नसीरुद्दीन शाह ने क्यों कहा- मेरा खून खौल रहा है...
नसीरुद्दीन शाह ने जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया दी है।
नसीरुद्दीन शाह ने दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शन कर रहे छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने सोशल मीडिया पर एक भावुक वीडियो जारी कर छात्रों के समर्थन में आवाज़ उठाई और पुलिस की कार्रवाई की कड़ी आलोचना की।
वीडियो में नसीरुद्दीन शाह ने कहा,
अगर किसी अनजान और संवेदनहीन व्यक्ति के हाथ में देश की बागडोर हो, तो वह पूरे देश को भी वैसा ही बना देना चाहता है।" उन्होंने बताया कि नेशनल स्कूल ऑफ ड्रामा (NSD) और फिल्म एंड टेलीविजन इंस्टीट्यूट ऑफ इंडिया (FTII) से प्रशिक्षण लेने के बावजूद अभिनय की सबसे बड़ी सीख उन्हें उन छात्रों और युवाओं से मिली, जिन्हें उन्होंने कभी पढ़ाने की कोशिश की थी।
छात्रों पर हुई कार्रवाई का ज़िक्र करते हुए शाह भावुक हो गए। उन्होंने कहा कि युवाओं के साथ जिस तरह का व्यवहार किया गया, उसे देखकर उनका दिल दुखी है और उनका खून खौल रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदर्शनकारियों पर हमला करने वाले लोग उन्हें ऐसे नकाबपोश एजेंटों की याद दिलाते हैं, जो लोकतांत्रिक आवाज़ों को दबाने के लिए ताकत का इस्तेमाल करते हैं।
उन्होंने कार्रवाई में शामिल लोगों की तुलना अमेरिका की इमिग्रेशन एजेंसी ICE के नकाबपोश एजेंटों से की उन्होंने पुलिसकर्मियों और कार्रवाई में शामिल लोगों से अपील करते हुए कहा,
"कभी अपने बच्चों के बारे में भी सोचिए। यह भी याद रखिए कि एक दिन हर किसी को अपने कर्मों का हिसाब देना पड़ता है।"
अपने संदेश के अंत में उन्होंने प्रदर्शनकारी छात्रों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि उन्हें निराश होने की ज़रूरत नहीं है। उनके मुताबिक, देश में बड़ी संख्या में लोग छात्रों के साथ खड़े हैं और उनके संघर्ष को समझते हैं। उन्होंने युवाओं से अपनी लड़ाई जारी रखने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें देश की नई पीढ़ी पर पहले से भी अधिक भरोसा है। साथ ही उन्होंने सरकार को चेतावनी देते हुए कहा, "जो कुछ आज हो रहा है, उसे इतिहास याद रखेगा। सब याद रखा जाएगा "
गौरतलब है कि सोमवार को संसद मार्च के दौरान प्रदर्शनकारी छात्रों पर दिल्ली में पुलिस ने लाठीचार्ज और बल प्रयोग किया, जिसके बाद इस कार्रवाई की कई कलाकारों, बुद्धिजीवियों और सामाजिक हस्तियों ने तीखी आलोचना की।