जितनी पुलिस बुलानी है बुला लीजिए, हम आपको चारों तरफ से घेर रहे हैं: राहुल गांधी
राहुल गांधी ने कहा कि बीजेपी की पहचान कायरता है।
लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने एक्स पर एक वीडियो साझा किया है, जिसमें उन्होंने जंतर-मंतर पर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे युवाओं के साथ खड़े होने का आह्वान किया है।
नेता विपक्ष राहुल गांधी ने कहा कि,
मैं नरेंद्र मोदी, RSS और इनसे जुड़े लोगों के ख़िलाफ़ एक दशक से भी ज़्यादा समय से लड़ रहा हूँ। मैं अपने विरोधियों को उतनी अच्छी तरह समझता हूँ, जितना कोई भी अपने प्रतिद्वंद्वी को समझता है। मैं इन्हें अंदर तक जानता हूँ, इनकी हर चाल से वाक़िफ़ हूँ। इन लोगों की सबसे बड़ी पहचान है - कायरता।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि,
नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत, ज्ञानेश कुमार, अजीत डोभाल - इस कहानी के खलनायक - अब धीरे-धीरे घिरते जा रहे हैं। इनके चारों तरफ़ से दायरा सिमट रहा है। जो करना है, कर लीजिए। जितनी पुलिस बुलानी है, बुला लीजिए - 10 हज़ार, 20 हज़ार, 50 हज़ार, जितनी चाहें बुला लीजिए। सारे नेताओं को गिरफ़्तार कर लीजिए। सारे युवाओं को गिरफ़्तार कर लीजिए। हम सबको गिरफ़्तार कर लीजिए।
केंद्र की मोदी सरकार पर हमला करते राहुल गांधी ने कहा कि,
घबराइये मत - हम आपको चारों तरफ़ से घेर रहे हैं, और हम पीछे हटने वाले नहीं हैं।
आगे उन्होंने वीडियो में बताया कि,
मेरी बात याद रखिए - हमें जो जानकारी चाहिए, वह हमारे पास पहले से है। हम अपने संविधान की रक्षा करेंगे। हम हिंदुस्तान की जनता की आवाज़ की हिफ़ाज़त करेंगे। और हम यह सुनिश्चित करेंगे कि पिछले 10-15 सालों में हिंदुस्तान के साथ जो हुआ है, वह दोबारा कभी, किसी भी सूरत में न हो।
युवाओं की हौसला अफजाई करते उन्होंने कहा कि,
हिंदुस्तान के युवाओं, मुझे आप पर गर्व है। अपना विरोध जारी रखिए। हम आपके साथ खड़े हैं। हम यह सुनिश्चित करेंगे कि इस सरकार और हमारे संविधान पर हमला करने वालों को शिकस्त मिले।
बता दें कि राहुल गांधी ने शनिवार को चेन्नई में छात्रों से संवाद से पहले तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एवं तमिलगा वेत्री कषगम (टीवीके) के प्रमुख सी. जोसेफ विजय से मुलाकात की। राहुल गांधी संपर्क कार्यक्रम ‘छात्रों की गूंज’ के हिस्सा लेने पहुंचे हैं, जहां वह छात्रों एवं युवाओं से संवाद करेंगे।
दिल्ली से चेन्नई पहुंचने के बाद राहुल गांधी समुद्र तट के पास नीलंकरई स्थित मुख्यमंत्री विजय के आवास पहुंचे, जहां दोनों नेताओं के बीच दोपहर के भोजन पर मुलाकात हुई।
टीवीके के नेतृत्व वाले ‘सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री अलायंस’ (एसएसजेवी) के औपचारिक नामकरण के बाद दोनों नेताओं के बीच यह पहली मुलाकात है। यह मुलाकात टीवीके के विपक्षी गठबंधन ‘इंडिया’ में शामिल होने और मदुरंतकम तथा धारापुरम विधानसभा सीटों पर उपचुनाव में सत्तारूढ़ दल की जीत के बाद भी अहम मानी जा रही है।

इससे पहले, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मणिकम टैगोर ने बताया कि ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में पंजीकरण कराने और क्यूआर कोड प्राप्त करने वाले लगभग 10,000 से 20,000 छात्र हिस्सा लेंगे।
टैगोर के मुताबिक,
राहुल गांधी तमिलनाडु के छात्रों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा करेंगे। इनमें राष्ट्रीय पात्रता सह प्रवेश परीक्षा (नीट), बेरोजगारी, महिलाओं का विषय, शिक्षा और केंद्र सरकार की शिक्षा नीति शामिल हैं।
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम विद्यार्थियों एवं युवाओं के साथ सीधे संवाद के उद्देश्य से आयोजित किया जा रहा है। इसमें छात्र शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से संबंधित विषयों पर संवाद होता है। राहुल गांधी के कार्यक्रमों के मद्देनजर चेन्नई में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। पुलिस के एक अधिकारी के अनुसार, कार्यक्रम स्थल पर प्रवेश क्यूआर कोड के माध्यम से होगा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए आम लोगों को प्रवेश की अनुमति नहीं दी जाएगी।शहर में करीब 15,000 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है।
बता दें कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के बीच शनिवार को दिल्ली और आसपास के इलाकों में कई राजनीतिक नेताओं, छात्र कार्यकर्ताओं, वकीलों और डिजिटल कंटेंट क्रिएटर्स को हिरासत में लिया गया। कहीं नेताओं को विमान से उतरने से पहले रोका गया, तो कहीं घरों और सड़कों से हिरासत में लेने की खबरें सामने आईं। विपक्ष ने कार्रवाई को लोकतांत्रिक अधिकारों पर हमला बताया, जबकि पुलिस ने सुरक्षा और कानून-व्यवस्था का हवाला दिया।
पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी को दिल्ली में उनके आवास के बाहर से हिरासत में लिए जाने का दावा पूर्व सांसद साकेत गोखले ने किया। उनके मुताबिक, ममता और उनके साथ मौजूद पांच लोगों को दिल्ली पुलिस तथा केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल के जवानों ने एक पुलिस वैन में बैठाया।
इससे पहले केरल के पूर्व सीएम पिनाराई विजयन को भी दिल्ली पुलिस ने हिरासत में ले लिया।
