International

विमान लगातार चक्कर काटता रहा... यात्रियों के सिर ओवरहेड से टकराए

TCN Desk TCN Desk | 56m ago
विमान लगातार चक्कर काटता रहा... यात्रियों के सिर ओवरहेड से टकराए

फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की एक उड़ान में बीच हवा में टर्बुलेंस के दौरान 14 यात्री घायल हो गए।

फुकेट से दिल्ली आ रही एअर इंडिया की एक उड़ान में मंगलवार को बीच हवा में टर्बुलेंस के दौरान ऊंचाई में अचानक कुछ समय के लिए डगमगाने लगी। इस घटना में कई यात्रियों के सिर में चोटें आईं और एक बच्चा भी घायल हुआ।

AI2379 में हुई इस घटना में कम से कम 14 लोग घायल हुए, जिनमें 10 यात्री और चालक दल के सदस्य शामिल थे। विमान में कुल कितने यात्री सवार थे, इसकी जानकारी तत्काल नहीं मिल सकी।

एक यात्री ने इस खौफनाक मंजर के बारे में बताया कि,

“सुबह की फ्लाइट होने के कारण हम सो रहे थे। तभी विमान अचानक रुक-सा गया और फिर मुड़ने लगा। वह लगातार चक्कर काटता रहा। इस घटना में कई यात्री घायल हो गए। एक बच्चे को भी चोट लगी। मेरी पीठ में भी चोट आई।”

एक अन्य यात्री ने कहा, “विमान अचानक नीचे की ओर गिरा और यात्रियों के सिर ऊपर लगे ओवरहेड बिन से टकरा गए।”


एक यात्री ने ANI को बताया कि,

उसने अपनी बहन को “सीट से हवा में उछलते हुए” देखा। उसने कहा, “मैं इटली से हूं। मेरी मां के सिर में चोट लगी। मेरा फोन नीचे गिर गया। मेरे पीछे बैठे लोगों को भी चोट लगी। एक व्यक्ति के चेहरे पर खून था। हमें लगा कि हम मर जाएंगे। यह बेहद डरावना था।”

उसने आगे कहा, “मैं कांप रही थी और रो रही थी। यह बहुत भयावह था। अभी मुझे ठीक से सुनाई भी नहीं दे रहा है।”


एक अधिकारी ने नाम न बताने की शर्त पर बताया कि घायल यात्रियों का इलाज गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल और वसंत कुंज स्थित इंडियन स्पाइनल इंजरी सेंटर में चल रहा है।

AI2379 के अंदर की तस्वीरों और वीडियो में कुछ ओवरहेड केबिन बिन में दरारें दिखाई दीं। कुछ दृश्यों में टर्बुलेंस से पहले ही घबराए यात्री क्षतिग्रस्त ओवरहेड बिन को लेकर चिंतित नजर आए।

एअर इंडिया ने एक बयान में कहा,

“विमान दिल्ली में सुरक्षित लैंड कर गई और सभी यात्री तथा चालक दल के सदस्य सुरक्षित रूप से विमान से उतर गए। “कुछ यात्रियों और चालक दल के सदस्यों को मामूली चोटें आई हैं, जिन्हें मेडिकल जांच की जरूरत थी। एहतियात के तौर पर जांच और इलाज के लिए उन्हें एयरपोर्ट स्थित चिकित्सा केंद्र ले जाया गया, जहां एअर इंडिया की एयरपोर्ट टीम और मेडिकल कर्मचारी उनकी देखभाल कर रहे हैं।”

ऊपर उद्धृत अधिकारी ने बताया कि इस घटना की जानकारी नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) को भी दे दी गई है। नाम न बताने की शर्त पर एक DGCA अधिकारी ने कहा कि पायलट-इन-कमांड के मुताबिक चालक दल के एक सदस्य को गंभीर चोट आई है। अधिकारी के अनुसार, कुछ समय के लिए आई तकनीकी खराबी की भी आशंका जताई जा रही है और मामले की जांच चल रही है।

Flightradar24.com के आंकड़ों के मुताबिक, विमान ने सुबह 8:25 बजे फुकेत से उड़ान भरी और सुबह 11 बजे दिल्ली में उतरा। वेबसाइट पर उपलब्ध जानकारी से पता चलता है कि A320 विमान से संचालित इस उड़ान ने दिल्ली एयरपोर्ट पर उतरने से कुछ समय पहले ऊंचाई खो दी थी।

DGCA के एक अधिकारी ने कहा कि

मामले की जांच की जा रही है। खराब मौसम की स्थिति में संभावित टर्बुलेंस के बारे में यात्रियों को पहले से सूचित करना पायलटों के लिए सामान्य मानक प्रक्रिया (SOP) है। हालांकि, हवा में टर्बुलेंस के कारण यात्रियों और केबिन क्रू के घायल होने की घटनाएं बहुत कम होती हैं।

गौरतलब है कि 21 मई 2024 को लंदन से सिंगापुर जा रही सिंगापुर एयरलाइंस की एक उड़ान को गंभीर टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा था। इस घटना में संदिग्ध हार्ट अटैक के कारण एक यात्री की मौत हो गई थी और कई अन्य यात्री घायल हुए थे। ऐसी ही अन्य गंभीर घटनाओं में 1 मई 2022 को मुंबई से दुर्गापुर जा रही स्पाइसजेट की एक उड़ान को भी गंभीर टर्बुलेंस का सामना करना पड़ा था। इस घटना में एक यात्री की मौत हो गई थी और कई अन्य लोग घायल हुए थे।