आगरा की दलित महापंचायत में अखिलेश यादव का ‘दमदार दलित’ संदेश, संविधान और रोजगार पर भाजपा को घेरा
इस महापंचायत के दौरान अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाया और कहा कि जो भी भाजपा के साथ खड़ा है, वह दलित विरोधी है।
समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने आगरा में आयोजित दलित महापंचायत के दौरान 2027 में होने वाले उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों का शंखनाद कर दिया है। इस सम्मेलन में उन्होंने दलितों, अल्पसंख्यकों, पिछड़े वर्गों, मजदूरों तथा युवाओं को संबोधित कर उन्हें अपनी पार्टी के जनकल्याणकारी मुद्दों से अवगत कराने की कोशिश की तथा भारतीय जनता पार्टी की कार्यशैली और उसकी नीतियों से जनता को हो रही परेशानियों का जिक्र किया।
इस महापंचायत के दौरान उन्होंने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए मंच से पार्टी के सांसद रामजी लाल सुमन तथा अन्य नेताओं का आभार जताया। पार्टी की पीडीए नीति, जो पिछड़ों, दलितों तथा अल्पसंख्यकों से सरोकार रखती है, का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि ये दमदार दलित हैं और अब ये डरेंगे नहीं, बल्कि अपने अधिकारों के लिए मजबूती से खड़े होंगे।
उन्होंने कहा कि आगरा को अपना गढ़ समझने वाली भाजपा की सरकार को आगरा के लोग आने वाले चुनाव में पलट देंगे। उन्होंने इस महापंचायत को एक ऐसे अभियान की शुरुआत बताया, जिसमें पिछड़े वर्गों की स्थिति को व्यापक स्तर पर सुधारने के लिए कई काम किए जाएँगे। उन्होंने अपने भाषण में यह भी जोड़ा कि भाजपा सरकार हाल ही में हुए उपचुनावों में हार के बाद पीडीए के विरुद्ध अभियान चला रही है।

इसके साथ ही अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग खुद को अंगद के पैर की तरह अडिग समझ रहे थे, उनके पैरों के नीचे से इस सम्मेलन के बाद जमीन खिसक जाएगी। जब जमीन ही नहीं बचेगी, तो वे पैर कहाँ रखेंगे? उनका इशारा अमित शाह के इसी साल 30 अक्टूबर को दिए गए बयान की तरफ था, जिसमें उन्होंने कहा था कि उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार अंगद के पैर की तरह है, जिसे कोई हिला नहीं सकता। उन्होंने हाल ही सम्पन्न विधान परिषद चुनाव में भाजपा उम्मीदवार को मिली हार पर तंज करते हुए कहा की डबल इंजन की सरकार को काशी के चुनाव में डबल जीरो मिला है।
इस महापंचायत के दौरान अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर दलित विरोधी होने का आरोप लगाया और कहा कि जो भी भाजपा के साथ खड़ा है, वह दलित विरोधी है। उन्होंने कहा कि 2027 के चुनाव में समाजवादी पार्टी तथा इंडिया गठबंधन की अन्य पार्टियाँ जीत हासिल करने जा रही हैं और भाजपा को इस बार विदाई दी जाएगी। दलितों के खिलाफ होने वाले अपराधों पर एनसीआरबी के आँकड़ों का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि राज्य को बाबासाहेब आंबेडकर के संविधान के अनुसार चलना चाहिए, क्योंकि नागरिकों की गरिमा और संविधान में दर्ज उनके अधिकारों का खयाल रखना भी राज्य सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि इन्हीं अधिकारों से प्रजातंत्र जीवित रहता है।
दलित समाज को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर अनुसूचित जाति तथा अनुसूचित जनजाति के लोगों को आगे बढ़ाने के लिए विशेष पैकेज दिए जाएँगे। साथ ही, इन समुदायों से जुड़े महापुरुषों की प्रतिमाएँ तोड़ने वालों को सख्त सजा देने के लिए कानून बनाया जाएगा।युवाओं के मुद्दों को लेकर भाजपा सरकार को घेरते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार खुद प्रतियोगी परीक्षाओं के पेपर लीक करा रही है, क्योंकि परीक्षाएँ होंगी तो नौकरियाँ देनी पड़ेंगी और आरक्षण भी देना पड़ेगा, जो सरकार को गवारा नहीं है। उन्होंने कहा कि चुनाव के बाद सरकार बनने पर वे सुनिश्चित करेंगे कि युवाओं को रोजगार मिले और सरकारी नौकरियों में खाली पद भरे जाएँ।
आगरा के जूता कारोबार में काम करने वाले श्रमिकों को अखिलेश यादव ने भरोसा दिलाया कि यदि उनसे नौ घंटे से अधिक काम लिया गया, तो ओवरटाइम का भुगतान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि ठेकेदारी व्यवस्था की वजह से मजदूर आर्थिक रूप से कमजोर हो रहे हैं और उन्हें न्यूनतम मजदूरी मिलनी चाहिए।
उन्होंने अपने भाषण में कहा कि जेन ज़ी और जेन अल्फा के युवा मौजूदा सरकार से नाराज हैं। उन्होंने याद दिलाया कि लैपटॉप वितरण सपा सरकार की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि थी और कहा कि इस बार चुनाव में लाठी हारेगी और लैपटॉप जीतेगा। उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा सरकार ने अपने दो कार्यकालों के दौरान आगरा में कोई विकास कार्य नहीं किया। उन्होंने आगरा एक्सप्रेसवे, मेट्रो, 108 एंबुलेंस सेवा और डायल 100 जैसी पहलों को पिछली सपा सरकार की उपलब्धियों के तौर पर गिनाया।
आलू किसानों की समस्याएँ उठाते हुए उन्होंने कहा कि आगरा से कन्नौज तक आलू की अच्छी पैदावार होती है, लेकिन सरकार किसानों से आलू नहीं खरीद रही है। उन्होंने कहा कि खाद के लिए भी किसानों को लंबी कतारों में खड़ा होना पड़ता है और मौजूदा सरकार में उनकी समस्याएँ सुनने वाला कोई नहीं है। उन्होंने तंज किया कि डीएपी खाद में भी पीडीए छिपा हुआ है, इसलिए सरकार यह खाद बाँटने से डर रही है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनने पर आलू किसानों की समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाएगा।
कुछ जगहों से इस महापंचयत से पहले अखिलेश यादव तथा समाजवादी पार्टी के विरुद्ध लगाए गए पोस्टरों की खबरें भी आई थी हालंकी इस कार्यक्रम पर उनका कोई असर नहीं हुआ।अब देखना यह होगा कि इस रैली में अखिलेश यादव द्वारा उठाए गए दलित सम्मान, युवाओं के रोजगार, किसानों और विकास से जुड़े मुद्दों का आने वाले दिनों में उत्तर प्रदेश की राजनीति पर कितना असर पड़ता है।
