मंहगाई का डबल डोज़: मुंबई में दूध तो दिल्ली में CNG हुई मंहगी
मुंबई में खुले दूध की कीमत में इजाफा होने से ग्राहकों के पॉकेट पर सीधा असर पड़ेगा।
मुंबई और आस-पास के इलाकों में दूध की कीमत बढ़ने जा रही है। दूध की कीमत मुंबई में 1 सितंबर 2026 से 9 रूपये प्रति लीटर बढ़ जाएगी। पहले दूध की कीमत मुंबई में 93 रुपए प्रति लीटर थी किन्तु अब दूध की कीमतों में इजाफा होने से दूध अब 102 रुपए में मिल सकता है।
न्यूज 18 की खबर के अनुसार ये बढ़ोतरी खुले दूध की कीमत में की गई है। जबकि पैकेट वाले दूध पर इस फैसले का असर नहीं पड़ेगा। जो ग्राहक खुले, तबेले या स्थानीय विक्रेता से दूध खरीदते है उन्हें 1 सितंबर से 102 रुपए चुकाने पड़ेंगे। दूध की कीमत क्यों बढ़ाई गई इस संदर्भ में जानकारी के अनुसार,
मुंबई के तबेला एसोसिएशन ने कहा गाय और भैंस के रखरखाव का खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है साथ ही पशुओं के चारे की कीमत भी महँगी हो रही है जिसका असर दूध के उत्पादन और बिक्री पर पड़ रहा है जिसके कारण उन्होंने दूध की कीमतों में बढ़ोतरी की है। तबेला एसोसिएशन का कहना है पशु के पालन, चारा उपलब्ध कराने और पशुओं के रखरखाव में पहले से ज्यादा खर्च आ रहा है। इन खर्चों के कारण एसोसिएशन ने खुले दूध की कीमतों में 9 रुपए प्रति लीटर अधिक करने का फैसला लिया है।
दूध कीमतों में इजाफा होने का असर सीधे आम लोगों के पॉकेट पर पड़ेगा। दूध रोजमर्रा इस्तेमाल होने वाली वस्तु है। चाय पीने, पनीर, दही, घी का इस्तेमाल हर घर में होता है। कीमतों में इजाफा होने के कारण आम लोगों के बजट पर इसका असर पड़ेगा। जो परिवार खुला दूध खरीदता था तो उस परिवार को अब दूध के लिए अधिक रुपए खर्च करने पड़ेंगे।
बता दें कि मई 2026 से लेकर अगस्त 2026 तक दूध के दाम कई बार बढ़ चुके हैं। फिलहाल आम आदमी की जेब पर भारी खर्च पडे़गा और इससे अभी कोई राहत मिलने की उम्मीद नहीं है। दूध के दाम बढ़ाने का फैसला सिर्फ दूध प्रोड्यूसर्स एसोसिएशन का है। .कुछ जगहों पर खुदरा कीमत में थोक बढ़ोतरी से थोड़ा ज्यादा इजाफा भी हो सकता है। इसका असर सिर्फ दूध तक सीमित नहीं रहेगा। दूध महंगा होने से दही, पनीर और अन्य डेयरी उत्पादों की कीमतें भी बढ़ सकती हैं। मिठाई की कीमत और होटल-रेस्टोरेंट और ढाबों में खाने की प्लेट की कीमत भी बढ़ जाएगी। अभी मुबंई में गणपति महोत्सव का समय आने वाला है। इस सीजन में दूध की बड़ी खपत होने के कारण मिठाई की दुकानों, बेकरी और खाने-पीने की दुकानों पर भी लागत बढ़ेगी। ऐसे में त्योहारों के दौरान मिठाइयों और दूसरे दूध से बने उत्पादों के दाम बढ़ने की संभावना है।
देश में आए दिन महंगाई बढ़ने के खबर या रही है। जागरण की खबर के अनुसार अब चीनी, गुड़,प्याज तथा खाने के तेल में भी बढ़ोतरी होने की संभावना है। चीनी के दाम बढ़ने से रसोई के अन्य सामानों की कीमतों में भी अब बढ़ोतरी हो रही है। कीमतों के बढ़ने से सबसे आधिक प्रभवित आम आदमी हुआ है। चीनी के साथ अब प्याज की कीमत बढ़ने की भी खबर आ रही है। प्याज का इस्तेमाल लगभग हर घर में किया जाता है। प्याज की कीमत बढ़ने से आम आदमी का बजट बिगड़ जाएगा।
24 अगस्त को देश में प्याज का औसत मूल्य पिछले वर्ष की तुलना में 59% बढ़कर 43.53 रुपए प्रति किलोग्राम हो गया, जो एक साल पहले 27.37% प्रति किलोग्राम था। साथ ही गुड़ की कीमतों में भी बढ़ोतरी देखने को मिल रही है और खाने के तेल में भी बढ़ोतरी की खबर आ रही है।
देश में आए दिन विभिन्न वस्तुओं की कीमत बढ़ने की खबर आ रही है जिसमें अब चीनी की कीमत में उछाल के बाद मुंबई में खुले दूध के कीमतों में बढ़ोतरी देखने को मिलेगा। मुंबई के डेयरी उत्पादक दूध की आपूर्ति बनाए रखते हुए बढ़ रहे खर्चों की भरपाई करने की कोशिश कर रहे हैं।
इधर दिल्ली में सी एन जी की क़ीमतें में भी बढ़ा दी गई हैं। इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड ने घोषणा की है कि दिल्ली और एन सी आर में लिक्विफायड नेचुरल गैस की आयात क़ीमतें बढ़ने की वजह से सी एन जी की क़ीमत 3.89 रुपये बढ़ गई है। यह इस साल सी एन जी की क़ीमत में पाँचवी बढ़ोत्तरी है। अब नोएडा और ग़ाज़ियाबाद में सीएनजी 95.99 प्रति किलो, मेरठ में 95.47 रुपये और गुरुग्राम में 92.01 रुपये प्रति किलो मिलेगी जबकि दिल्ली में इसकी क़ीमत 86.98 रुपये होगी।