Sports

यास्तिका भाटिया ने लॉर्ड्स में वो कर दिखाया जो अब तक नहीं हुआ था

TCN Desk TCN Desk | 13 Jul, 2026 · 2 min read
यास्तिका भाटिया ने लॉर्ड्स में वो कर दिखाया जो अब तक नहीं हुआ था

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया ने रविवार को लंदन के ऐतिहासिक क्रिकेट मैदान लॉर्ड्स पर इतिहास रच दिया है. यास्तिका इंग्लैंड के खिलाफ खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच के तीसरे दिन लॉर्ड्स के मैदान पर टेस्ट शतक लगाने वाली दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर बन गई हैं.

गुजरात की बड़ौदा में जन्मी इस खिलाड़ी ने धैर्य, जज्बे और शानदार स्ट्रोक-प्ले का प्रदर्शन करते हुए महज 145 गेंदों में अपना पहला अंतरराष्ट्रीय टेस्ट शतक पूरा किया. उन्होंने इस ऐतिहासिक पारी में 12 शानदार चौके जड़े. यास्तिका की यह उपलब्धि इसलिए भी बेहद खास है क्योंकि कुछ समय पहले वे घुटने की बेहद गंभीर चोट से जूझ रही थीं, जिसने उनके करियर पर संकट खड़ा कर दिया था. इस जानलेवा चोट को मात देकर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर रहीं यास्तिका ने दोपहर के सत्र में बेहद ही आक्रामक और यादगार अंदाज में इस कीर्तिमान को छुआ.

नर्वस नाइंटीज का नहीं दिखा कोई दबाव

मैच के तीसरे दिन यास्तिका भाटिया लंच ब्रेक के समय 91 रनों पर नाबाद खेल रही थीं. जब लंच के बाद का खेल शुरू हुआ, तो उनके चेहरे पर नर्वस नाइंटीज का कोई भी खौफ नजर नहीं आया. उन्होंने इंग्लैंड की तेज गेंदबाज इसी वोंग की गेंदों पर बैकवर्ड प्वाइंट क्षेत्र में लगातार दो शानदार चौके जड़े और फिर कवर्स की दिशा में एक सिंगल लेकर अपना ऐतिहासिक शतक पूरा किया. इसके साथ ही उन्होंने क्रिकेट के मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स मैदान के प्रतिष्ठित ऑनर्स बोर्ड पर अपना नाम हमेशा के लिए सुनहरे अक्षरों में दर्ज करा लिया.