाधीश के पास स्थानांतरित करने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट का रुख किया है। वहीं, उनकी दोषसिद्धि के खिलाफ अपील कर्नाटक हाई कोर्ट में लंबित है। जेल की सेल से हुई इस ताजा बरामदगी के बाद जांचकर्ताओं का ध्यान अब मोबाइल फोन के स्रोत और उसके इस्तेमाल, उसमें मिली डिजिटल सामग्री तथा जेल नियमों के संभावित उल्लंघन पर केंद्रित रहने की संभावना है।

गृह मंत्री प्रियांक खड़गे ने कहा कि उन्होंने दो से तीन सप्ताह पहले परप्पना अग्रहारा सेंट्रल जेल का दौरा किया था और निरीक्षण के दौरान कई खामियां देखी थीं।


उन्होंने बताया कि,

मुख्यमंत्री डी.के. शिवकुमार से छापेमारी की अनुमति ली गई। राज्य की दूसरी जेलों में भी इसी तरह की तलाशी ली जाएगी। मंत्री ने कहा, “चाहे कलबुर्गी हो, बेलगावी हो, बेंगलुरु हो या कोई दूसरी जेल, हम सख्त कार्रवाई करेंगे। हम यह कार्रवाई जारी रखेंगे।”

सेंट्रल क्राइम ब्रांच के अधिकारी ने बताया कि हल्के नीले रंग का Redmi 5G फोन मंगलवार को दोपहर 2 बजे से रात 9 बजे के बीच की गई तलाशी के दौरान सिक्योरिटी सेक्शन-3 की पहली मंजिल पर स्थित कमरा नंबर 4 से बरामद हुआ। फोन में मौजूद ऐप्स पासवर्ड से सुरक्षित थे। इस मामले में दर्ज FIR के मुताबिक, रेवन्ना और उनके साथ बंद कैदी प्रताप राय, दोनों ने तलाशी टीम से कहा कि उन्हें पासवर्ड की जानकारी नहीं है। फोन के साथ एक सफेद चार्जर, नीले रंग की पॉकेट नोटबुक और काले रंग की पेन ड्राइव भी मिली। इस कमरे में रेवन्ना और विचाराधीन कैदी राय रह रहे थे।

अधिकारियों के मुताबिक राय ने बताया कि फोन, चार्जर और पेन ड्राइव उसके हैं और वह इस फोन का इस्तेमाल अपने रिश्तेदारों और वकील से बात करने के लिए करता था। रेवन्ना ने भी टीम को बताया कि उन्होंने राय के फोन का इस्तेमाल अपने रिश्तेदारों और वकील को फोन करने के लिए किया था। रेवन्ना ने दावा किया कि नोटबुक उनकी है। CCB ने चारों सामान जब्त कर लिए और दोनों कैदियों के खिलाफ कर्नाटक जेल (संशोधन) अधिनियम, 2022 और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धाराओं के तहत शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि प्रतिबंधित सामान बिना अनुमति जेल के अंदर लाया गया और कैदियों ने उसका इस्तेमाल किया।

जेल एवं सुधार सेवाओं के DGP आलोक कुमार ने बताया कि यह छापेमारी हाई-प्रोफाइल कैदियों को ध्यान में रखकर की गई थी और करीब चार से पांच घंटे तक चली। उन्होंने बताया कि राय के पास से एक और मोबाइल फोन भी मिला।

आलोक कुमार ने कहा,

मंगलवार) दोपहर CCB ने सभी हाई-प्रोफाइल कैदियों के यहां छापेमारी की। प्रज्वल रेवन्ना के पास से एक एंड्रॉयड फोन जब्त किया गया है। पुलिस अब CCTV फुटेज की जांच कर रही है और नोटिस जारी करने तथा आगे की कार्रवाई से पहले अतिरिक्त जानकारी जुटाई जा रही है।

कुमार ने बताया कि DIG साउथ की रिपोर्ट के बाद संबंधित असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट को निलंबित कर दिया गया है, जबकि बेंगलुरु सेंट्रल जेल के सुपरिंटेंडेंट को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। उन्होंने कहा, CCB ने परप्पना अग्रहारा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है और FIR दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। मोबाइल फोन की बरामदगी के बाद जेल अधिकारियों पर भी कार्रवाई की गई है। असिस्टेंट सुपरिंटेंडेंट इरन्ना रंगापुर को कथित तौर पर ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में निलंबित कर दिया गया, जबकि बेंगलुरु सेंट्रल जेल के सुपरिंटेंडेंट को कारण बताओ नोटिस दिया गया।