Politics

देशभर में आंदोलन तेज, क्रांति की भूमि पटना में भी छात्रों का प्रदर्शन

TCN News Desk TCN News Desk | 1h ago
देशभर में आंदोलन तेज, क्रांति की भूमि पटना में भी छात्रों का प्रदर्शन

छात्रों का आंदोलन धीरे-धीरे पूरे देश में फैल रहा है।

छात्रों का आंदोलन धीरे-धीरे पूरे देश में फैल रहा है। बिहार की राजधानी पटना में बुधवार को हजारों छात्र पेपर लीक, परीक्षा प्रणाली में गड़बड़ियों और दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्रों के खिलाफ हुई पुलिस कार्रवाई के विरोध में सड़कों पर उतर आए। गांधी मैदान से शुरू हुआ यह विरोध मार्च देखते ही देखते बड़े प्रदर्शन में बदल गया।

विभिन्न छात्र संगठनों के बैनर तले जुटे प्रदर्शनकारियों ने शिक्षा व्यवस्था में सुधार, परीक्षा प्रक्रिया में पारदर्शिता और छात्र हितों से जुड़ी मांगों को लेकर राजभवन मार्च का ऐलान किया था। सुबह करीब 10:30 बजे मार्च गांधी मैदान से रवाना हुआ, लेकिन लगभग 11 बजे जेपी गोलंबर पर पुलिस ने बैरिकेडिंग लगाकर छात्रों का रास्ता रोक दिया।

Advertisement


बैरिकेडिंग हटाने की कोशिश के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हुई। इसके बाद पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए लाठीचार्ज किया और वाटर कैनन का इस्तेमाल किया। इसके बावजूद बड़ी संख्या में छात्र बैरिकेडिंग पार कर डाकबंगला चौराहे तक पहुंच गए।

डाकबंगला चौराहे पर प्रदर्शन और तेज हो गया। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के मुताबिक, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर वहां सात हजार से अधिक छात्र एकत्रित हुए। इसी दौरान भाजपा विधायक बिनय बिहारी की गाड़ी में तोड़फोड़ की गई, जबकि भाजपा से जुड़े एक नेता के साथ भी मारपीट की घटना सामने आई।