SCO मंच से भारत-पाक संवाद की उम्मीद: कश्मीर के मीरवाइज़ ने पाकिस्तानी मंत्री की यात्रा को बताया सकारात्मक कदम
उनका जोर पाकिस्तान की भागीदारी के साथ-साथ दोनों पड़ोसी देशों के बीच निरंतर संपर्क की आवश्यकता पर था।
भारत और पाकिस्तान के तनावपूर्ण संबंधों के बीच नई दिल्ली में आयोजित शंघाई सहयोग संगठन यानी एससीओ के सभ्यतागत संवाद मंच में पाकिस्तानी मंत्री की भागीदारी का मीरवाइज़ उमर फ़ारूक़ ने स्वागत किया है। उन्होंने कहा कि दोनों देशों के बीच संपर्क बढ़ाने और संबंध बेहतर बनाने का प्रत्येक अवसर सकारात्मक कदम है। कश्मीर के प्रमुख धर्मगुरु मीरवाइज़ ने उम्मीद जताई कि बहुपक्षीय मंच पर शुरू हुआ संपर्क आगे द्विपक्षीय बातचीत के अनुकूल वातावरण बना सकता है।
शनिवार, 21 नवंबर को श्रीनगर में पत्रकारों से बातचीत के दौरान मीरवाइज़ उमर फ़ारूक़, जो की किसी वक्त में अलगाववादी नेता माने जाते थे, ने कहा कि पाकिस्तान के प्रतिनिधि द्वारा भारत सरकार का निमंत्रण स्वीकार करना स्वागतयोग्य है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यह आयोजन बहुपक्षीय है, लेकिन इस तरह की मुलाकातें संवाद और आपसी समझ बढ़ाने में सहायक हो सकती हैं। उनका जोर पाकिस्तान की भागीदारी के साथ-साथ दोनों पड़ोसी देशों के बीच निरंतर संपर्क की आवश्यकता पर था।
पीटीआई के अनुसार, मीरवाइज़ उमर फ़ारूक़ ने पाकिस्तान के मंत्री मुसद्दिक मलिक की यात्रा पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वे हमेशा चाहते रहे हैं कि दोनों देशों के रिश्ते सुधरें। उन्होंने इच्छा जताई कि एससीओ के तहत हो रहे संपर्क के साथ द्विपक्षीय स्तर पर भी प्रक्रिया शुरू हो। इससे पहले फारूक अब्दुल्लाह भी घाटी में हुई आतंकी वारदातों के बाद कह चुके हैं कि दोनों देशों को शांति वार्ता के लिए बंदूकों के रुकने का इंतज़ार नहीं करना चाहिए ।

पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन एवं पर्यावरण समन्वय मंत्री डॉ. मुसद्दिक मसूद मलिक इस आयोजन में अपने देश का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने 14 नवंबर को उनके नामांकन की आधिकारिक घोषणा की थी। विदेश मंत्रालय के अनुसार, नई दिल्ली में 20 से 22 नवंबर तक आयोजित कार्यक्रम का उद्देश्य सभ्यतागत संवाद और सांस्कृतिक समझ से जुड़े मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान करना है। पाकिस्तान ने एससीओ के दायरे में लोगों के बीच संपर्क बढ़ाने की प्रतिबद्धता भी व्यक्त की।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 20 नवंबर को दिल्ली के पुराना किला में पहले एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच का उद्घाटन किया। भारत सरकार के अनुसार, इस पहल का प्रस्ताव मोदी ने 2025 में चीन के तियानजिन में आयोजित एससीओ शिखर सम्मेलन में रखा था। कार्यक्रम में संगीत, प्रदर्शन कलाओं, वस्त्रों, खानपान, कला एवं स्थापत्य, भाषा, साहित्य और दार्शनिक परंपराओं जैसे विषयों पर चर्चा रखी गई है। उद्घाटन के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युद्ध और अशांति के दौर में सांस्कृतिक संपर्क तथा साझा सभ्यतागत अनुभवों के महत्व पर जोर दिया।
इस यात्रा का राजनीतिक महत्व दोनों देशों के संबंधों की पृष्ठभूमि से जुड़ा है। अप्रैल 2025 के पहलगाम आतंकी हमले और उसके बाद मई में हुए सैन्य टकराव ने रिश्तों को गंभीर रूप से प्रभावित किया था। ऐसी स्थिति में किसी पाकिस्तानी मंत्री का भारत आना संपर्क का अवसर अवश्य है। लेकिन इसे व्यापक संबंध सामान्य होने का प्रमाण मानना जल्दबाजी होगी। भारत ने स्पष्ट किया है कि आयोजन एससीओ के बहुपक्षीय ढाँचे के तहत है और सभी सदस्य देशों को निमंत्रण दिया गया था।
इससे पहले भी एससीओ के कार्यक्रमों ने दोनों देशों के प्रतिनिधियों को एक-दूसरे के यहाँ जाने का अवसर दिया है। मई 2023 में पाकिस्तान के तत्कालीन विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो ज़रदारी गोवा में एससीओ विदेश मंत्रियों की बैठक में शामिल हुए थे। अक्टूबर 2024 में भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर एससीओ बैठक के लिए इस्लामाबाद गए थे।
मीरवाइज़ उमर फ़ारूक़ की प्रतिक्रिया जम्मू-कश्मीर में संवाद के पक्ष में उठ रही आवाजों का हिस्सा है। द हिंदू की रिपोर्ट के अनुसार, पीडीपी विधायक मुन्तज़िर मेहदी ने भी पाकिस्तानी मंत्री की यात्रा का स्वागत किया और बातचीत बहाल करने की अपील की। उन्होंने राजनीतिक प्रश्नों के साथ जलवायु परिवर्तन और पानी से जुड़े साझा सरोकारों का उल्लेख किया। कश्मीर से जुड़े एक अन्य सवाल पर उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर का युवा वर्ग रोजगार के मसलों से जूझ रहा है और उस पर भी सरकारी परीक्षा के पेपर लीक होने की खबरों से उन मेहनत कश छात्रों का मनोबल टूटता है जो कई साल से इन परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। इसके अलावा कश्मीर घाटी में लगातार सड़ा हुआ मांस मिलने की खबरों पर उन्होंने कहा कि यह निंदनीय है की चंद पैसों के लिए लोग इस तरह के काम करते हैं जिनसे जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ होता है और सरकार को इस बात का जवाब देना चाहिए कि पिछली तहकीकात से क्या नतीजे आए और दोषियों को कब तक गिरफ्तार किया जाएगा।
भारत सरकार ने इस बीच सिंधु जल संधि पर अपना रुख अपरिवर्तित बताया है। विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने 20 नवंबर को कहा कि संधि को लेकर भारत की स्थिति में कोई बदलाव नहीं हुआ है। इससे यह स्पष्ट है कि सांस्कृतिक मंच पर भागीदारी और विवादित द्विपक्षीय मुद्दों पर सरकारी नीति अलग-अलग स्तरों पर चल रही हैं।
आगे इस संपर्क का महत्व इस बात से तय होगा कि क्या यह नियमित संवाद, तनाव घटाने और व्यावहारिक सहयोग के रास्ते खोलता है। सांस्कृतिक निकटता बातचीत का आधार बन सकती है, लेकिन स्थायी भरोसे के लिए सुरक्षा संबंधी चिंताओं और पुराने विवादों पर ठोस प्रयास जरूरी होंगे। पूर्व पत्रकार नंदिता हक्सर अपनी किताबों तथा कश्मीर से जुड़े लेखों में इस बात को कई बार कहती रही हैं कि बनावटी लकीरें आज नहीं तो कल मिट कर रहेंगी फिर चाहें यह हमारे जीवन काल में न भी हो। सभ्यताएँ और लोग अपनी भाषा, संस्कृति, घुमक्कड़ी के तरीके नहीं बुला करते पर ये बात भी सत्य है कि इतिहास की अपनी गति होती है।
