विश्वगुरु बनने के बाद भी विदेश यात्रा सुगम क्यों नहीं? भारतीय पासपोर्ट 84वें स्थान पर खिसका
अक्टूबर 2026 के हेनले पासपोर्ट इंडेक्स में भारतीय पासपोर्ट 84वें स्थान पर फिसल गया है।
किसी देश का पासपोर्ट उसके नागरिकों के लिए दुनिया के दरवाजे कितनी आसानी से खोलता है, यह अंतरराष्ट्रीय आवाजाही का महत्वपूर्ण पैमाना है। भारतीय पासपोर्ट की रैंकिंग में उतार-चढ़ाव इसी वजह से चर्चा का विषय है। अक्टूबर 2026 के हेनले पासपोर्ट इंडेक्स में भारतीय पासपोर्ट 84वें स्थान पर फिसल गया है। भारत के साथ अल्जीरिया तथा मॉरिटानिया के पासपोर्ट भी इसी पायदान पर हैं। जनवरी 2026 में भारतीय पासपोर्ट इस रैंकिंग सूची में 80 वें पायदान पर था।
भारतीय पासपोर्ट धारकों के लिए जहां वीजा मुफ़्त ट्रैवल सुविधा पहले 57 देशों में थी, वह अब घटकर 55 देशों तक सीमित है। हाल ही मलेशिया ने भी भारतीय नागरिकों के लिए वीजा मुफ़्त सुविधा पर रोक लगाई है जो की नए साल में यानि कि 1 जनवरी 2027 से लागू होनी है। मलेशिया के अधिकारियों के अनुसार कई एजेंट भारतीय नागरिकों को रोजगार के प्रलोभन के तहत देश में लाते थे पर 30 दिन की अवधि समाप्त होने पर वे अमान्य हो जाते थे जिससे उन पर शोषण तथा गिरफ़्तारी का खतरा बना रहता था।
इस सूची में शीर्ष पायदान पर सिंगापुर है जिसके नागरिकों को 193 देशों की तरफ से वीजा मुफ़्त यात्रा का लाभ मिलता है यानि की वे यात्रा के पहले की जाने वाली कागजी कार्यवाही के लिए बाध्य नहीं है। इस अंतर को समझने की कुंजी रैंक और स्कोर में है। रैंक दूसरे पासपोर्टों के मुकाबले स्थिति बताती है, जबकि स्कोर बताता है कि कितने गंतव्यों तक निर्धारित सुविधा उपलब्ध है। यदि भारत का स्कोर समान रहे, लेकिन दूसरे देशों का बदले, तो भारत की रैंक बदल सकती है। इसलिए ऊँची रैंक हमेशा नए देशों में प्रवेश सुविधा मिलने का प्रमाण नहीं है। हालांकि यह इमिग्रेशन की दृष्टि से तो हर हाल में बेहतर है यात्रियों के लिए।
हेनले सूचकांक अंतरराष्ट्रीय वायु परिवहन संघ यानी आईएटीए के आँकड़ों और अपने शोध का इस्तेमाल करता है। यह सामान्य पासपोर्ट के आधार पर यात्रा पहुँच की तुलना करता है। इसकी गणना में बिना वीज़ा प्रवेश, आगमन पर वीज़ा और इलेक्ट्रॉनिक ट्रैवल ऑथराइजेशन जैसी सुविधाएँ शामिल हैं। लेकिन यात्रा से पहले मंजूरी वाला ई-वीज़ा उसी श्रेणी में नहीं गिना जाता। इसलिए सभी 55 गंतव्यों को पूरी तरह वीज़ा-मुक्त देश कहना भी सटीक नहीं है।

इलेक्ट्रॉनिक ट्रैवल ऑथराइजेशन और ई-वीज़ा का अंतर यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण है। दोनों प्रक्रियाएँ ऑनलाइन हो सकती हैं, लेकिन उनकी कानूनी और प्रशासनिक प्रकृति अलग होती है। साथ ही, बिना अग्रिम वीज़ा यात्रा की सुविधा का अर्थ प्रवेश की गारंटी या रोजगार की अनुमति नहीं है। पासपोर्ट की वैधता, यात्रा का उद्देश्य और संबंधित देश की अन्य शर्तें लागू रहती हैं। हेनली स्वयं अपने आँकड़ों को कानूनी प्रवेश गारंटी नहीं बताता।
भारतीय पासपोर्ट की सीमित पहुँच का सबसे प्रत्यक्ष असर यात्रा की तैयारी पर पड़ता है। जहाँ पहले से वीज़ा जरूरी है, वहाँ आवेदन, दस्तावेज़, शुल्क और मंजूरी के लिए अतिरिक्त समय लग सकता है। कारोबारी बैठक, सम्मेलन या पारिवारिक यात्रा अचानक तय होने पर यह अंतर अधिक महसूस होता है। आर्थिक रूप से सक्षम व्यक्ति भी प्रशासनिक बाधाओं से प्रभावित हो सकता है, जबकि सीमित संसाधनों वाले यात्री के लिए आवेदन की लागत अतिरिक्त बोझ बन सकती है।
इसके कारणों को केवल सरकार की कूटनीतिक सफलता या विफलता तक सीमित करना अधूरा होगा। हेनले के अनुसार, वीज़ा नीतियों में बदलाव कूटनीति, सुरक्षा और आव्रजन नियमों सहित कई कारकों से प्रभावित होते हैं। लेकिन उपलब्ध रैंकिंग अपने आप यह सिद्ध नहीं करती कि भारत की स्थिति में किसी विशेष बदलाव का कारण कौन-सा कारक था।
राजनीतिक बहस में अलग-अलग सूचकांकों को मिलाने से भी भ्रम पैदा होता है। कुछ सूचकांक केवल यात्रा पहुँच देखते हैं, जबकि दूसरे अतिरिक्त पहलुओं या अलग प्रवेश श्रेणियों को शामिल करते हैं। इसलिए एक संस्था की पुरानी रैंक और दूसरी की नई रैंक से गिरावट निकालना विश्वसनीय तुलना नहीं है। दुनिया में बदलते भू-राजनीतिक पैमाने जिनके तहत जंग के हालात बनते बिगड़ते नजर आते हैं तथा उसके अलावा सरकार की ओर से किए गए दावे कि भारत विश्वगुरु बनकर उभर रहा है, नागरिकों में यह आशा जगाते हैं कि वैश्विक यात्रा के दौरान उन्हें भी इन मापदंडों पर कुछ सुविधाएँ प्राप्त होंगी। यह सरकार की जिम्मेदारी है कि वे नागरिकों से इस संबंध में खुलकर तथ्य सामने रखें कि क्यों तमाम दावों के बावजूद भारतीय यात्रियों की यात्रा संबंधित सुविधाओं में सुधार नहीं हो पा रहा है।
आने वाले दिनों में भारत के लिए उपयोगी लक्ष्य अधिक देशों के साथ यात्रा सुगमता, सरल वीज़ा प्रक्रियाएँ और यात्रियों को स्पष्ट जानकारी उपलब्ध कराना हो सकता है। केवल रैंक सुधारने के बजाय यह देखना चाहिए कि नई सुविधा से कितने लोगों की वास्तविक जरूरत पूरी होती है। पर्यटन, व्यावसायिक यात्रा और परिवारों के संपर्क के लिए अलग-अलग व्यवस्थाएँ उपयोगी हो सकती हैं। एक ऐसा देश जिसकी आबादी डेढ़ सौ करोड़ के लगभग है तथा जिसकी अर्थव्यवस्था प्रगति की राह पर हो नके पासपोर्ट को किसी भी रैंकिंग में एक बेहतर स्थिति में होना चाहिए क्योंकि न तो भारत किसी जंग की दहलीज पर है और न ही हम आम पैमानों पर कमजोर राष्ट्र हैं हालांकि हम ग्लोबल साउथ का हिस्सा हैं।
भारतीय पासपोर्ट पर बहस का केंद्र नागरिकों की सुविधा होना चाहिए। सवाल यह है कि वे कितने देशों में कम खर्च, कम अनिश्चितता और सरल प्रक्रिया के साथ जा सकते हैं। यह रैंकिंग इस चर्चा की शुरुआत करती है कि नागरिकों के यात्रा अनुभव में ठोस सुधार ही उसकी सबसे महत्वपूर्ण कसौटी होगा।
