निखिल गुप्ता को सजा, अजित डोवाल को समन: अमेरिका में बुरी तरह फँसा भारत?
निखिल गुप्ता ने फरवरी 2026 में सुपारी देकर हत्या कराने, उसकी साज़िश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग की साज़िश के तीन आरोप स्वीकार किए थे।
अमेरिका की एक फ़ेडरल अदालत ने भारतीय नागरिक निखिल गुप्ता को गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की साज़िश में शामिल होने के लिए 235 महीने कैद की सज़ा सुनाई है। न्यूयॉर्क के सदर्न डिस्ट्रिक्ट की अदालत के न्यायाधीश विक्टर मारेरो ने शुक्रवार, 20 नवंबर को सज़ा सुनाई। निखिल गुप्ता ने फरवरी 2026 में सुपारी देकर हत्या कराने, उसकी साज़िश रचने और मनी लॉन्ड्रिंग की साज़िश के तीन आरोप स्वीकार किए थे।
भारत सरकार ने ऐसी किसी भी साज़िश में संलिप्त होने से इनकार किया है। हालांकि, इस मामले ने अमेरिका तथा कनाडा के साथ भारत के संबंधों में तनाव पैदा किया है। अमेरिकी अधिकारियों के अनुसार, यह मामला ऐसे नेटवर्क को उजागर करता है, जिसमें भारतीय अलगाववादियों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा है कि वे अमेरिकी ज़मीन पर असहमति की आवाज़ों को इस तरह दबाए जाने के सख्त खिलाफ हैं।
गुरपतवंत सिंह पन्नू अमेरिकी-कनाडाई नागरिक हैं तथा न्यूयॉर्क शहर में ‘सिख्स फॉर जस्टिस’ नामक संस्था से जुड़े वकील हैं। यह संस्था उत्तर भारत में एक अलग सिख राष्ट्र की मांग करती है। विकास यादव भी इस मामले में सह-अभियुक्त के तौर पर नामित हैं, लेकिन वे अभी अमेरिकी हिरासत में नहीं हैं। यह भी स्पष्ट नहीं है कि कोई वकील उनका प्रतिनिधित्व कर रहा है या नहीं।
यह मामला गुरपतवंत पन्नू की हत्या का नहीं, उनकी हत्या कराने की विफल साज़िश का है। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, निखिल गुप्ता ने जिस व्यक्ति को भाड़े का हत्यारा समझकर संपर्क किया था, वह अमेरिकी ड्रग एनफोर्समेंट एडमिनिस्ट्रेशन यानी डीईए का अंडरकवर अधिकारी था। इस घटनाक्रम ने जांच एजेंसियों को योजना का पता लगाने और उसे रोकने का अवसर दिया। निखिल गुप्ता की दोषस्वीकृति के बाद अदालत के सामने मुख्य प्रश्न सज़ा की अवधि तय करना था।
अभियोजन के विवरण के मुताबिक, मई 2023 में विकास यादव ने निखिल गुप्ता को गुरपतवंत सिंह पन्नू की हत्या की व्यवस्था करने के लिए संपर्क किया था। निखिल गुप्ता ने सहायता के लिए ऐसे व्यक्ति से संपर्क किया, जिसे वह आपराधिक सहयोगी समझता था। वह वास्तव में डीईए का गोपनीय सूत्र था। इसी सूत्र ने उसकी मुलाकात कथित हत्यारे से कराई। अमेरिकी अधिकारियों का कहना है कि हत्या के लिए एक लाख डॉलर देने की सहमति हुई और 15,000 डॉलर का अग्रिम भुगतान पहुंचाया गया।
निखिल गुप्ता को 30 जून 2023 को अमेरिकी अनुरोध पर चेक गणराज्य में गिरफ्तार किया गया था। जून 2024 में उसे अमेरिका प्रत्यर्पित किया गया। अमेरिकी न्याय विभाग के अनुसार, गिरफ्तारी और प्रत्यर्पण में चेक अधिकारियों तथा अमेरिकी एजेंसियों ने सहयोग किया।
सज़ा को लेकर अभियोजन और बचाव पक्ष की मांगें अलग थीं। उपलब्ध रिपोर्ट के अनुसार, अभियोजन ने लगभग साढ़े 24 वर्ष की कैद मांगी थी, जबकि बचाव पक्ष ने 12 वर्ष की सज़ा का अनुरोध किया। अदालत ने 235 महीने की सज़ा तय की, जो सज़ा की सुझाई गई सीमा के निचले सिरे पर है। इससे अपराध की गंभीरता पर अदालत का रुख स्पष्ट होता है। हालांकि, सज़ा तय करने के सभी कारण समझने के लिए विस्तृत न्यायिक रिकॉर्ड महत्वपूर्ण होगा।

मामले का दूसरा महत्वपूर्ण पहलू विकास यादव पर लगे आरोप हैं। अमेरिकी न्याय विभाग ने उन्हें साज़िश के समय भारतीय सरकारी कर्मचारी बताया है। उनके खिलाफ भी अभियोग है, लेकिन उन आरोपों के संबंध में उन्हें गिरफ्तार नहीं किया गया है। हालांकि निखिल गुप्ता की दोषस्वीकृति और सज़ा को विकास यादव के खिलाफ अंतिम न्यायिक निर्णय नहीं माना जा सकता। दोनों की कानूनी स्थिति अलग है और विकास यादव से संबंधित आरोपों पर निर्णय होना बाकी है।
भारत में भी इस प्रकरण की जांच के लिए नवंबर 2023 में उच्चस्तरीय समिति बनाई गई थी। गृह मंत्रालय के अनुसार, समिति ने अमेरिकी पक्ष से मिली सूचनाओं की जांच की, संबंधित अधिकारियों से पूछताछ की और दस्तावेज़ों की समीक्षा की।
समिति ने व्यवस्थागत सुधारों, बेहतर नियंत्रण और समन्वित कार्रवाई की भी सिफारिश की थी। इससे स्पष्ट है कि जांच का दायरा व्यक्तिगत भूमिका के साथ प्रक्रियागत कमजोरियों तक भी गया। हालांकि, सिफारिश किए जाने और उस पर कार्रवाई पूरी होने में अंतर है। आगे जवाबदेही का महत्वपूर्ण प्रश्न यही रहेगा कि उन सिफारिशों पर क्या कदम उठे और संबंधित कानूनी प्रक्रिया कहां तक पहुंची।
गुरपतवंत सिंह पन्नू पंजाब को भारत से अलग कर खालिस्तान बनाने की मांग से जुड़े संगठन के वकील हैं। अमेरिकी न्याय विभाग उन्हें भारतीय मूल का अमेरिकी नागरिक और राजनीतिक कार्यकर्ता बताता है। उनके राजनीतिक विचारों पर असहमति तथा भारत की सुरक्षा संबंधी आपत्तियां अपनी जगह हैं पर अमेरिकी मामले का केंद्र उनकी हत्या कराने की आपराधिक साज़िश है।
निखिल गुप्ता ने कोर्ट में कहा कि उन्हे अपने किए पर पछतावा है तथा वह भारतीय स्वतंत्रता आंदोलन के नेता महात्मा गांधी द्वारा दिखाए गए अहिंसा के रास्ते से भटक गए थे। उन्होंने कहा कि वह गुरपतवंत सिंह पन्नू, सिख समुदाय तथा अपने परिवार से माफी मांगना चाहते है।
गुरपतवंत सिंह पन्नू ने कोर्ट में कहा कि वे अमेरिकी न्याय विभाग तथा सभी संबंधित एजेंसियों के शुक्रगुज़ार हैं। उन्होंने कहा कि वे एक अलग सिख राष्ट्र के लिए आवाज़ उठाते रहेंगे और यही उनकी ज़िंदगी का लक्ष्य है।
एक अन्य मामले में पन्नू द्वारा दाखिल की गई याचिका पर भारत के राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार अजित डोवाल और पूर्व RAW चीफ सामंत गोयल को अमरीका की एक अदालत ने भारत की अदालतों के माध्यम से समन जारी किया है, हालाँकि भारत ने इसे आधारहीन बताते हुए खारिज़ कर दिया है।
