Economy

UPI पेमेंट पर ट्रांजेक्शन चार्ज लगाने से छोटे कारोबारियों की कमर टूटेगी: कांग्रेस

TCN Desk TCN Desk | 07 Aug, 2026 · 4 min read
UPI पेमेंट पर ट्रांजेक्शन चार्ज लगाने से छोटे कारोबारियों की कमर टूटेगी: कांग्रेस

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने कहा कि लेनदेन की लागत छोटे कारोबारियों और ग्राहकों पर डाले जाएंगे।

कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने शुक्रवार को कहा कि UPI भुगतान से जुड़े कानून में प्रस्तावित बदलाव भारत की प्रमुख डिजिटल भुगतान प्रणाली को मिली कानूनी सुरक्षा को कमजोर करता है। रमेश का यह ताजा हमला सीतारमण द्वारा उन पर “भ्रामक बात फैलाने” का आरोप लगाए जाने के बाद आया। विवाद टैक्सेशन एंड अदर लॉज (अमेंडमेंट) बिल, 2026 को लेकर है, जिसमें पेमेंट एंड सेटलमेंट सिस्टम्स एक्ट, 2007 की धारा 10A में बदलाव का प्रस्ताव है।

रमेश ने सरकार के दावे को “भ्रामक” बताया और कहा कि,

व्यापारी लेनदेन की लागत अंततः ऊंची कीमतों या अलग-अलग कीमतों के जरिए ग्राहकों पर डाल देते हैं, जैसा कि क्रेडिट और डेबिट कार्ड शुल्क के मामले में होता है।

उन्होंने कहा कि ,

MDR व्यापारियों से वसूला जाता है, लेकिन यह तय है कि वे लेनदेन की लागत ग्राहकों पर डालेंगे।” उन्होंने कहा कि केंद्र जिन्हें व्यापारी मानता है, वे वास्तव में किराना दुकानें, छोटे कारोबारी और रेहड़ी-पटरी वाले हैं, जो “UPI की असली रीढ़” हैं।

रमेश ने सरकार की इस दलील को भी खारिज किया कि MDR की अनुमति देने से बैंकों और फिनटेक कंपनियों को बुनियादी ढांचे, नवाचार और सुरक्षा में अधिक निवेश करने में मदद मिलेगी। UPI को सार्वजनिक डिजिटल सुविधा बताते हुए उन्होंने कहा कि सरकार की जिम्मेदारी इस व्यवस्था की सुरक्षा करना है, न कि इसके सुरक्षा प्रावधानों को कमजोर करना।


उन्होंने लिखा, “UPI की सफलता के लिए जीरो MDR बेहद महत्वपूर्ण था। इसकी वजह से छोटी दुकानों और सड़क किनारे कारोबार करने वाले विक्रेता बिना किसी लेनदेन शुल्क के भुगतान कर और प्राप्त कर सके।” उन्होंने तर्क दिया कि भारतीय रिजर्व बैंक व्यापारियों या उपभोक्ताओं पर शुल्क लगाए बिना UPI व्यवस्था को समर्थन दे सकता है। सीतारमण की इस दलील पर कि NPCI के नेतृत्व वाली UPI एंड सर्विसेज स्टीयरिंग कमेटी ने अभी MDR पर कोई फैसला नहीं लिया है, रमेश ने कहा कि चिंता किसी तत्काल फैसले को लेकर नहीं, बल्कि तैयार किए जा रहे कानूनी ढांचे को लेकर है।

गुरुवार को एक्स पर किए गए एक पुराने पोस्ट में उन्होंने कहा था कि RBI के पास व्यापारियों या उपभोक्ताओं से शुल्क लिए बिना इस व्यवस्था को समर्थन देने की वित्तीय क्षमता है। रमेश ने 2025-26 में केंद्रीय बैंक द्वारा केंद्र सरकार को हस्तांतरित किए गए 2.86 लाख करोड़ रुपये के अधिशेष का जिक्र करते हुए कहा कि इसकी एक छोटी-सी राशि भी डिजिटल भुगतान के बुनियादी ढांचे को वित्तीय सहायता देने के लिए पर्याप्त होगी।

उन्होंने कहा,

यह विधेयक धारा 10A के तहत शून्य MDR की कानूनी गारंटी को हटा देता है। यह भविष्य में शुल्क लगाने का फैसला सरकारी अधिसूचना पर छोड़ देता है। सरकारी आश्वासन या ट्वीट कानूनी सुरक्षा का विकल्प नहीं हो सकते।”

कांग्रेस नेता ने संशोधन के समय पर भी सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि यह बदलाव अमेरिकी व्यापार प्रतिनिधि की 2026 की नेशनल ट्रेड एस्टिमेट रिपोर्ट के तुरंत बाद आया है, जिसमें भारत की UPI और RuPay प्रणालियों के साथ-साथ ब्राजील की Pix प्रणाली की आलोचना करते हुए कहा गया था कि इनसे Visa और Mastercard की बाजार हिस्सेदारी प्रभावित हुई है। रमेश ने आरोप लगाया कि जहां ब्राजील ने Pix को रणनीतिक सार्वजनिक डिजिटल बुनियादी ढांचे के रूप में और मजबूत करना जारी रखा, वहीं मोदी सरकार इसके उलट दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने पहले यह सवाल भी उठाया था कि क्या यह संशोधन वॉशिंगटन के दबाव से जुड़ा हुआ है।

उन्होंने यह भी कहा कि,

Google Pay और Walmart के नियंत्रण वाली PhonePe मिलकर 80 प्रतिशत से अधिक UPI लेनदेन को प्रोसेस करती हैं। उनका तर्क था कि ऐसे समय में जब विदेशी नियंत्रण वाले प्लेटफॉर्म पहले से ही इस व्यवस्था में हावी हैं, भारत को अपने सार्वजनिक डिजिटल भुगतान बुनियादी ढांचे को कमजोर करने के बजाय और मजबूत करना चाहिए।

रमेश ने सीतारमण की इस आलोचना को भी खारिज किया कि विपक्ष इस मुद्दे पर संसद में बहस कर सकता था। उन्होंने मानसून सत्र में व्यवधान के लिए सरकार की उस रवैये को जिम्मेदार ठहराया, जिसे उन्होंने जवाबदेही से बचने की कोशिश बताया। उन्होंने कहा कि छात्र प्रदर्शनकारियों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से बयान देने की बार-बार की गई मांगों को नजरअंदाज किया गया। उनकी पोस्ट में कहा गया, “संसद में उपस्थित रहना और सवालों के जवाब देना वैकल्पिक नहीं है; यह एक मंत्री की संवैधानिक जिम्मेदारी का हिस्सा है।” उन्होंने सरकार पर आरोप लगाया कि उसने इस व्यवधान का फायदा उठाकर विधेयक पेश किए जाने के कुछ ही मिनटों के भीतर उसे लोकसभा में ध्वनिमत से पारित करा दिया।