Politics

छोटे क्षेत्रीय दलों पर I.N.D.I.A का बड़ा राजनीतिक दाव,क्या बदलेगी उत्तर प्रदेश विधानसभा की तस्वीर?

TCN Desk TCN Desk | 22 Nov, 2026 · 4 min read
छोटे क्षेत्रीय दलों पर I.N.D.I.A का बड़ा राजनीतिक दाव,क्या बदलेगी उत्तर प्रदेश विधानसभा की तस्वीर?

इस कवायद का उद्देश्य क्षेत्रीय प्रभाव वाले छोटे दलों को साथ लेकर विपक्षी मतों का बिखराव रोकना है।

उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी अपने गठबंधन का सामाजिक और राजनीतिक आधार बढ़ाने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस के साथ सीटों के बँटवारे की बातचीत के बीच अपना दल (कमेरावादी) और महान दल से संभावित तालमेल की खबरें सामने आई हैं। इस कवायद का उद्देश्य क्षेत्रीय प्रभाव वाले छोटे दलों को साथ लेकर विपक्षी मतों का बिखराव रोकना है तथा इस पहल से वे अन्य पिछड़ा वर्ग(OBC) के मतों का कंसॉलिडेशन I.N.D.I.A गठबंधन के पक्ष में करना चाहेंगे।

Times of India


सपा से बातचीत की खबरें कृष्णा पटेल और पल्लवी पटेल से जुड़े अपना दल (कमेरावादी) को लेकर हैं। अनुप्रिया पटेल के नेतृत्व वाला अपना दल (सोनेलाल) अलग पार्टी है, जो भाजपा का सहयोगी रहा है। इनका प्रभाव कुर्मी समुदाय तथा पूर्वी उत्तर प्रदेश के इलाकों में माना जाता है।

कांग्रेस के साथ सीट वितरण तय होने के बाद सपा अपने हिस्से से इन छोटे सहयोगी दलों को सीटें दे सकती है। महान दल और अपना दल (कमेरावादी) को मिलाकर छह-सात सीटें देने की संभावना जताई जा रही है। दूसरी ओर, महान दल की नजर दस से बारह सीटों पर होने का उल्लेख है, जिनमें बिल्सी, सहसवान और दातागंज शामिल हैं। ये भी संभव है कि समाजवादी पार्टी उनसे आग्रह करे कि वे उन्हीं के चुनाव चिन्ह पर चुनाव लड़े।


अपना दल (कमेरावादी) की ओर से भी चुनावी तैयारी के संकेत मिले हैं। एबीपी न्यूज़ की एक नवंबर की रिपोर्ट में पार्टी के करीबी नेताओं के हवाले से सपा नेतृत्व के साथ लगातार बातचीत होने की बात कही गई थी। उसी रिपोर्ट में पल्लवी पटेल ने स्पष्ट किया था कि वे सिराथू से चुनाव लड़ेंगी। पार्टी वाराणसी की रोहनिया और अजगरा सीटों पर भी तैयारी कर रही है। रिपोर्ट के मुताबिक, संगठन लगभग 60 विधानसभा क्षेत्रों में अपनी गतिविधियाँ केंद्रित कर रहा है।

सपा और अपना दल (कमेरावादी) का संबंध पहले भी चुनावी सफलता और राजनीतिक मतभेद, दोनों से गुजरा है। पल्लवी पटेल ने 2022 में सपा के चुनाव चिह्न पर सिराथू से चुनाव लड़कर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को हराया था। यह जीत गठबंधन की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल थी। लेकिन 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले दोनों पार्टियों के राजनीतिक रिश्ते टूट गए। उस समय अखिलेश यादव ने कहा था कि अपना दल के साथ गठबंधन 2022 के विधानसभा चुनाव के लिए था, 2024 के लिए नहीं।

इसके बाद अपना दल (कमेरावादी) ने असदुद्दीन ओवैसी की एआईएमआईएम के साथ मिलकर पिछड़ा, दलित, मुसलमान यानी पीडीएम मोर्चा बनाया था। इसलिए वर्तमान बातचीत केवल सीटों के गठजोड़ को लेकर ही नहीं बल्कि पुराने राजनीतिक मतभेदों के बाद भरोसा बहाल करने की प्रक्रिया भी होगी। दोनों पक्षों को यह स्पष्ट करना होगा कि संभावित साझेदारी किन मुद्दों, चुनाव क्षेत्रों और पारस्परिक जिम्मेदारियों पर आधारित होगी।


केशव देव मौर्य के नेतृत्व वाला महान दल भी सपा का पुराना सहयोगी रहा है। उसके साथ संबंध बिगड़ने के बाद अब दोबारा संपर्क की खबरें हैं। द फ्री प्रेस जर्नल के अनुसार, सपा इन छोटे दलों को साथ लेकर अन्य पिछड़ा वर्ग के मतदाताओं तक अपनी पहुँच बढ़ाना चाहती है। महान दल पश्चिमी उत्तर प्रदेश तथा रोहिलखंड के मौर्य, शाक्य, कुशवाहा, सैनी और कंबोज समुदायों के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ रखता है और उनकी स्थानीय संगठनात्मक मौजूदगी कुछ सीटों पर उपयोगी साबित हो सकती है।

यह रणनीति सपा के पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक यानी पीडीए अभियान से जुड़ती दिखाई देती है। छोटे दलों के नेताओं को साथ लेने से अलग-अलग सामाजिक समूहों तक संवाद के रास्ते खुल सकते हैं। आगरा की दलित महापंचायत के दौरान भी अखिलेश यादव ने अपने ‘दमदार दलित’ वक्तव्य में इस बात का जिक्र किया था कि राज्य की सरकार कानून व्यवस्था तथा विकास के मोर्चे पर विफल साबित हो रही है और आने वाले चुनाव में जनता उन्हें सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी। भारतीय जनता पार्टी भी श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे को उठा कर तथा चुनाव आयोग से हिन्दू वोटर, मतदाता सूची से नाम काटे जाने, संबंधी सवाल करके अपने चिरपरिचित अंदाज में चुनाव के लिए तैयार नजर आ रही है।


इस दाव पेंच में सीटों का बँटवारा सबसे बड़ी व्यावहारिक चुनौती रहेगा। सपा को कांग्रेस की अपेक्षाओं, छोटे सहयोगियों की माँगों और अपने टिकट दावेदारों के बीच संतुलन बनाना होगा। अखिलेश यादव ने 21 नवंबर को कांग्रेस के साथ बातचीत जारी होने की पुष्टि करते हुए विधानसभा क्षेत्र में जीत की संभावना को सीट शेयरिंग का आधार बताया था। यही कसौटी छोटे सहयोगियों पर लागू होती है या नहीं, यह अंतिम सूची से स्पष्ट होगा।

संभावित समझौते की सफलता के लिए समय पर निर्णय, संयुक्त प्रचार और स्थानीय कार्यकर्ताओं की सहमति आवश्यक होगी क्योंकि केवल शीर्ष नेताओं की तस्वीर चुनावी एकजुटता सुनिश्चित नहीं कर सकती। फिलहाल अपना दल (कमेरावादी) और महान दल से बातचीत सपा की व्यापक तैयारी का संकेत है। इसे मजबूत चुनावी साझेदारी में बदलने की परीक्षा सीट समझौते और जमीन पर सहयोग के दौरान होगी।

Tags 2027 Uttar Pradesh Assembly ElectionApna Dal (Kamerawadi)I.N.D.I.A AllianceMahan DalOBC PoliticsPallavi PatelSamajwadi PartyUttar Pradesh