मंदिर में VIP दर्शन नहीं कराने पर BJP विधायक की बेटी ने महिला पुलिस अधिकारी को मारा थप्पड़
वीडियो में दिख रहा है कि बीजेपी विधायक की बेटी ऐश्वर्या मंदिर में अपने पास खड़ी एसआई सविता को थप्पड़ मारती हैं।
कर्नाटक में बीजेपी विधायक सुरेश गौड़ा की बेटी ने मंदिर में वीआईपी दर्शन नहीं कराने पर एक महिला पुलिस अधिकारी को थप्पड़ मार दिया। बीजेपी विधायक की बेटी ऐश्वर्या पर मंड्या जिले के श्रीरंगपट्टण तालुक के एक मंदिर में पुलिस सब-इंस्पेक्टर (SI) सविता बी. पाटिल के साथ मारपीट करने का मामला दर्ज होने के कुछ दिनों बाद, एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में विधायक की बेटी को महिला पुलिस अधिकारी को थप्पड़ मारते हुए देखी जा सकती हैं।
The Hindu की एक रिपोर्ट के अनुसार, सीसीटीवी कैमरे के बताए जा रहे इस वीडियो में दिख रहा है कि ऐश्वर्या मंदिर में अपने पास खड़ी एसआई सविता को थप्पड़ मारती हैं। इसके तुरंत बाद पुलिस अधिकारी भी जवाबी कार्रवाई करते हुए उन्हें मारती हैं। बताया जा रहा है कि ऐश्वर्या द्वारा मंदिर के गर्भगृह में प्रवेश करने की कोशिश को लेकर उनके और पुलिस अधिकारी के बीच बहस हुई थी। देखते ही देखते विवाद हाथापाई में बदल गया। इसके बाद वहां मौजूद लोगों ने दोनों को अलग किया।
श्रीरंगपट्टण के कायथनहल्ली पुलिस थाने के एक अधिकारी ने The Hindu को बताया कि तुमकुरु ग्रामीण क्षेत्र के विधायक सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या के खिलाफ सविता पाटिल की शिकायत के आधार पर एफआईआर दर्ज की गई है। हालांकि, ऐश्वर्या की ओर से भी पुलिस में जवाबी शिकायत दर्ज कराई गई है। पुलिस का कहना है कि उसकी जांच अभी की जा रही है। पुलिस अधिकारी के अनुसार, फिलहाल केवल एक एफआईआर दर्ज हुई है, जो ड्यूटी पर तैनात पुलिस अधिकारी की शिकायत के आधार पर दर्ज की गई है।
सूत्रों के मुताबिक, यह घटना 12 अगस्त को श्रीरंगपट्टण तालुक स्थित आरती उक्कड़ा मंदिर में भीमाना अमावस्या के धार्मिक अनुष्ठानों के दौरान हुई थी। ऐश्वर्या मंदिर पहुंची थीं और उन्होंने मंदिर में वीआईपी प्रवेश करने से रोकने पर सविता पाटिल पर आपत्ति जताई थी। सविता पाटिल मंड्या महिला पुलिस थाने से जुड़ी हैं और उस दिन मंदिर में ड्यूटी पर तैनात थीं।
अपनी शिकायत में सविता पाटिल ने आरोप लगाया कि ऐश्वर्या ने उनके सरकारी कर्तव्यों का पालन करने के दौरान उन्हें गाली दी और थप्पड़ मारा। ऐश्वर्या, जिनकी शादी एक पुलिस अधिकारी से भी हुई है, के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।
ऐश्वर्या के खिलाफ सरकारी कर्मचारी को उसके कर्तव्य से रोकने के लिए हमला या आपराधिक बल के इस्तेमाल, स्वेच्छा से चोट पहुंचाने, शांति भंग करने के लिए उकसाने के इरादे से जानबूझकर अपमान करने और आपराधिक धमकी देने से संबंधित धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई है।
मंड्या के पुलिस अधीक्षक मल्लिकार्जुन बालदंडी ने पुष्टि की कि ऐश्वर्या की ओर से भी जवाबी शिकायत दर्ज कराई गई है। अपनी शिकायत में उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस अधिकारी ने उनके साथ दुर्व्यवहार किया था। पुलिस ने कहा है कि दोनों शिकायतों की जांच की जा रही है।
इस घटना के बाद व्यापक आक्रोश देखने को मिला है। कई लोगों ने विधायक की बेटी पर राजनीतिक प्रभाव का दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग की है।
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक यूजर ने लिखा,
अगर किसी जनप्रतिनिधि (MLA/MP) के परिवार का व्यवहार ऐसा है, तो आम जनता के लिए क्या उम्मीद बचती है? सत्ता का मतलब कानून से छूट नहीं होना चाहिए।”
एक अन्य यूजर ने व्यंग्य करते हुए लिखा,
मुझे यकीन है कि महिला सब-इंस्पेक्टर को जल्द ही निलंबित कर दिया जाएगा या कारण बताओ नोटिस जारी होगा और उन्हें विधायक की बेटी और विधायक से माफी मांगने के लिए मजबूर किया जाएगा।
एक अन्य यूजर पत्रकार प्रिया सिंह ने एक्स पोस्ट में वीडियो शेयर करते लिखा कि,
BJP विधायक की बेटी ने SI को जड़ा थप्पड़, बाप BJP से विधायक हो, तो दबदबा रहेगा ही! इनसे मिलिए—ये हैं BJP विधायक की बेटी। कर्नाटक के एक मंदिर में दर्शन के लिए पहुंची थीं। दर्शन में देरी हुई तो गुस्से में उन्होंने ड्यूटी पर तैनात महिला SI को थप्पड़ मार दिया। बता दें कि यह तुमकुरु ग्रामीण से BJP विधायक बी. सुरेश गौड़ा की बेटी ऐश्वर्या हैं।
एक यूजर ने कहा, “निश्चित तौर पर किसी राजनेता की बेटी होने से नियम तो नहीं बदल जाने चाहिए।” घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक व्यापक बहस छिड़ गई है। कई लोगों ने इस मामले को लेकर चिंता जताते हुए राजनीतिक प्रभाव और कानून के समान रूप से लागू होने पर सवाल उठाए हैं।