यूपी चुनाव 2027 की दिशा को लेकर मलिकार्जुन खरगे के घर कांग्रेस की बैठक। किन मुद्दों पर लड़ा जाएगा उत्तर प्रदेश का चुनाव?
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर ये फैसले काफी अहम साबित हो सकते हैं।
आने वाले साल में उत्तर प्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेता पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे के घर मिलर हैं। वे चुनाव से संबंधित तैयारियों और अपने सहयोगी दलों के साथ सीट शेयरिंग कैसे की जाए, इस मुद्दे पर चर्चा करेंगे।

आज होने वाली इस चर्चा में कांग्रेस समाजवादी पार्टी के साथ सीट शेयरिंग से जुड़े मसले के अलावा एक कोऑर्डिनेशन कमिटी गठित करने पर भी बात करने वाली है, ताकि 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों का सही ढंग से जायजा लिया जा सके और कांग्रेस तथा समाजवादी पार्टी का गठबंधन इन चुनावों में बेहतर परिणाम हासिल कर सके।
मीटिंग में कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा, उत्तर प्रदेश के प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा, कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद तथा अन्य राज्य स्तरीय नेताओं के शामिल होने की संभावना है। इस मीटिंग से पहले ऐसी खबरें हैं कि कांग्रेस पार्टी, जो पहले 200 सीटों पर दावा करना चाहती थी, ने यह संख्या घटाकर 181 कर दी है और इन विधानसभा क्षेत्रों की सूची समाजवादी पार्टी के साथ साझा की है।
औपचारिक बातचीत हालांकि 17 नवंबर से शुरू होनी है, जिसमें दोनों पार्टियों के प्रतिनिधि विभिन्न निर्वाचन क्षेत्रों में अपनी तैयारियों का जायजा लेंगे तथा रणनीतिक खाका तैयार करने पर भी चर्चा करेंगे। सीट बँटवारे को लेकर अंतिम फैसला दोनों पार्टियों का शीर्ष नेतृत्व ही लेगा। 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर ये फैसले काफी अहम साबित हो सकते हैं।
समाजवादी पार्टी कांग्रेस के पिछले चुनावों में हासिल नतीजों को देखते हुए उसकी 181 सीटों की सूची को लेकर आश्वस्त नजर नहीं आ रही है। पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने महज 2.33 प्रतिशत वोट हासिल किए थे और वह केवल दो सीटें जीतने में सफल रही थी। इसी संदर्भ में समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने कहा है कि सीट का आवंटन उम्मीदवार की जीत की संभावना के आकलन के आधार पर ही किया जाएगा।
उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी के योगी आदित्यनाथ का यह दूसरा कार्यकाल है। उनसे पहले अखिलेश यादव प्रदेश के मुख्यमंत्री रह चुके हैं। कांग्रेस की ओर से नारायण दत्त तिवारी 1989 में प्रदेश के मुख्यमंत्री थे। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी भी उत्तर प्रदेश की रायबरेली सीट से सांसद हैं। इससे पहले कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी भी इसी सीट से चुनाव जीतती रही हैं। प्रदेश में कांग्रेस की मौजूदगी है और इस बार उम्मीद की जा सकती है कि इंडिया गठबंधन की पार्टियाँ जनता के सामने एक विकल्प बनकर उभरेंगी।
इस बाबत अखिलेश यादव आगरा में समाजवादी पार्टी की ओर से आयोजित दलित महापंचायत में कह चुके हैं कि प्रदेश में शासन की स्थिति अच्छी नहीं है। उन्होंने इसे डबल लूट और डबल करप्शन की सरकार बताया और आरोप लगाया कि यह संविधान को लगातार कमजोर कर रही है और नागरिकों का मताधिकार छीन रही है। उनके मुताबिक, जनता अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आने वाले चुनावों में इस सरकार को बाहर का रास्ता दिखाने को उत्सुक है।
कांग्रेस पार्टी ने हालांकि कहा है कि पिछले चुनाव के बाद राज्य में उसकी स्थिति में काफी बदलाव आया है। पिछले कुछ महीनों में जमीनी स्तर पर हुए बदलावों के आधार पर पार्टी का मानना है कि उसके कई उम्मीदवार जीतने की स्थिति में हैं और इसलिए उनका दावा मजबूत माना जाए। इसी आधार पर कांग्रेस ने 181 सीटों की सूची साझा की है। इस मामले में 2024 के लोकसभा चुनाव के नतीजे भी ध्यान रखने योग्य हैं। कांग्रेस ने 17 सीटों पर चुनाव लड़ा था और छह सीटों पर जीत हासिल की थी। वहीं, समाजवादी पार्टी ने 37 सीटों पर जीत दर्ज की थी।
समाजवादी पार्टी ने अब तक सीटों को लेकर अपनी कोई सूची जारी नहीं की है। वह कांग्रेस को कितनी सीटें देना चाहेगी, इस पर भी उसने कोई टिप्पणी नहीं की है। उम्मीद है कि 17 नवंबर को जब दोनों पार्टियों के नेता लखनऊ में बैठक करेंगे, तब यह साफ हो सकेगा कि उनके बीच कितनी सीटों पर सहमति बनती है और भारतीय जनता पार्टी की सरकार को सत्ता से हटाने के लिए इंडिया गठबंधन की ये पार्टियाँ किस तरह की रणनीति अपनाती हैं।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के फरवरी और मार्च महीनों में होने की संभावना है। देशभर में वोट चोरी के आरोपों को लेकर हो रहे प्रदर्शनों का लाभ भी विपक्ष इस चुनाव में उठाना चाहेगा। वह निर्वाचन आयोग की भूमिका पर भी स्पष्टीकरण चाहेगा, ताकि चुनाव निर्विवाद रूप से हो सकें और प्रदेश की बेहतरी के लिए ऐसी सरकार चुनकर आए, जो अपने चुनावी एजेंडे में किए गए वादों को पूरा करने के लिए गंभीर हो और दलगत राजनीति से ऊपर उठकर उन्हें साकार कर सके। आने वाले दिनों में यह तस्वीर और साफ होगी कि राजनीतिक दल चुनाव की तैयारी कैसे कर रहे हैं, जनता किन मुद्दों पर सरकार से सवाल पूछना चाहती है और बेहतर भविष्य के लिए वह क्या बदलाव देखना चाहती है।
Varun Kant Sharma
वरुण कांत शर्मा 'द क्रेडिबल न्यूज़' में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं।
