शेख हसीना के बांग्लादेश जाने की घोषणा से हड़कंप: फिर फैलेगी अराजकता?
भारत में दो वर्षों से अधिक समय से रह रहीं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना 16 दिसंबर को स्वदेश लौटना चाहती हैं।
भारत तथा दक्षिण एशिया के नागरिकों को प्रत्यर्पण कानून से जुड़े लेख आने वाले दिनों में अखबारों में देखने को मिल सकते हैं। भारत में दो वर्षों से अधिक समय से रह रहीं बांग्लादेश की पूर्व प्रधानमंत्री शेख हसीना 16 दिसंबर को स्वदेश लौटना चाहती हैं। उनके प्रवक्ता सैयद मोजम्मेल अली ने आज यह जानकारी दी। हालांकि, इसे उनकी यात्रा की अंतिम पुष्टि नहीं माना जा सकता। ढाका सरकार ने स्पष्ट किया है कि वह उनकी वापसी को प्रत्यर्पण और न्यायिक प्रक्रिया के दायरे में ही देखती है।
शेख हसीना ने बांग्लादेश सरकार से राष्ट्रीय विमानन कंपनी बिमान बांग्लादेश एयरलाइंस के जरिए दिल्ली से ढाका लाने की व्यवस्था करने को कहा है। उनके प्रतिनिधि का तर्क है कि अगस्त 2024 में जिस परिस्थिति में उन्हें देश छोड़ना पड़ा, उसके बाद उनकी वापसी संभव बनाना सरकार की जिम्मेदारी है। लेकिन बांग्लादेश के विदेश राज्य मंत्री हुमायूं कबीर ने विमान उपलब्ध कराने की मांग खारिज कर दी है। उन्होंने कहा है कि पूर्व प्रधानमंत्री के साथ एक अपराधी जैसा सलूक होगा तथा वे हथकड़ियाँ पहन कर ही देश में प्रवेश करेंगी।
16 दिसंबर के दिन बांग्लादेश 1971 के मुक्ति संग्राम की विजय का उत्सव मनाता है जब पश्चिमी पाकिस्तान से अलग होकर नए राष्ट्र बांग्लादेश का जन्म हुआ था। शेख हसीना के पिता शेख मुजीबुर रहमान इस स्वतंत्रता आंदोलन के केंद्रीय नेता थे। भाषा के सवाल पर बना यह देश अब बंग बंधु के दिनों से बहुत दूर निकल आया है जो की स्वाभाविक भी है बदलते भू राजनीतिक परिदृश्य के संदर्भ में। ऐसे अवसर पर लौटने की घोषणा अवामी लीग को अपनी ऐतिहासिक विरासत के आसपास समर्थकों को संगठित करने का मौका दे सकती है। हालांकि, इस प्रतीकात्मक महत्व से शेख हसीना के सामने मौजूद कानूनी बाधाएं समाप्त नहीं होतीं।
शेख हसीना की सत्ता अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन से शुरू हुए व्यापक जनविद्रोह के बाद समाप्त हुई थी। उनके देश छोड़ने के बाद मुहम्मद यूनुस के नेतृत्व में अंतरिम प्रशासन बना। फरवरी 2026 के चुनावों के बाद तारिक रहमान के नेतृत्व वाली बांग्लादेश नेशनलिस्ट पार्टी की सरकार सत्ता में आई। वापसी की सबसे बड़ी बाधा उनके खिलाफ सुनाया गया मृत्युदंड है। बांग्लादेश के अंतरराष्ट्रीय अपराध न्यायाधिकरण ने 17 नवंबर 2025 को उन्हें 2024 के आंदोलन के दमन से जुड़े मानवता के विरुद्ध अपराधों में दोषी ठहराया था। सुनवाई उनकी अनुपस्थिति में हुई। शेख हसीना आरोपों और फैसले को खारिज करती रही हैं।
संयुक्त राष्ट्र मानवाधिकार कार्यालय ने फैसले को पीड़ितों के लिए महत्वपूर्ण क्षण बताया था, लेकिन साथ ही अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप निष्पक्ष सुनवाई की आवश्यकता रेखांकित की। उसने उन्हे दिए गए मृत्युदंड का भी विरोध किया। ह्यूमन राइट्स वॉच ने न्यायाधिकरण की प्रक्रियाओं में कमियों पर चिंता जताई है। पीड़ितों की जवाबदेही की मांग और अभियुक्त के कानूनी अधिकारों को साथ लेकर चलना ही न्यायिक प्रक्रिया की विश्वसनीयता मजबूत करेगा।
शेख हसीना ने वापसी के लिए नया पासपोर्ट और राष्ट्रीय पहचान पत्र भी मांगा है। दूसरी ओर, बांग्लादेश सरकार का कहना है कि उन्हें भारत के साथ मौजूदा प्रत्यर्पण संधि के तहत वापस लाया जाना चाहिए। विदेश राज्य मंत्री शमा ओबैद इस्लाम ने कहा है कि देश में प्रवेश करने पर उन्हें गिरफ्तार करके जेल भेजा जाएगा। भारत ने कहा था कि बिना वैध दस्तावेज़ों के उन्हें बांग्लादेश भेजना मुमकिन नहीं है।
इस विवाद के बीच बांग्लादेश में सड़क पर तनाव बढ़ा है। अवामी लीग की राजनीतिक गतिविधियों पर प्रतिबंध के बावजूद उसके समर्थकों की लामबंदी और विरोध प्रदर्शनों की खबरें आई हैं। कई स्थानों पर आगजनी, विस्फोट और राजनीतिक झड़पें हुईं। चट्टोग्राम में मुहम्मद यूनुस के पैतृक घर के एक हिस्से में भी आगजनी हुई। इन विरोध प्रदर्शनों में कुछ लोगों के जान जाने की भी खबर है।
भारत के लिए भी यह संवेदनशील कूटनीतिक प्रश्न है। शेख हसीना की भारत में मौजूदगी और ढाका की प्रत्यर्पण मांग द्विपक्षीय संबंधों में तनाव का कारण रही है। फिर भी दोनों देशों के हित किसी एक नेता के भविष्य तक सीमित नहीं हैं। सीमा प्रबंधन, व्यापार, संपर्क और नागरिकों की सुरक्षा के लिए निरंतर संवाद आवश्यक है। दोनों देशों के बीच गंगा नदी के जल को बाटने संबंधी संधि की अंतिम तारीख 12 दिसम्बर है जिसके तहत एक संयुक्त नदी आयोग, शरद चंद्र की अध्यक्षता में, पिछले दिनों बांग्लादेश में मौजूद था। जहां दक्षिण पूर्वी एशिया के देश बिजली उत्पादन तथा ऊर्जा निस्तारण के क्षेत्र में अहम फैसले ले रहे हैं एक जंग से धधकती दुनिया के बीच, उसी तरह भारत तथा बांग्लादेश को भी अपने नागरिकों की बेहतरी के लिए राजनीतिक विवादों से आगे जाकर कोशिश करनी चाहिए की तमाम असहमतियों पर एक बेहतर समझ के साथ दूरगामी फैसले लिए जा सके।
अब असली प्रश्न होगा कि क्या 16 दिसंबर की घोषणा किसी स्पष्ट, स्वीकार्य कानूनी व्यवस्था में बदलती है। बांग्लादेश सरकार को सुरक्षा और न्यायिक प्रक्रिया की स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए, पर राजनीतिक दलों के समर्थकों को हिंसा से दूर रखना असल चुनौती होगी। शेख हसीना का बांग्लादेश लौटना अपने आप सत्ता में लौटना नहीं होगा। बांग्लादेश की स्थिरता इस बात पर निर्भर करेगी कि जवाबदेही, निष्पक्ष सुनवाई और शांतिपूर्ण राजनीतिक भागीदारी के प्रश्नों को संस्थाएं कितनी विश्वसनीयता से संभालती हैं। बांग्लादेश एक वक्त, 2026 आने तक, मध्यम-आय वाले देशों में शामिल होने की ओर अग्रसर था। फिर वहाँ सरकार बदली और निजाम भी बदला। नागरिकों और सरकारों के लिए यह आसान नहीं कि वे एक समझ पर आ जाएँ आंदोलन बनाम तख्त पलट जैसे मुद्दों पर लेकिन एक आदर्श स्थिति यही होगी। भारत के लिए भी यही बेहतर होगा कि उसकी सीमा से लगे देश अराजकता की आग में ना झोंक दिए जाएँ। हालांकि भविष्य के गर्भ में क्या है ये आने वाले दिनों में ही पता चल सकेगा।
