Politics

सरकार संसद का शीतकालीन सत्र क्यों नहीं बुला रही?

TCN Desk TCN Desk | 24 Nov, 2026 · 5 min read
सरकार संसद का शीतकालीन सत्र क्यों नहीं बुला रही?

साल 2000 के बाद मानसून और शीतकालीन सत्र के बीच औसत अंतराल लगभग 95 दिन रहा है।

नवंबर का अंतिम सप्ताह शुरू हो चुका है, लेकिन संसद के शीतकालीन सत्र की तारीख अब तक सरकार की तरफ से घोषित नहीं की गई है । इस अनिश्चितता ने राजनीतिक विवाद को जन्म दिया है। विपक्ष सरकार पर संसदीय जवाबदेही से बचने का आरोप लगा रहा है, जबकि महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े संविधान संशोधन विधेयक प्रस्तावों को लेकर भी अटकलें तेज हैं।


संसद की पिछली बैठकें 13 अगस्त को अनिश्चित काल के लिए स्थगित हुई थीं। इसके बाद इसे आधिकारिक तौर पर प्रोरोग अब तक नहीं किया गया है। नैशनल हेराल्ड की रिपोर्ट के अनुसार, 23 नवंबर तक यह अंतराल 103 दिन हो गया था। साल 2000 के बाद मानसून और शीतकालीन सत्र के बीच औसत अंतराल लगभग 95 दिन रहा है। इससे लंबा अंतराल पिछली दफा 2008 में रहा था। केवल चार मौकों पर पहले इसे स्थगित किया गया है जिनमे कोरोना काल तथा पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गाँधी के असैसनैशन के साल भी शामिल हैं।

इस विवाद में बैठक स्थगित होने और सत्र समाप्त होने का अंतर महत्वपूर्ण है। लोकसभा की आधिकारिक जानकारी के अनुसार, अनिश्चित कालीन sine die का अर्थ अगली बैठक की तारीख तय किए बिना कार्यवाही रोकना है। इसके विपरीत, प्रोरोगेशन राष्ट्रपति के आदेश से सत्र का औपचारिक समापन है। इसलिए सदन की बैठकें बंद होना और सत्र का संवैधानिक रूप से समाप्त होना एक ही बात नहीं है। मानसून सत्र तथा शीतकालीन सत्र के बीच लंबे अंतराल को लेकर भी विपक्ष सवाल उठा रहा है।

संविधान के अनुच्छेद 85 के अनुसार, एक सत्र की अंतिम बैठक और अगले सत्र की पहली बैठक के बीच छह महीने से अधिक का अंतर नहीं होना चाहिए। संसद का सामान्य कैलेंडर बजट, मानसून और शीतकालीन सत्रों का है, लेकिन संविधान शीतकालीन सत्र शुरू करने की कोई निश्चित नवंबर की तारीख निर्धारित नहीं करता। कानूनी सीमा और नियमित संसदीय कामकाज की लोकतांत्रिक अपेक्षा अलग प्रश्न हैं।


कांग्रेस महासचिव जयराम रमेश ने 23 नवंबर को सरकार से पूछा कि देश को अब तक सत्र का कार्यक्रम क्यों नहीं बताया गया। उन्होंने मानसून सत्र दोबारा बुलाए जाने की संभावना और परिसीमन के प्रस्ताव पर भी स्पष्टता माँगी। प्रधानमंत्री और गृह मंत्री की रणनीति को लेकर उन्होंने तीखी राजनीतिक टिप्पणियाँ कीं।


समाजवादी पार्टी के सांसद अवधेश प्रसाद ने आरोप लगाया कि सरकार महिला आरक्षण और परिसीमन संबंधी विधेयकों के लिए संख्या बल जुटाने में लगी है। कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी ने कहा कि विपक्ष किसानों, बेरोजगारी और अन्य सार्वजनिक मुद्दों को संसद में उठाना चाहता है। भाजपा सांसद रविशंकर प्रसाद ने इन सवालों पर संसदीय कार्य मंत्री के विस्तृत जवाब का हवाला दिया।

परिसीमन और महिला आरक्षण की चर्चा इस विवाद को व्यापक बनाती है। द इंडियन एक्सप्रेस की 13 नवंबर की रिपोर्ट में सरकारी और गठबंधन सूत्रों के हवाले से इन विषयों पर विधायी पैकेज लाने की संभावना बताई गई थी। विशेष सत्र और शीतकालीन सत्र, दोनों विकल्पों की चर्चा थी। लेकिन संभावित प्रस्ताव, अनौपचारिक बातचीत और सदन के लिए घोषित सरकारी कार्यसूची में अंतर है। कई राज्यों में जल्द होने वाले विधानसभा चुनाव भी इस देरी की एक वजह हो सकते हैं। सीट शेयरिंग से जुड़े मुद्दों पर पार्टियों के बीच बैठकों के दौर में सरकार संसद सत्र के लिए वक्त ना निकाल पा रही हो तो ऐसा आकलन करना अचरज की बात नहीं होगी।

संविधान संशोधन के लिए आवश्यक बहुमत भी साधारण विधेयक से अलग है। अनुच्छेद 368 के तहत प्रत्येक सदन में कुल सदस्य संख्या का बहुमत तथा उपस्थित और मतदान करने वाले सदस्यों का कम से कम दो-तिहाई समर्थन आवश्यक होता है। पिछले दिनों देश भर में हुए वोट चोरी को लेकर आंदोलन इस सत्र में देरी की वजह हो सकता है ऐसी अटकलें आम जन मानस द्वारा लगाई जा रही हैं। SIR तथा वोट चोरी पर कई महीनों से विपक्ष तथा सिविल सोसाइटी, जिनमें छात्र संगठन प्रमुख हैं, ने सरकार और निर्वाचन आयोग को इन मामलों में सफाई देने के लिए मजबूर किया है तथा व्यवस्था में सुधार की मांग तेज हुई है। यदि सरकार को इन मामलों पर संसद में घेरे जाने का डर है तो भी उन्हें नैतिक आधार पर सदन के सत्र को शुरु तो करना ही चाहिए।

सत्र की जरूरत केवल राजनीतिक रूप से चर्चित विधेयकों तक सीमित नहीं है। वित्त मंत्रालय के आर्थिक कार्य विभाग के 21 अक्टूबर के कार्यालय ज्ञापन में 2026-27 की पहली कॉम्प्लिमेंट्री अनुदान माँगें नवंबर-दिसंबर के आगामी शीतकालीन सत्र में रखने का प्रस्ताव दर्ज है। इससे पता चलता है कि प्रशासनिक स्तर पर सत्र के लिए वित्तीय कामकाज की तैयारी चल रही थी। तृणमूल काँग्रेस द्वारा ये मांग की गई थी के सरकार को पहले ही पूरे साल के लिए संसदीय सत्र से संबंधित टाइम टेबल घोषित कर देना चाहिए ताकि इस तरह की देरी आगे से न होने पाए।


समय पर कार्यक्रम घोषित होने से सांसद प्रश्नों, चर्चाओं और विधायी समीक्षा की तैयारी कर सकते हैं। सरकार को तारीखों, बैठकों की संख्या और प्रस्तावित कामकाज पर स्पष्ट जानकारी देनी चाहिए। विपक्ष को भी आरोपों के साथ ठोस संसदीय प्रस्ताव रखने होंगे। लोकतांत्रिक कसौटी केवल संसद बुलाना नहीं, बल्कि जनता के सवालों, सरकारी जवाबों और कानूनों की गंभीर समीक्षा के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना है। संविधान की शपथ लेने वाली सरकार अगर संवैधानिक मूल्यों पर नहीं चलेगी तो इसकी व्याख्या उच्चतम न्यायालय को स्वतः संज्ञान लेकर करनी चाहिए। जनता को भी अपने चुने गए प्रतिनिधियों को संसद के पटल से जरूरी मुद्दों पर बहस करते देखने का सौभाग्य मिलते रहना चाहिए।

Tags BJPCentral GovernmentCongressDelimitationJairam RameshParliament Of IndiaSamajwadi PartyWinter SessionWomen's Reservation