Article

CJP का नहीं, अब आम हिंदुस्तानियों का होता जा रहा है आंदोलन

TCN Desk TCN Desk | 23 Jul, 2026 · 2 min read
CJP का नहीं, अब आम हिंदुस्तानियों का होता जा रहा है आंदोलन

देशभर से प्रदर्शनकारी छात्रों के लिए लोग जंतर-मंतर पर स्विगी और जौमेटो से भेज रहे हैं खाना।

जंतर-मंतर पर चल रहा आंदोलन अब सिर्फ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का आंदोलन नहीं रहा। अब यह आंदोलन आम हिंदुस्तानियों का आंदोलन हो गया है। 20 जून के संसद मार्च में प्रदर्शनकारियों छात्रों पर पुलिसिया दमन के बाद जहां विपक्ष को एकजुट होने का मौका मिला वहीं देशभर के लोग जिनमें थोड़ी सी भी संवेदना बची है वो इस आंदोलन के साथ अपनी पक्षधरता दिखाना चाहते हैं। आंदोलन में समर्थन करने का का एक नया तरीका देखने को मिल रहा है। देश के अलग-अलग शहरों से लोग ऑनलाइन फूड डिलीवरी ऐप के जरिए प्रदर्शनकारियों के लिए खाना भेजने लगे हैं। पिछले कुछ दिनों से इस आंदोलन को कलाकारों का भी समर्थन मिलने लगा है।

सोशल मीडिया पर कई वीडियो वायरल हुए हैं, जिनमें स्विगी और जोमैटो के डिलीवरी पार्टनर जंतर-मंतर पर खाने के पैकेट पहुंचाते दिखाई दे रहे हैं। एक वीडियो में स्विगी का डिलीवरी पार्टनर बताता है कि यह ऑर्डर मुंबई में रहने वाले एक व्यक्ति ने प्रदर्शनकारियों के लिए भेजा है। वहीं, एक अन्य वीडियो में बिहार से आया एक युवक प्रदर्शन स्थल पर पीने का पानी पहुंचाता नजर आता है।


एक अन्य वायरल वीडियो में महाराष्ट्र के एक समर्थक की ओर से जोमैटो के जरिए खाना भेजे जाने का दावा किया गया है। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि दिल्ली, हैदराबाद, कोलकाता समेत कई शहरों से लोग लगातार उनके लिए भोजन भेज रहे हैं।


इन डिलीवरी में पिज्जा, बर्गर, बिरयानी, थाली और दूसरे कई तरह के खाने शामिल हैं। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि यह लोगों के समर्थन और एकजुटता का प्रतीक बन गया है।

सोशल मीडिया पर भी इस पहल की काफी चर्चा हो रही है। एक यूजर ने लिखा,

"भारत में अभी भी उम्मीद जिंदा है। उन अनजान लोगों को भगवान खुश रखे जो देश के युवाओं और छात्रों का साथ दे रहे हैं।"

एक अन्य यूजर ने लिखा,

"लोकतंत्र भले कमजोर हो गया हो, लेकिन इंसानियत अभी भी जिंदा है।"

वहीं एक तीसरे यूजर ने कहा,

"यह देखकर दिल खुश हो गया। अपनी पीढ़ी पर गर्व महसूस हो रहा है।"

लगातार बड़ी संख्या में खाना और जरूरी सामान पहुंचने के कारण स्वयंसेवकों को उसे संभालने और सभी में बांटने में दिक्कत होने लगी। इसके बाद CJP ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लोगों से फिलहाल खाना भेजना बंद करने की अपील की।


CJP ने अपनी पोस्ट में लिखा, प्रदर्शनकारियों के लिए खाना भेजने के लिए आप सभी का दिल से धन्यवाद। हमें जरूरत से ज्यादा भोजन मिल चुका है। फिलहाल कृपया और खाना न भेजें। जरूरत पड़ने पर हम फिर जानकारी देंगे।"