भारत के हाथ काटने की धमकी देने वाले पाकिस्तानी मंत्री आएंगे भारत, मोदी करेंगे कार्यक्रम का उद्घाटन
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने 14 नवंबर को इस संदर्भ में उनके नाम की घोषणा की थी।
पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन और पर्यावरण मंत्री डॉ.मुसादिक मसूद मलिक 20 से 22 नवंबर तक नई दिल्ली में होने वाले शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के पहले सभ्यतागत संवाद मंच में हिस्सा लेने के लिए भारत आने वाले हैं। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने 14 नवंबर को इस संदर्भ में उनके नाम की घोषणा की थी। यह मई 2023 के बाद किसी पाकिस्तानी मंत्री का पहला भारत दौरा होने जा रहा है। इससे पहले पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो जरदारी SCO के विदेश मंत्रियों की बैठक में हिस्सा लेने के लिए गोवा आए थे।
भारत ने हालांकि पाकिस्तान के राष्ट्रीय विरासत और संस्कृति मंत्री औरंगजेब खान खीची को आमंत्रित किया था लेकिन इस्लामाबाद ने अपने प्रतिनिधि के तौर पर पर्यावरण मंत्री डॉ.मुसादिक मलिक का नाम चुना, ये वही मंत्री हैं जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के दौरान हाथ काटने की धमकी दी थी।
पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने कहा है की इस आयोजन में सदस्य देशों के प्रतिनिधि सांस्कृतिक समझ और सभ्यताओं के बीच संवाद पर अपने विचार साझा करेंगे तथा इसके अतिरिक्त मंत्रालय ने SCO के मंच पर आपसी सम्मान के साथ लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने की बात भी कही। भारत ने मेजबान के तौर पर पाकिस्तान समेत सभी सदस्य देशों को निमंत्रण भेजा था।
यहाँ एक गौर करने लायक बात यह है की डॉ.मुसादिक मलिक के पास जलवायु परिवर्तन का विभाग है, जबकि दिल्ली में घोषित कार्यक्रम का मुख्य विषय संस्कृति और विरासत से जुड़ा है। अब तक जारी कार्यक्रम में जलवायु सहयोग या सिंधु जल संधि पर भारत और पाकिस्तान की अलग बैठक की घोषणा नहीं हुई है। दोनों सरकारों के सार्वजनिक बयानों में भी मलिक और किसी भारतीय मंत्री की द्विपक्षीय मुलाकात का कार्यक्रम अब तक सामने नहीं आया है।
यह कार्यक्रम भारत के संस्कृति और विदेश मंत्रालय द्वारा मिलकर दिल्ली के पुराने किले में आयोजित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 20 नवंबर को इस समारोह का उद्घाटन करेंगे। केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत के मुताबिक, उद्घाटन के बाद चार प्रमुख सत्र होंगे। इनमें सभ्यताओं की सांस्कृतिक अभिव्यक्ति, कला और वास्तुकला, भाषा, साहित्य और पांडुलिपियों पर चर्चा होनी है। प्रतिनिधियों को पुराने किले का दौरा कराने की भी योजना है, जहां उन्हें दिल्ली के इतिहास से परिचित कराया जाएगा।
सदस्यों के साथ SCO के साझेदार और पर्यवेक्षक देशों को भी न्योता दिया गया है। पाकिस्तान की पुष्टि से पहले शेखावत ने बताया था कि आमंत्रित देशों में से 15 ने भागीदारी की पुष्टि कर दी थी। इनमें चीन, ईरान, कजाखस्तान, ताजिकिस्तान, उज्बेकिस्तान, सऊदी अरब, तुर्किये, नेपाल और श्रीलंका शामिल हैं। अधिकारियों के मुताबिक, पहले आयोजन में आगे के संवादों की रूपरेखा पर विचार होगा तथा साझा सांस्कृतिक विरासत को यूनेस्को की सूचियों में शामिल कराने के लिए संयुक्त नामांकन की संभावनाओं पर भी चर्चा हो सकती है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सितंबर 2025 में चीन के तियानजिन में हुए SCO शिखर सम्मेलन में इस संवाद का प्रस्ताव रखा था। इसका उद्देश्य सदस्य देशों के लोगों के बीच संपर्क तथा संवाद स्थापित करना और एक-दूसरे इसके द्वारा आपसी सांस्कृतिक समझ को बढ़ाना था । सितंबर 2026 में किर्गिस्तान के बिश्केक में हुए शिखर सम्मेलन की घोषणा में इस पहल को जगह मिली थी तथा अक्टूबर में ताजिकिस्तान की राजधानी दुशांबे में SCO की बैठक के दौरान रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने सदस्य देशों को भारत में होने वाले इस तरह के पहले आयोजन में शामिल होने का न्योता दिया था ।

शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की स्थापना साल 2001 में हुई थी। भारत और पाकिस्तान 2017 से इसके पूर्ण सदस्य हैं। चीन और रूस समेत कुल दस देश इस संगठन के सदस्य हैं। सुरक्षा और आर्थिक सहयोग के अलावा यह संगठन सांस्कृतिक आदान-प्रदान के लिए भी कार्यक्रम चलाता रहा है। अक्टूबर 2024 में भारत के विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी SCO की सरकार प्रमुखों की परिषद की बैठक में हिस्सा लेने इस्लामाबाद गए थे। पाकिस्तान अब आने वाले वक्त में 2026–27 के लिए SCO की राष्ट्राध्यक्षों की परिषद की अध्यक्षता करने जा रहा है।
अप्रैल 2025 में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों के मारे जाने के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तल्खियाँ बढ़ी थी। भारत ने इस हमले के बाद सिंधु जल संधि को स्थगित कर दिया था और ऑपरेशन सिंदूर के तहत पाकिस्तान पर जवाबी कार्यवाही की थी हालांकि पाकिस्तान ने इस तरह के किसी हमले में अपनी भूमिका से इनकार किया था पर उस संदर्भ में पाकिस्तानी मंत्री का इस बैठक में भाग लेना बेहद महत्वपूर्ण है।
यहाँ एक सवाल महत्वपूर्ण है की SCO के साझा मंच पर सदस्य देशों की भागीदारी तो स्वाभाविक है पर केंद्र सरकार से यह भी पूछा जाना चाहिए की पहलगाम हमले के बाद से पाकिस्तान के साथ हालात में क्या बदलाव आया है। भारत सरकार को भी पाकिस्तान को लेकर अपनी नीति स्पष्ट करनी चाहिए। अब तक सामने आए कार्यक्रम के मुताबिक, मलिक दिल्ली में पाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करेंगे और चर्चा का घोषित एजेंडा साझा इतिहास, संस्कृति और विरासत पर केंद्रित रहेगा पर क्या इससे दोनों देशों के आपसी संबंधों में बेहतर बदलाव आते हैं या स्थिति पहले की तरह बनी रहती है यह बात आने वाले दिनों में ही स्पष्ट होगी।
