International

बाल-बाल बचे ट्रंप, Marine One हेलीकॉप्टर और यात्री विमान आमने-सामने आए

TCN Desk TCN Desk | 59m ago
बाल-बाल बचे ट्रंप, Marine One हेलीकॉप्टर और यात्री विमान आमने-सामने आए

White House ने इसे सुरक्षा में चूक मानते हुए संघीय जांच का आदेश दिया है।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का हेलीकॉप्टर मरीन वन एक यात्री विमान से टकराते-टकराते बचा। White House ने इसे सुरक्षा में चूक मानते हुए संघीय जांच का आदेश दिया है।

CNN की एक रिपोर्ट के अनुसार, वाशिंगटन में मंगलवार को एक यात्री विमान ट्रंप के हेलीकॉप्टर Marine One से एक मील से भी कम दूरी पर आमने-सामने आ गया था। रिपोर्ट के अनुसार, व्हाइट हाउस से एंड्रयूज एयर फोर्स बेस के लिए हेलीकॉप्टर ने लगभग उसी समय उड़ान भरी थी, जब रोनाल्ड रीगन वॉशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट से अमेरिकन एयरलाइंस की एक पैंसेजर जेट ने उड़ान ने उड़ान भरी। इसके बाद अधिकारियों द्वारा विमानों के बीच निर्धारित सुरक्षित दूरी कम होने की घटना बताए जाने पर संघीय जांच शुरू की गई।

व्हाइट हाउस के प्रवक्ता कुश देसाई ने कहा,

“मरीन वन को दुनिया के कुछ बेहतरीन पायलट उड़ाते हैं और किसी भी समय राष्ट्रपति की सुरक्षा को कोई खतरा नहीं था।” हालांकि, एयर ट्रैफिक कंट्रोलर के साथ अस्पष्ट संचार के बाद दोनों विमान एक-दूसरे के करीब आ गए थे।

नेशनल ट्रांसपोर्टेशन सेफ्टी बोर्ड ने पुष्टि की कि उसने मरीन वन और रोनाल्ड रीगन वॉशिंगटन नेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भर रहे व्यावसायिक विमान के बीच निर्धारित सुरक्षित दूरी कम होने की कथित घटना की जांच शुरू कर दी है।


बता दें कि राष्ट्रपति के उड़ान भरने के दौरान आमतौर पर व्हाइट हाउस से करीब तीन मील दूर स्थित रीगन नेशनल एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही रोक दी जाती है।

फेडरल एविएशन एडमिनिस्ट्रेशन ( FAA) ने एक बयान में कहा, “हमारी शुरुआती सुरक्षा समीक्षा के आधार पर कुछ समय के लिए दोनों विमानों के बीच निर्धारित सुरक्षित दूरी का उल्लंघन हुआ था, जिसके बाद दोनों विमान एक-दूसरे से दूर होते चले गए। हम इस घटना की समीक्षा जारी रखे हुए हैं और जांच के निष्कर्षों के आधार पर जरूरी सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।” NTSB ने भी बुधवार को घोषणा की कि उसने इस घटना की जांच शुरू कर दी है।

गौरतलब है कि पिछले साल अमेरिकी सेना के ब्लैक हॉक हेलीकॉप्टर और अमेरिकन एयरलाइंस के एक यात्री विमान की टक्कर के बाद से रीगन नेशनल एयरपोर्ट के आसपास बेहद व्यस्त हवाई क्षेत्र की लगातार जांच हो रही है। उस हादसे में विमान में सवार सभी 67 लोगों की मौत हो गई थी। उस दुर्घटना के बाद FAA ने एयरपोर्ट के आसपास हेलीकॉप्टरों की उड़ानों पर कड़े प्रतिबंध लगा दिए थे।

CNN के अनुसार, एयर ट्रैफिक कंट्रोल की ऑडियो रिकॉर्डिंग की समीक्षा से पता चलता है कि मरीन वन के पायलटों ने रीगन नेशनल के टावर कंट्रोलर को कम से कम तीन बार बताया था कि वे उड़ान भरने की तैयारी कर रहे हैं। लेकिन कंट्रोलर की ओर से इन संदेशों की स्पष्ट पुष्टि नहीं हुई और एयरपोर्ट पर विमानों की आवाजाही जारी रही। ऑडियो के मुताबिक दोपहर 2:31 बजे एक पायलट ने कहा,

“टावर, क्या आप सुन रहे हैं? मरीन वन, उड़ान भरने में तीन मिनट बाकी हैं।” पायलट ने दोबारा संपर्क किया, लेकिन कंट्रोलर ने जवाब दिया कि संदेश “टूटा हुआ और समझ में न आने वाला” था। कुछ मिनट बाद पायलटों ने बताया कि वे निर्धारित मार्ग पर रवाना हो रहे हैं। इसके बाद कंट्रोलर ने हेलीकॉप्टर के पायलटों को एक यात्री विमान के बारे में चेतावनी दी, जो पहले ही उड़ान भर रहा था। पायलटों ने कहा कि उन्होंने विमान को देख लिया है और अपनी स्थिति बनाए रखी। इसके बाद वे मैरीलैंड स्थित जॉइंट बेस एंड्रयूज के लिए रवाना हुए, जहां ट्रंप लॉस एंजिलिस जाने वाली एयर फोर्स वन की उड़ान में सवार हुए।

FAA ने कहा, “सुरक्षित दूरी के उल्लंघन के दौरान एयर ट्रैफिक कंट्रोलर कमर्शियल विमान के पायलट और मरीन वन के पायलट, दोनों के संपर्क में था। एक पूल रिपोर्ट के अनुसार, मरीन वन ने व्हाइट हाउस के साउथ लॉन के पास स्थित एलिप्स से करीब दोपहर 2:33 बजे उड़ान भरी। करीब एक मिनट बाद, दोपहर 2:34 बजे, अमेरिकन एयरलाइंस की फ्लाइट 3742 ने रीगन नेशनल एयरपोर्ट से उड़ान भरी। यह E170 क्षेत्रीय जेट था, जिसका संचालन एनवॉय एयर कर रही थी और यह फ्लोरिडा के पेंसाकोला जा रहा था। एनवॉय एयर, अमेरिकन एयरलाइंस की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी है।

Flightradar24 की ट्रैकिंग के मुताबिक कमर्शियल विमान एलिप्स से करीब 1.5 मील की दूरी से गुजरा। दोनों विमान सुरक्षित उतर गए। स्वतंत्र पत्रकार डेव स्टैटर द्वारा रिकॉर्ड किए गए वीडियो में यात्री विमान को ऊपर चढ़ते हुए देखा जा सकता है, जबकि हेलीकॉप्टर शहर के क्षितिज के सामने दूसरी दिशा में आगे बढ़ता दिखाई देता है। अमेरिकी मरीन कॉर्प्स के एक प्रवक्ता ने CNN को दिए बयान में कहा, “4 अगस्त को मरीन वन की उड़ान सामान्य थी। वॉशिंगटन नेशनल टावर ने न तो हेलीकॉप्टर चालक दल की उड़ान में देरी कराई, न उन्हें रुकने के लिए कहा और न ही उनके उड़ान मार्ग में किसी तरह का बदलाव किया।”