Politics

पंजाब में मजदूर की मौत पर राहुल गांधी का AAP सरकार पर हमला, मंत्री से मांगा इस्तीफा

TCN Desk TCN Desk | 1h ago · 4 min read
पंजाब में मजदूर की मौत पर राहुल गांधी का AAP सरकार पर हमला, मंत्री से मांगा इस्तीफा

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला है।

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने बुधवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा से राज्य में नशे की बेरोकटोक बिक्री पर सवाल पूछने वाले एक ग्रामीण की आत्महत्या के मामले में चीमा के तत्काल इस्तीफे और निष्पक्ष जांच की मांग की।

राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि,

पंजाब में एक “खतरनाक पैटर्न” उभर रहा है, जहां सरकार की नाकामियों पर सवाल उठाने वालों को धमकियों और प्रताड़ना का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री भगवंत मान से वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा का इस्तीफा लेने और मामले की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने को कहा।

बता दें कि पंजाब के संगरूर जिले के दिड़बा निवासी 47 वर्षीय दलित दिहाड़ी मजदूर गुलजार सिंह की सोमवार रात कथित तौर पर जहरीला पदार्थ खाने के बाद मौत हो गई थी । परिवार का दावा है कि गुलजार ने 6 सितंबर को दिड़बा में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा से इलाके में नशीले पदार्थ ‘चिट्टे’ की लगातार हो रही बिक्री को लेकर सवाल किया था।

राहुल गांधी ने एक्स पोस्ट करते कहा कि,

पंजाब की AAP सरकार में एक खतरनाक पैटर्न उभर रहा है। अगर सरकार की नाकामियों पर सवाल उठाओगे तो जवाब धमकी और प्रताड़ना के रूप में मिलेगा। दलित समुदाय से आने वाले गुलजार सिंह को अपने बेटे को नशे का शिकार होते देखना पड़ा। उन्होंने वित्त मंत्री से केवल इतना पूछा था कि सरकार नशे का कारोबार रोकने में इतनी बुरी तरह विफल क्यों रही।

राहुल ने आरोप लगाया,

इतना भर पूछने पर उन्हें प्रताड़ित और अपमानित किया गया। माफी मांगने के लिए इतना दबाव बनाया गया कि उन्होंने जहर खा लिया।

कांग्रेस नेता ने यह भी दावा किया कि,

गुलजार सिंह को समुचित इलाज नहीं मिला और उन्हें एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल ले जाया जाता रहा। उन्होंने कहा, “इलाज के लिए भटकते हुए आखिरकार वह जिंदगी की जंग हार गए। राहुल गांधी ने पंजाब सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले मोहनजीत सिंह से जुड़ी एक अन्य घटना का भी उल्लेख किया।

उन्होंने भगवंत मान पर आरोप लगाते कहा कि,

पिछले सप्ताह मैंने युवा मोहनजीत सिंह से भी बात की थी, जिन्हें मुख्यमंत्री भगवंत मान के खिलाफ प्रदर्शन करने पर प्रताड़ित किया गया। उन्होंने कहा कि सरकार का काम जनता के सवालों का जवाब देना है, सवाल पूछने वालों को कुचलना नहीं।

राहुल गांधी ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से मांग की कि वह वित्त मंत्री हरपाल सिंह चीमा का तत्काल इस्तीफा लें और उनके खिलाफ लगे आरोपों की स्वतंत्र एवं निष्पक्ष जांच कराएं। उन्होंने यह भी कहा कि चीमा का नाम प्राथमिकी में दर्ज किया जाना चाहिए और गुलजार सिंह के परिवार को जल्द न्याय मिलना चाहिए। कांग्रेस ने मंगलवार को भी गुलजार सिंह की मौत के लिए चीमा को जिम्मेदार ठहराते हुए उन्हें मंत्रिमंडल से हटाने की मांग की थी।

इस आत्महत्या ने पंजाब में नशे की समस्या को लेकर सियासी घमासान तेज कर दिया है। कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी ने राज्य की AAP सरकार पर हमले तेज कर दिए हैं। शिरोमणि अकाली दल ने भी मामले की जांच की मांग की है। परिवार की शिकायत के आधार पर पांच लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 108 के तहत मामला दर्ज किया गया है। यह धारा आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित है। प्राथमिकी में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम की संबंधित धाराएं भी लगाई गई हैं।

बता दें कि गुलजार सिंह के अंतिम क्षणों का बताया जा रहा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। वीडियो में वह वित्त मंत्री से इलाके में नशे की उपलब्धता को लेकर सवाल करते दिखाई देते हैं। अब इस मामले की गूंज दिल्ली तक पहुंच गई है। भाजपा और कांग्रेस ने मुख्यमंत्री भगवंत मान तथा वित्त मंत्री चीमा के इस्तीफे की मांग करते हुए आरोप लगाया कि गुलजार सिंह पर ऐसा दबाव बनाया गया, जिसने उन्हें आत्मघाती कदम उठाने के लिए मजबूर कर दिया।

गौरतलब है कि यह राजनीतिक विवाद पंजाब में आगामी चुनावों से पहले सामने आया है। इससे पहले संगरूर के एक अन्य ग्रामीण को नशे के मुद्दे पर काले झंडे दिखाने और AAP सरकार के खिलाफ नारे लगाने के बाद हिरासत में प्रताड़ित किए जाने का मामला भी तूल पकड़ चुका है।