Entertainment

रणबीर बने श्रीराम, लेकिन महफिल लूट ले गए रावण बने यश

TCN News Desk TCN News Desk | 1h ago
रणबीर बने श्रीराम, लेकिन महफिल लूट ले गए रावण बने यश

'रामायण' को दो हिस्सों में बड़े पर्दे पर लाने की घोषणा की थी, तभी से इस फिल्म को लेकर लोगों के बीच उत्सुकता बनी हुई थी।

जब नितेश तिवारी ने पहली बार 'रामायण' को दो हिस्सों में बड़े पर्दे पर लाने की घोषणा की थी, तभी से इस फिल्म को लेकर लोगों के बीच उत्सुकता बनी हुई थी। वजह भी साफ़ है। रामायण सिर्फ़ एक लोकप्रिय कहानी नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति और करोड़ों लोगों की आस्था का हिस्सा है। इसलिए ट्रेलर से लोगों की उम्मीदें भी काफी ज़्यादा थीं।

गुरुवार सुबह 4:15 मिनट पर इसका ट्रेलर रिलीज़ हुआ और करीब चार मिनट लंबे इस ट्रेलर की सबसे बड़ी ताकत इसकी भव्यता है। शुरुआत से आखिर तक हर फ्रेम को बड़े कैनवास पर सोचकर तैयार किया गया लगता है। अयोध्या की भव्यता, वनवास का माहौल और सोने की लंका, हर लोकेशन पर बारीक काम नज़र आता है। विजुअल इफेक्ट्स भी कई जगह प्रभावित करते हैं और फिल्म का स्केल महसूस कराते हैं।

Advertisement

रणबीर कपूर ट्रेलर में ज़्यादा समय के लिए नज़र नहीं आते, लेकिन जितनी झलक मिलती है, उसमें उनका शांत और संयमित अंदाज श्रीराम के किरदार के अनुरूप लगता है। वहीं साई पल्लवी सीता के रूप में सहज दिखाई देती हैं। उनके छोटे-छोटे दृश्य भी एक अलग अपनापन छोड़ जाते हैं। हालांकि ट्रेलर खत्म होने के बाद जिस किरदार की सबसे ज़्यादा चर्चा होना तय है, वह रावण है। यश की एंट्री कम समय के लिए है, लेकिन उसका असर काफी बड़ा है। उनका लुक, आवाज़ और स्क्रीन प्रेजेंस रावण को एक शक्तिशाली व्यक्तित्व देते हैं। दिलचस्प बात यह है कि मेकर्स ने अभी तक रावण के दस सिर नहीं दिखाए हैं। इससे लगता है कि फिल्म अपने कुछ बड़े दृश्य अभी भी दर्शकों के लिए बचाकर रखना चाहती है।

ट्रेलर का एक भावुक पल अरुण गोविल को राजा दशरथ के रूप में देखना भी है। कभी उन्होंने टीवी पर राम का किरदार निभाकर अपनी अलग पहचान बनाई थी और अब उन्हें दशरथ के रूप में देखना पुराने दौर की याद दिलाता है। उनके चेहरे के भाव पिता के प्रेम और बेटे से बिछड़ने के दर्द को अच्छी तरह सामने लाते हैं। पहले ट्रेलर के आधार पर इतना ज़रूर कहा जा सकता है कि मेकर्स ने इस कहानी को सिर्फ़ बड़े बजट तक सीमित नहीं रखा, बल्कि उसे गंभीरता से पेश करने की कोशिश भी की है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि पूरी फिल्म कहानी, भावनाओं और स्क्रीनप्ले के स्तर पर भी उतनी ही मजबूत साबित होती है या नहीं। लेकिन ट्रेलर ने इतना भरोसा ज़रूर दिलाया है कि 'रामायण: पार्ट 1' इस दिवाली 2026 की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल रहने वाली है।

ट्रेलर की शुरुआत रावण (यश) के एक महल में पहुंचने और उसके विशाल दरवाज़ों को खटखटाने से होती है, जहां उसका सामना दुश्मनी भरे अंदाज़ में किया जाता है। बिना डरे, वह पूरी ताकत से जवाब देता है और ऐलान करता है कि यह "रावण राज" की शुरुआत है।

जब आने वाले अंधेरे को लेकर देवताओं और राजाओं में डर फैल जाता है, तब भगवान विष्णु धरती पर राम के रूप में जन्म लेते हैं, जो अयोध्या के राजा दशरथ के बेटे हैं। इसके बाद ट्रेलर राम के शुरुआती सफ़रको दिखाता है, जिसमें वे अपने छोटे भाई लक्ष्मण के साथ मिलकर अपनी प्रजा की रक्षा के लिए राक्षसों से लड़ते हैं। जल्द ही कहानी रामायण के एक अहम मोड़ पर पहुंचती है। रानी कैकेयी (लारा दत्ता) से किए गए एक वादे की वजह से राजा दशरथ को रामको 14 साल के वनवास पर भेजना पड़ता है। सीता, राम से कहती हैं कि वह भी इस मुश्किल सफ़र में उनके साथ जाएँगी, और यहीं से आगे की घटनाओं की नींव पड़ती है।

डायलॉग, एक्टिंग और ड्रामैटिक अंदाज इस ट्रेलर को पहले आए टीज़र के मुकाबले कहीं ज्यादा दमदार बनाते हैं। बता दें कि टीजर की विज़ुअल इफेक्ट्स की वजह से आलोचना भी हुई थी। दिलचस्प बात यह है कि इसमें हनुमान की कोई झलक नहीं दिखाई गई है, जिससे लगता है कि मेकर्स शायद उनके बहुप्रतीक्षित आगमन को दूसरे भाग के लिए बचाकर रख रहे हैं। फिल्म में सनी देओल, रकुल प्रीत सिंह, कुणाल कपूर, आदिनाथ कोठारे, लारा दत्ता और शीबा चड्ढा भी अहम भूमिकाओं में नज़र आएंगे। 'रामायण: पार्ट 1' दिवाली 2026 पर सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी, जबकि 'रामायण: पार्ट 2' दिवाली 2027 में दर्शकों के बीच आएगी।