ज्ञानेश कुमार के खिलाफ विपक्ष का राजघाट मार्च, लगातार तीसरे दिन सड़क पर उतरे राहुल गांधी और विपक्षी सांसद
Social Media
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगातार तीसरे दिन विरोध प्रदर्शन जारी है।
मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ लगातार तीसरे दिन विरोध प्रदर्शन के लिए राहुल गांधी, प्रियंका गांधी वाड्रा और कांग्रेस के नेतृत्व वाले ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसद दिल्ली स्थित राजघाट के लिए रवाना हुए। विपक्ष मतदाता सूचियों के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग कर रहा है।
राजघाट रवाना होने से पहले राहुल गांधी ने कनॉट प्लेस स्थित मोएट्स रेस्तरां के बाहर पत्रकारों से कहा,
पिछले दो दिनों से हमें विरोध प्रदर्शन करने की अनुमति नहीं दी गई है। करीब 300 सांसद शांतिपूर्ण धरना करना चाहते हैं, लेकिन पहले दिन हमें चुनाव आयोग के दफ्तर के पास रोका गया। फिर दूसरे दिन हमें जंतर-मंतर जाने से रोका गया और हमारे लोगों को मारा।
राहुल गांधी ने आगे कहा कि,
सच्चाई ये है कि नरेंद्र मोदी, अमित शाह, मोहन भागवत और ज्ञानेश कुमार ने Criminal Conspiracy करके देश को हाईजैक किया है। संविधान को नष्ट किया और वोट चोरी की है।
इसी रेस्तरां में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने ‘इंडिया’ गठबंधन के सांसदों के लिए दोपहर के भोजन का आयोजन किया था। इसके बाद सांसद बसों में सवार होकर महात्मा गांधी के स्मारक राजघाट की ओर निकले।
राहुल गांधी का इशारा मंगलवार और बुधवार को हुई पुलिस कार्रवाई की ओर था। मंगलवार को दिल्ली पुलिस ने विपक्षी सांसदों को चुनाव आयोग कार्यालय तक जाने से रोक दिया था। बुधवार को उन्हें जंतर-मंतर पर प्रदर्शन करने से भी रोका गया।
लाइव अपडेट:-
राहुल गांधी और विपक्षी सांसदों को राजघाट के गेट पर दिल्ली पुलिस ने रोका।
कांग्रेस के अध्यक्ष और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी, कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा और अन्य इंडिया ब्लॉक के नेता राजघाट पहुंचे।
तीसरे दिन के प्रदर्शन की तैयारी भी दूसरे दिन जैसी रही। बुधवार को खरगे ने जनपथ स्थित सागर रत्ना रेस्तरां में सांसदों को दोपहर के भोजन पर बुलाया था। यह रेस्तरां जंतर-मंतर से करीब 1.2 किलोमीटर दूर है। भोजन के बाद राहुल गांधी के नेतृत्व में विपक्षी सांसद तीन बसों में सवार होकर प्रदर्शन स्थल के लिए निकले ।
विपक्ष के नए प्रदर्शन को देखते हुए मध्य दिल्ली में सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। विशेष रूप से चुनाव आयोग के कार्यालय निर्वाचन सदन के आसपास सुरक्षा बढ़ाई गई है। कनॉट प्लेस में भी दिल्ली पुलिस ने अतिरिक्त जवान तैनात किए हैं।
इस बीच, कांग्रेस के संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने गुरुवार को बताया कि
इंडिया’ गठबंधन ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मिलने का समय मांगा है और राष्ट्रपति भवन के जवाब का इंतजार कर रहा है। मुलाकात के लिए पहला पत्र 2 अक्टूबर को भेजा गया था। इसके बाद राष्ट्रपति भवन कार्यालय ने बैठक में शामिल होने वाले नेताओं के नाम मांगे थे।
वेणुगोपाल ने कहा,
“हमने 5 अक्टूबर को नेताओं के नामों के साथ दोबारा अनुरोध भेजा और 7, 8 या 9 अक्टूबर को मुलाकात का समय मांगा। अभी तक कोई जवाब नहीं मिला है। हम शुक्रवार तक इंतजार करेंगे।”
इस मौके पर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि हम राजघाट जा रहे हैं, जहां बापू से प्रार्थना करेंगे सरकार को सद्बुद्धि दें।
राजघाट पर पहले से कई कांग्रेस कार्यकर्ता नारेबाजी कर रहे हैं। भारी पुलिस बल भी तैनात है। पुलिस ने यहां भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNSS) की धारा 163 लागू की है यानी 5 से ज्यादा लोगों के जुटने पर पाबंदी है। विपक्षी सांसदों की दूसरी लंच मीटिंग के बाद लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे समेत INDIA ब्लॉक के सांसद गांधी स्मृति में धरना देने के लिए बस से रवाना हुए।

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि,
INDIA ब्लॉक के नेता गांधी स्मारक जाकर शांतिपूर्ण धरना देंगे। उन्होंने कहा कि वहां प्रार्थना करेंगे कि BJP सरकार, खासकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह को यह समझ आए कि उनके फैसले देशहित में नहीं हैं।
खड़गे ने कहा कि वोट चोरी, बढ़ती महंगाई, युवाओं की समस्याएं और दूसरे संकट जनता के हित के खिलाफ हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार उन अधिकारों और स्वतंत्रता को छीनने की कोशिश कर रही है, जिन्हें जवाहरलाल नेहरू, महात्मा गांधी और सरदार पटेल जैसे नेताओं ने देश के लिए हासिल किया था।
उधर, दिल्ली पुलिस सूत्रों के मुताबिक,
मतदाता सूचियों के पुनरीक्षण के विरोध और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को हटाने की मांग को लेकर बुधवार (7 अक्टूबर, 2026) को मध्य दिल्ली में हुए इंडिया गठबंधन के प्रदर्शन के संबंध में कम से कम दो नई एफआईआर दर्ज की गई हैं। इनमें लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी और कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत कांग्रेस के कई नेताओं को नामजद किया गया है।
इस बीच, भारतीय युवा कांग्रेस ने दिल्ली पुलिस द्वारा जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की अनुमति नहीं दिए जाने के खिलाफ दिल्ली हाई कोर्ट का रुख किया है। यह प्रदर्शन विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं को लेकर मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ प्रस्तावित था। अदालत शुक्रवार को याचिका पर सुनवाई के लिए सहमत हो गई है।
