पीएम आवास के बाहर धरने पर बैठे राहुल, कहा- अब मोदी और शाह दोनों को इस्तीफा देना चाहिए
लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने कहा कि अब पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह दोनों को इस्तीफा देना चाहिए।
प्रतियोगी परीक्षाओं में धांधली, पेपर लीक और सोमवार को संसद मार्च के दौरान छात्रों पर हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा सहित पार्टी के कई नेताओं ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आधिकारिक आवास के बाहर धरना दिया। इस दौरान कांग्रेस नेताओं ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इस्तीफे की मांग करते हुए केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। राहुल गांधी ने कहा कि पीएम मोदी और गृह मंत्री अमित शाह छात्रों से माफी मांगे और अविलंब इस्तीफा दें।
राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य कांग्रेस सांसदों के साथ दोपहर में 7, लोक कल्याण मार्ग पहुंचे और सुरक्षा घेरे के बाहर धरने पर बैठ गए। पुलिस अधिकारियों ने इसे हाई-सिक्योरिटी क्षेत्र बताते हुए कांग्रेस नेताओं से धरना समाप्त करने और वहां से हटने का आग्रह किया।
केंद्र सरकार पर हमला करते राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा कि,
"हम कल युवा छात्रों के साथ हुई बर्बरता के बारे में प्रधानमंत्री मोदी से जवाब मांगने उनके घर तक मार्च करके आए हैं। भारत के युवाओं का भविष्य बर्बाद करने के लिए प्रधानमंत्री और गृह मंत्री को इस्तीफा देना चाहिए।" इससे पहले उन्होंने कहा था कि छात्रों पर लाठीचार्ज के बजाय सरकार को उनकी बात सुननी चाहिए और प्रधानमंत्री को इस घटना पर माफी मांगनी चाहिए।
प्रधानमंत्री आवास के बाहर कांग्रेस का यह प्रदर्शन उस समय हुआ, जब कुछ घंटे पहले राहुल गांधी और प्रियंका गांधी वाड्रा ने दिल्ली के राम मनोहर लोहिया (RML) अस्पताल जाकर पुलिस कार्रवाई में घायल छात्रों और प्रदर्शनकारियों से मुलाकात की थी। ये छात्र और सीजेपी के समर्थक प्रतियोगी परीक्षाओं में पेपर लीक और अन्य अनियमितताओं के विरोध में संसद तक मार्च कर रहे थे। प्रदर्शनकारियों की मांग थी कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार किए जाएं। सोमवार को संसद मार्ग पर पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प के बाद कई लोग घायल हो गए थे।